परिषदीय स्कूलों के रसोइयों को दीपावली से पहले मिलेगा गिफ्ट, खाते में आएगा बढ़ा हुआ मानदेय
कन्नौज में परिषदीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों के रसोइयों को दीपावली से पहले बढ़ा हुआ मानदेय मिलेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
रसोइयों को दीपावली से पहले मिलेगा बढ़ा मानदेय।
मानदेय में ₹1000 की वृद्धि को मिली मंजूरी।
₹1.5 करोड़ का बजट 3617 रसोइयों के लिए।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। दीपावली के पावन पर्व से पहले जिले के परिषदीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के लिए राहत भरी खबर है।
त्योहार की खुशियों को दोगुना करते हुए प्रशासन ने रसोइयों को बढ़ा हुआ मानदेय दीपावली से पूर्व ही खातों में भेजने की तैयारी पूरी कर ली है। इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयार की गई फाइल अंतिम स्वीकृति व अनुमोदन हेतु जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को भेज दी गई है।
पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना के तहत जिले के 1006 परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों, 259 उच्च प्राथमिक विद्यालयों, 194 कंपोजिट विद्यालयों, 39 अशासकीय सहायता प्राप्त उच्च प्राथमिक विद्यालयों, 13 सहायता प्राप्त मदरसों, चार दीनदयाल उपाध्याय राजकीय विद्यालयों, एक अनुदानित संस्कृत विद्यालय और 60 इंटर कॉलेजों में कुल मिलाकर 1576 शिक्षण संस्थान संचालित हैं।
इन सभी विद्यालयों में भोजन बनाने और व्यवस्था संभालने के लिए 3617 रसोइया अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पहले रसोइयों को प्रतिमाह दो हजार रुपये मानदेय दिया जाता था, लेकिन शासन ने इसमें एक हजार रुपये की बढ़ोतरी करने के निर्देश दिए थे। अब रसोइयों की विद्यालय में दर्ज उपस्थिति के आधार पर सितंबर माह का मानदेय तैयार कर संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है।
इस मानदेय भुगतान के लिए कुल 1.5 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास से प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही राशि सीधे रसोइयों के बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी। बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि दीपावली से पहले रसाइेयों को मानदेय मिल जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।