कन्नौज में पुलिस की गाड़ी से टकराई तस्करों की कार; नेपाल से दिल्ली जा रहा 10 किलो सोना हुआ बरामद
कन्नौज में कांवड़ ड्यूटी से लौट रही पुलिस टीम की गाड़ी से एक होंडा सिटी कार टकरा गई। तलाशी में कार से 10 किलो सोने की ईंटें बरामद हुईं, जिसके बाद नेपाल और महराजगंज के तीन युवकों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस की गाड़ी से टकराई तस्करों की कार।
HighLights
पुलिस की गाड़ी से टकराई होंडा सिटी कार।
कार से 10 किलो सोने की ईंटें बरामद हुईं।
नेपाल से दिल्ली जा रही थी तस्करी की खेप।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। सोना लेकर नेपाल से दिल्ली जा रही ब्रेजा कार ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पुलिस टीम की सूमो कार में टक्कर मार दी। हादसे में थाना प्रभारी व पुलिस पुलिसकर्मी बच गए। हादसे के बाद तलाशी में ब्रेजा कार के अंदर झोले में लगभग 15.60 करोड़ रुपये का 10 किलो सोना बरामद हुआ है। पुलिस ने कार सवार नेपाल और महाराजगंज निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। जीएसटी व सेंट्रल एक्साइज (केंद्रीय उत्पाद शुल्क) टीम ने दोनों तस्करों से पूछताछ की है।
शुक्रवार को सकरावा थाना प्रभारी भागमल सिंह की बोर्डिंग मैदान में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था की ड्यूटी लगाई गई थी। रात करीब दो बजे वह हमराह सिपाही योगेंद्र कुमार, मोहन दिवाकर, महिला सिपाही रितु और लोकेंद्र सिंह के साथ सरकारी टाटा सूमो कार से लौट रहे थे। कार को चालक लोकेंद्र सिंह चला रहे थे। इस दौरान एक्सप्रेसवे पर निकवा गांव के सामने ब्रेजा कार ने पुलिस की सूमो में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद जब पुलिस टीम ने ब्रेजा कार की तलाशी ली, तो सीट के पास नेपाल की कोल्ड ड्रिंक रखी होने पर सवार युवकों को संदिग्ध समझ कर पूछताछ शुरू की। ठीक से जवाब नहीं देने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली तो झोले के अंदर 10 सोने की ईंट बरामद हुई हैं। एक ईंट का वजन एक किलो है। पुलिस ने कार सवार नेपाल के जिला पालपा के हूंगी निवासी सरोज पंत और महाराजगंज के बरी क्षेत्र के ठूठी निवासी संदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार को आरोपित सरोज पंत ने बताया कि नेपाल से सोने की खेप को गोरखपुर के रास्ते दिल्ली ले जा रहा था। सीओ सिटी शिल्पा वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच में और तथ्य सामने आएंगे।
