नई दिल्ली से कानपुर आ रही गोरखधाम एक्सप्रेस में गूंजी किलकारी, महिला यात्रियों ने चादर लगाकर करवाई डिलीवरी
नई दिल्ली से कानपुर आ रही गोरखधाम एक्सप्रेस में एक महिला ने सफर के दौरान बच्चे को जन्म दिया। कानपुर सेंट्रल पर आरपीएफ और मेडिकल टीम की तत्परता से मां ...और पढ़ें

गोरखधाम एक्सप्रेस में जन्मे बच्चे के साथ आरपीएफ सिपाही। आरपीएफ
HighLights
महिला ने गोरखधाम एक्सप्रेस में सफर के दौरान बच्चे को जन्म दिया
सह-यात्री महिलाओं ने चादर लगाकर डिलीवरी में महत्वपूर्ण मदद की
कानपुर सेंट्रल पर आरपीएफ और मेडिकल टीम ने सहायता प्रदान की
जागरण संवाददाता, कानपुर। नई दिल्ली से कानपुर आ रही गोरखधाम एक्सप्रेस में किलकारी गूंजी। एक महिला यात्री ने सफर के दौरान बच्चे को जन्म दिया। प्रसव पीड़ा बढ़ने पर महिला यात्रियों ने आगे बढ़कर मदद की। चादर की आड़ बनाकर डिलीवरी कराई गई और ट्रेन में बच्चे की किलकारी गूंज उठी।
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मुस्तैदी और मेडिकल टीम की तत्परता से गर्भवती महिला ने बेटे को जन्म दिया। ट्रेन में ही उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई थी। महिला और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
ट्रेन नंबर 12556 गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस से नई दिल्ली से एस वन कोच में कानपुर आ रही महिला करीना को सेंट्रल स्टेशन पहुंचने से पूर्व प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। जानकारी पर एएसआइ राजीव गौड़ ने मेरी सहेली ड्यूटी में तैनात महिला कांस्टेबल विनीता एवं महिला कांस्टेबल अंजना पटेल को सूचना देकर मदद को कहा।
प्लेटफार्म नंबर नौ पर मधुराज हास्पिटल के डा. रितेश मेडिकल टीम सहित वहां पहुंच गए। पता चला कि महिला ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचने से पहले ही एक बेटे को जन्म दे दिया। प्रसव के उपरांत नवजात को मधुराज हास्पिटल लाया गया। साथ ही प्रसूता की जांच की गई। दोनों को स्वस्थ पाए जाने के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए उर्सुला अस्पताल रेफर कर दिया गया। करीना के पति फिरोज ने टीम का आभार जताया।
खबरें और भी
ट्रेन में प्रसव पीड़ा होने पर यहां करें संपर्क
उत्तर रेलवे प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन में प्रसव पीड़ा होने पर रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर काल कर सकते हैं। इसके अलावा ट्रेन में मौजूद टीटीई, कोच अटेंडेंट या गार्ड से भी कर सकते हैं। चलती ट्रेन में रेल मदद एप के जरिये मदद मांगी जा सकती है, जिससे जियो टैगिंग के आधार पर अगले स्टेशन पर चिकित्सकीय सहायता के साथ ही एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध करा दी जाती है।