Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कन्नौज में मेहंदी घाट पुल पर बड़ा हादसा; हरदोई से औरैया जा रहा ट्रक रैलिंग तोड़कर 40 फीट नीचे गंगा में गिरा, क्लीनर लापता

    Updated: Sun, 12 Jul 2026 04:53 PM (IST)

    हरदोई से औरैया जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर कन्नौज में पुल की रेलिंग तोड़ गंगा नदी में गिर गया। हादसे में तीन लोगों को नाविकों ने बचा लिया जबकि गंगा के ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. धड़ाम की आवाज सुन पहुंचे नाविकों ने चालक और व्यापारी को बचाया

    2. क्लीनर की खोजबीन में एसडीआरएफ और जल पीएसी गंगा नदी में जुटी

    जागरण संवाददाता, कन्नौज। मैदा लदा ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए गंगा नदी में गिरकर डूब गया। घाट पर मौजूद नाविकों ने नाव से डूब रहे ट्रक चालक और मैदा व्यापारी को बचा लिया। वहीं क्लीनर तेज धारा में बह गया। जिसे एसडीआरएफ और जल पीएसी खोजने में जुटी है। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त पुल से 30 किलोमीटर की रफ्तार से गुजरने की अनुमति दी गई है। हादसा चालक को झपकी आने से तड़के चार बजे हुआ है।


    औरैया के थाना बेला के सहार निवासी संगीत उर्फ संजीव कुमार थोक में फ्लोर मिल से खरीदकर दुकानदारों को बिक्री करते हैं। शनिवार को ट्रक पर 22 टन मैदा लादकर वह हरदोई से औरैया के लिए निकले थे। ट्रक हरदोई के थाना बिलग्राम के गांव गुरौली निवासी श्रवण कुमार अपने 26 वर्षीय पड़ोसी क्लीनर विनीत कुमार द्विवेदी पुत्र शिवकांत के साथ निकले थे। रविवार सुबह करीब चार बजे हरदोई-कन्नौज मार्ग पर सदर कोतवाली के मेहंदी घाट पुल के बीच पर पहुंचते ही चालक श्रवण कुमार को झपकी आ गई।

    इससे 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार में फुटपाथ और रेलिंग तोड़ते हुए ट्रक 40 फीट नीचे गंगा की तेज धारा में गिर गया। इससे तीनों लोग गंगा में डूबने लगे। रेलिंग से ट्रक की टक्कर लगने की आवाज सुनते ही घाट पर मौजूद नाविक नाव लेकर पहुंच गए। इस दौरान चालक श्रवण और संगीत को नाविकों ने बाहर निकाल कर बचा लिया। जबकि क्लीनर विनीत कुमार तेज धारा में बह गया।

    हादसे में श्रवण कुमार के सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं संगीत कुमार का एक हाथ टूट गया। इससे दोनों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गंगा में पानी में अधिक होने के कारण ट्रक पूरी तरह डूब गया। सुबह सात बजे पहुंची एसडीआरएफ और जल पीएसी के जवानों ने गंगा में गिरे ट्रक के केबिन में विनीत की खोज की, लेकिन वह नहीं मिले हैं। इससे 20 किलोमीटर तक अरौल घाट तक खोजबीन की।

    खबरें और भी

    एसपी विनोद कुमार, एएसपी और सेतु निर्माण विभाग के अधिकारियों ने पहुंच कर हादसे की जानकारी की। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि लापता विनीत की तलाश में पानी में उतर कर टीम तलहटी तक खोजबीन कर रही है।

    पुल सुरक्षित, ट्रक का पानी से निकालना मुश्किल

    हादसे में पुल की रेलिंग और फुटपाथ करीब पांच मीटर तक टूट गया है। ट्रक में लदी बोरियां बह गई हैं। पानी अधिक होने के कारण डूबा ट्रक पुल से दिखाई नहीं दे रहा है। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री का कहना है कि सेतु निर्माण विभाग और एनएचआइ के इंजीनियरों ने निरीक्षण कर पुल को सुरक्षित होने की बात कही है। पुल का फुटपाथ अलग से बनाया जाता है। सोमवार से रेलिंग और फुटपाथ बनाने का काम शुरू कराया जाएगा। सावन के पहले सोमवार तक निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। वहीं एएसपी अजय कुमार कहना है कि ट्रक को फिलहाल अभी बाहर निकलना मुश्किल है। पुल से क्रेन की मदद से ट्रक को बाहर निकालने से पुल क्षतिग्रस्त होने का खतरा है। इससे पानी कम होने के बाद नीचे से ही ट्रक निकाला जा सकता है।