विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कन्नौज में हाईवोल्टेज ड्रामा, म्यूजिक सिस्टम रोकने पर भड़के कांवड़िया; कोतवाल के 'इस्तीफे' के ऐलान पर थमा बवाल

Updated: Sat, 22 Aug 2026 12:08 PM (IST)

कन्नौज में कांवड़ियों को म्यूजिक सिस्टम और ऊंचे झंडे ले जाने से रोकने पर पुलिस से झड़प हो गई, जिसमें एक कांवड़िया घायल हो गया। मामला शांत करने के लिए एडीएम ने माफी मांगी और सदर कोतवाल ने इस्तीफे की घोषणा की, जिसके बाद कांवड़ियों का गुस्सा शांत हुआ।

एडीएम ने कांवड़ियों से मांगी माफी।

एडीएम ने कांवड़ियों से मांगी माफी।

HighLights

  1. कन्नौज में कांवड़ियों और पुलिस के बीच हुई झड़प।

  2. म्यूजिक सिस्टम और ऊंचे झंडे रोकने पर भड़के कांवड़िए।

  3. एडीएम की माफी और कोतवाल के इस्तीफे से शांत हुआ मामला।

जागरण संवाददाता, कन्नौज। बोर्डिंग मैदान से गौरी शंकर मंदिर तक कांवड़ियों को म्यूजिक सिस्टम और ऊंचे झंडे ले जाने से मना किए जाने से माहौल बिगड़ गया। कांवड़ियों और पुलिस के बीच हुई हाथापाई में एक कांवड़िया घायल हो गया। इससे आक्रोशित कांवड़ियों ने हंगामा करते हुए सदर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह पर कार्रवाई की मांग की। एडीएम के माफी मांगने और सदर कोतवाल के इस्तीफे की घोषणा के बाद कांवड़ियों का आक्रोश शांत हुआ।

शुक्रवार को हरदोई के बिलग्राम कस्बा से महादेवी कांवड़ समिति की ओर से करीब 50 हजार कांवड़ियों का जत्था सिद्धपीठ बाबा गौरी शंकर मंदिर कांवड़ लेकर आया था। देर रात कांवड़ियों के जलाभिषेक करने का सिलसिला चलता रहा। रात करीब 11 बजे बोर्डिंग मैदान में सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने कांवड़ियों को म्यूजिक सिस्टम और ऊंचे झंडे गौरी शंकर मंदिर जाने तक रोक दिया।

इस कांवड़िया भड़क गए और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस बीच सिपाहियों और कांवड़ियों के बीच हुई हाथपाई में बिलग्राम निवासी कांवड़िया हिमांशु घायल हो गए। इससे कांवड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही एडीएम देवेंद्र कुमार और एएसपी अजय कुमार मौके पर पहुंचे। महादेव कांवड़ समिति के आयोजक गौरव तिवारी ने कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप के निलंबन की मांग की।

एडीएम और एएसपी ने कांवड़ियों से मंच से माफी भी मांगी, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने घोषणा करते हुए कहा कि ईश्वर साक्षी है कि किसी कांवड़िया से मारपीट नहीं हुई है। अगर उन्होंने गलत किया है, तो वह अपना इस्तीफा देते हैं। इसके बाद कांवड़ियों का आक्रोश शांत हुआ। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि किसी तरह कांवड़ियों से किसी ने अभद्रता नहीं की है। फिलहाल मामले को शांत करा दिया गया है।

यह भी पढ़ें- कन्नौज के स्कूल विवाद: छात्रों ने प्रधानाध्यापक की कार रोकी, गेट पर ताला लगाया