Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी BJP की नई टीम में रामकिशोर साहू को मिली कानपुर-बुंदेलखंड की कमान, प्रकाश पाल बने पिछड़ा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष

    Updated: Thu, 25 Jun 2026 03:07 PM (IST)

    भाजपा ने प्रदेश, क्षेत्रीय और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों की नई टीम घोषित की है। इसमें रामकिशोर साहू को कानपुर-बुंदेलखंड का क्षेत्रीय अध्यक्ष और प ...और पढ़ें

    भाजपा नेता प्रकाश पाल और रामकिशोर साहू

    भाजपा नेता प्रकाश पाल और रामकिशोर साहू

    HighLights

    1. रामकिशोर साहू कानपुर-बुंदेलखंड के नए क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त।

    2. प्रकाश पाल को भाजपा पिछड़ा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया।

    3. नई नियुक्तियां 2027 विधानसभा चुनावों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

    जागरण संवाददाता, कानपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश, क्षेत्रीय और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों की नई टीम की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा गुरुवार को जारी सूची में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की कमान रामकिशोर साहू को सौंपी है। वहीं, अब तक क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे प्रकाश पाल को भाजपा पिछड़ा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

    झांसी मूल के निवासी रामकिशोर साहू लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। उन्होंने संघ के प्रचारक के रूप में वर्षों तक संगठन विस्तार का कार्य किया और बाद में भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई। वह लगातार दो कार्यकाल तक कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रके क्षेत्रीय महामंत्री रहे। संगठन के भीतर उनकी पहचान शांत, अनुशासित और जमीनी कार्यकर्ता के रूप में रही है।

    लोकसभा चुनाव 2024 में पार्टी ने उन्हें बांदा जनपद का प्रभारी बनाया था। चुनावी प्रबंधन और संगठनात्मक समन्वय में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने अब उन्हें क्षेत्रीय अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप दी है। माना जा रहा है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को देखते हुए संगठन ने अनुभवी और संघ पृष्ठभूमि वाले चेहरे पर भरोसा जताया है।

    प्रकाश पाल को मिली बड़ी जिम्मेदारी

    दूसरी ओर, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे प्रकाश पाल को भाजपा पिछड़ा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। संगठन में पिछड़े वर्ग के बीच उनकी सक्रियता और लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी दी गई है। उनके प्रदेश स्तर पर जाने के बाद क्षेत्रीय संगठन की कमान रामकिशोर साहू को सौंपकर भाजपा ने नेतृत्व परिवर्तन के साथ संगठनात्मक संतुलन साधने का प्रयास किया है।

    खबरें और भी

    प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा घोषित नई टीम को आगामी विधानसभा चुनावों की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करना तथा सभी वर्गों के बीच जनसंपर्क अभियान को गति देना है। नई नियुक्तियों से कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में भाजपा संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

    यह भी पढ़ें- यूपी बीजेपी संगठन की नई लिस्ट जारी, सूची में 19 उपाध्यक्ष और 8 महामंत्री शामिल