Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Kannauj Tirwa MLA Report Card: चमकी बिजली व्यवस्था, लेकिन शिक्षा और स्वास्थ्य के मोर्चे पर पिछड़े कैलाश राजपूत

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 08:43 PM (IST)

    कन्नौज के तिर्वा विधायक और ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश राजपूत का रिपोर्ट कार्ड मिला-जुला रहा, जिसमें कई विकास कार्य हुए पर स्वास्थ्य व सड़क जैसे बुनियादी ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    जागरण संवाददाता, कन्नौज। वर्ष 2017 और 2022 में लगातार जीत दर्ज करने वाले भाजपा विधायक कैलाश राजपूत को प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 के मंत्रिमंडल विस्तार में ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा राज्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी। बतौर विधायक और मंत्री, वर्ष 2022 से जुलाई 2026 तक के उनके कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड मिला-जुला रहा है। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र को रोशन करने में पूरी ताकत झोंकी, लेकिन सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे बुनियादी मोर्चों पर विकास की रफ्तार धीमी रही।

    कैलाश राजपूत ने अपने इस कार्यकाल में कुल 290 कार्यों को स्वीकृति दी, जिनमें से 253 कार्य पूर्ण कराए जा चुके हैं। उन्होंने विधायक निधि का सबसे बड़ा हिस्सा विधानसभा क्षेत्र को चमकाने में लगाया और करीब 270 स्थानों पर हाईमास्ट लाइटें स्थापित कीं। वित्तीय वर्ष 2023-24 में उनके द्वारा कुल 128 कार्यों पर 7.14 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया गया। इस दौरान तिर्वाखास में बंबा पुलिया निर्माण के साथ-साथ आदर्श जनता इंटर कालेज, गोकुल हायर सेकेंडरी, प्रखर एकेडमी और सीएलएसडी विद्या मंदिर सौरिख के भवन निर्माण के लिए लाखों का बजट जारी किया गया।

    इसके बाद वर्ष 2024-25 में 3.1 करोड़ की धनराशि से 53 कार्य कराए गए, जिसमें 100 सोलर लाइटें और 51 हाईमास्ट लाइटें लगाई गईं। सामाजिक सरोकारों के तहत उन्होंने विभिन्न वर्षों में सात गंभीर मरीजों के इलाज के लिए करीब आठ लाख रुपये की आर्थिक मदद भी प्रदान की।

    सराहनीय प्रयासों के बावजूद चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों की बेहतरी के मामले में यह क्षेत्र पिछड़ गया। राहगीरों के लिए प्रतीक्षालय, सरकारी अस्पतालों और परिषदीय स्कूलों के कायाकल्प पर कोई ठोस काम नहीं हो सका। वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 108 कार्यों में से महज 72 ही पूरे हो सके हैं। उमर्दा ब्लाक के पुरईपुर्वा और हसेरन ब्लाक के नथापुर्वा गांव में 35 लाख की लागत से स्वीकृत दो बरातघर आज भी अधूरे हैं।

    खबरें और भी

    यही हाल इंदरगढ़ तिराहे पर वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी पार्क और सौरिख में गौतम बुद्ध प्रतिमा के पुनरोद्धार कार्य का है, जो बजट जारी होने के बाद भी पूर्ण नहीं हो सका। सबसे बड़ी निराशा स्वास्थ्य क्षेत्र में रही, जहां राजकीय मेडिकल कालेज में बंद पड़े 220 बेड के कैंसर अस्पताल और 124 बेड के कार्डियोलाजी अस्पताल को शुरू कराने का वादा अधूरा रहा। हालांकि मंत्री के प्रयासों से डाक्टरों व कर्मचारियों के पद सृजन के प्रस्ताव को मंजूरी तो मिली, लेकिन अंतिम शासनादेश जारी न होने से भर्तियां अटक गईं और मरीजों का इलाज शुरू नहीं हो सका।


    क्षेत्र में जनहित के कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं। मरीजों के इलाज से लेकर स्कूलों को बेहतर बनाने और सड़कों के चौड़ीकरण पर बड़े पैमाने पर काम हुआ है। गांव की गलियों को रोशन करने के लिए रिकार्ड हाईमास्ट लाइटें लगवाई गई हैं। क्षेत्र को बिजली किल्लत से स्थायी मुक्ति दिलाने के लिए 220 केवी क्षमता का बिजलीघर अगस्त 2026 तक शुरू कर दिया जाएगा। कैंसर व कार्डियोलाजी अस्पताल के लिए पद सृजन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिसे जल्द मंजूरी मिलेगी। जल निकासी के लिए नगर में नाले बनवाए जा चुके हैं और जल्द ही पानी को नगर से बाहर निकालने का काम भी शुरू होगा।
    - कैलाश राजपूत, राज्यमंत्री, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा

    शत-प्रतिशत रही उपस्थिति, 49 मुद्दे उठाए

    कैलाश राजपूत की विधानसभा में शत-प्रतिशत उपस्थिति रही। सदन में उन्होंने 49 मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि जनता को सरकार की योजना से लाभान्वित कराने से लेकर खुद की पहल से भी लोगों को लाभ दिलाने का प्रयास रहता है।

    विधानसभा- तिर्वा

    • कुल मतदाता- 3,23,589
    • महिला- 1,43,780
    • पुरुष- 1,79,713
    • थर्ड जेंडर- 16

    कैलाश राजपूत ने विधायक रहते हुए क्षेत्र में कोई कार्य नहीं किया। अब वे राज्यमंत्री बन चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जनता के लिए कोई विशेष कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। विकास सिर्फ कागजों तक समेट दिया गया है और भाजपा नेताओं की जमीनी सक्रियता खत्म हो चुकी है। क्षेत्र में जमीनी स्तर पर कोई विकास नहीं हुआ, बल्कि नेताओं ने अपनी जमीनों का विकास किया है। सपा सरकार के समय स्वीकृत जनहित के प्रोजेक्ट्स को भी वर्तमान सरकार चालू नहीं करा सकी है और बड़े-बड़े दावे कर रही है। राजकीय मेडिकल कालेज में कैंसर और कार्डियोलाजी विभाग आज भी बंद पड़े हैं।
    - अनिल पाल, रनर अप प्रत्याशी 2022


    स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए काम हुआ और बिजली व्यवस्था को भी बेहतर बनाने के लिए लगातार काम हो रहा है। हाईमास्ट लाइटों से गांव की गलियां भी जगमग हुईं। पेयजल के लिए गांव-गांव में पानी की टंकियां भी बनाई गई हैं।
    - सतीश राजपूत, अधिवक्ता

    राजकीय मेडिकल कालेज में कैंसर और कार्डियोलाजी अस्पताल को शुरू कराने का वादा चुनाव में कई बार मंच से किया गया, लेकिन अभी तक कोई कार्य नहीं हुआ। इलाज शुरू नहीं होने से मरीजों की जान जा रही है।
    - दिलीप अवस्थी, व्यापारी

    हर वर्ष विधानसभा क्षेत्र में कैंसर के 15 से अधिक मरीजों की मौत हो जाती है और सर्दी की शुरुआत होते ही हृदय रोगियों की समस्या बढ़ने लगती है। हार्ट अटैक से हर वर्ष 20 से अधिक लोगों की जान चली जाती है।
    - कैलाश सैनी, समाजसेवी

    शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा बेहतर होगी, तभी देश और समाज विकसित बन सकेगा। नगर में जल निकासी सबसे बड़ी समस्या है। इसके लिए तालाबों के पानी को ईशन नदी तक ले जाने के लिए नालों का निर्माण कराया जाए।
    - रोहित यादव, शिक्षक