कन्नौज के स्कूल विवाद: छात्रों ने प्रधानाध्यापक की कार रोकी, गेट पर ताला लगाया
कन्नौज के पीएम श्री विद्यालय गुगरापुर में छात्रों ने प्रधानाध्यापक राकेंद्र सक्सेना के खिलाफ प्रदर्शन किया, उनकी कार रोककर स्कूल का गेट बंद कर दिया। भेदभाव और कुप्रबंधन के आरोपों के बाद, बीएसए संदीप कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली और जांच का आश्वासन दिया।

स्कूल के गेट पर ताला बंद कर प्रदर्शन करते बच्चे। जागरण
HighLights
छात्रों ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ प्रदर्शन किया, स्कूल गेट बंद किया।
प्रधानाध्यापक पर भेदभाव, कुप्रबंधन के गंभीर आरोप लगे।
अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया, शिकायतें सुनीं, जांच का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। पीएम श्री विद्यालय गुगरापुर में प्रधानाध्यापक राकेंद्र सक्सेना को लेकर गुरुवार को छात्र-छात्राओं के दो गुट आमने-सामने आ गए। विरोध कर रहे छात्रों ने प्रधानाध्यापक की कार को विद्यालय के मुख्य गेट पर रोक दिया और मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। प्रधानाध्यापक को अंदर नहीं जाने दिया गया।
प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी को मौके पर बुलाकर अपनी शिकायतें सुनाने की मांग करते रहे। पुलिस ने पहुंच कर जानकारी की। बाद में बीएसए संदीप कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति संभाली और शिक्षण कार्य शुरू कराया।
विरोध कर रहे छात्र-छात्राओं और कुछ अभिभावकों ने प्रधानाध्यापक पर बच्चों से भेदभाव, जातिगत टिप्पणियां करने, विद्यालय की परिसंपत्तियों का अवैध रूप से निस्तारण कराने, हरे पेड़ कटवाने, रसोइया नियुक्ति में हेरफेर और शिक्षण व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप लगाए। प्रदर्शन में मानवी, शिवांगी, सोनम, खुशी, शोभा, अल्का, प्रियंका, सावित्री, देवकी, अनुष्का, दुर्गा, दिबांती, रोहनी, प्रांशी, शिवानी, कुमकुम और प्राची समेत अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहीं।
आरोपों को साजिश बता प्रधानाध्यापक के समर्थन में भी उतरे छात्र
विद्यालय के कई छात्र प्रधानाध्यापक के समर्थन में भी सामने आ गए। लवकुश वर्मा, मयंक, लक्ष्मण, सूरज, गौरव, अनुज, प्रताप, अर्पित, अंकित, आशु, रितेश, मंदीप, अमित, पीयूष, गगन, अमन, रोशनी और अनूप आदि ने आरोपों को साजिश बताया। उनका कहना था कि प्रधानाध्यापक बच्चों को बेहतर शिक्षा और उचित माहौल देने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कुछ लोगों पर छात्रों को विरोध के लिए उकसाने का आरोप लगाया।
पुलिस ने खुलवाया गेट का ताला
हंगामे की सूचना पर डायल-112 की टीम विद्यालय पहुंची। इसके बाद नौरंगपुर चौकी प्रभारी श्यामपाल सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। छात्रों से बातचीत के बाद मुख्य गेट का ताला खुलवाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों से पूरे मामले की जानकारी ली।
बीएसए समेत अफसरों ने सुनी शिकायतें
विद्यालय पहुंचे अधिकारियों में बीएसए संदीप कुमार, बीईओ विश्वनाथ पाठक, बीईओ संजय कुमार, तहसीलदार अवनीश सिंह, नायब तहसीलदार राकेश कुशवाहा, डीसी रोहित तिवारी, डीसी एमडीएम आदिल नियाज, एआरपी कैलाश बाबू, एआरपी अभिषेक और कोतवाली प्रभारी अजय अवस्थी शामिल रहे। बीएसए ने छात्रों और अभिभावकों की शिकायतें सुनीं। उन्हें समझाकर शांत कराया और विद्यालय में शिक्षण कार्य सुचारू कराया। कुछ अभिभावकों ने प्रधानाध्यापक को हटाने की मांग को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
राज्य पुरस्कार के आवेदन के बाद बढ़ा विवाद
प्रधानाध्यापक राकेंद्र सक्सेना की ओर से राज्य पुरस्कार के लिए आवेदन किए जाने के बाद विरोध बढ़ने की बात सामने आई है। आवेदन की जानकारी के बाद छात्रों, अभिभावकों और विद्यालय के कुछ शिक्षकों की ओर से विरोध किए जाने की बात कही गई। विवाद बढ़ने के बाद उनका आवेदन निरस्त किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
जांच के बाद दोषी पर होगी कार्रवाई : बीएसए
बीएसए संदीप कुमार ने कहा कि पूरे प्रकरण की जानकारी ली गई है। मामले की जांच कराई जाएगी। विद्यालय को राजनीतिक अखाड़ा नहीं बनने दिया जाएगा। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
