आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर मिला युवक का शव, माथे पर थी चोट
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर कन्नौज के 38 वर्षीय असलम का शव बैठा हुआ मिला। उनके माथे पर चोट और पास में बाइक व टूटा मोबाइल था। ...और पढ़ें

HighLights
एक्सप्रेसवे सर्विस रोड पर मिला कन्नौज के युवक का शव।
माथे पर चोट के निशान, पास में बाइक और मोबाइल।
पुलिस ने मार्ग दुर्घटना की आशंका जताई, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, बिल्हौर (कानपुर)। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड पर खड़ैचा गांव के पास गुरुवार सुबह कन्नौज के युवक का शव बैठे अवस्था में मिला। पास में बाइक और मोबाइल पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मार्ग दुर्घटना में युवक की मौत होने की आशंका जाहिर की।
गुरुवार सुबह अरौल मकनपुर के खड़ैंचा गांव के पास आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के सर्विस रोड पर सड़क किनारे युवक को बैठे अवस्था में मृत देख लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। मृतक के माथे पर गहरी चोट के निशान और पास में बाइक खड़ी थी वहीं मोबाइल टूटा पड़ा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
माथे पर चोट के निशान देख ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जाहिर की। इस दौरान एक राहगीर ने युवक की पहचान कन्नौज के ठठिया क्षेत्र के भुन्ना गांव निवासी 38 वर्षीय असलम पुत्र हामिद अली के रूप में करके स्वजन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे स्वजन युवक की मौत से बेहाल हो गए।
बहनोई शाकिर अली ने बताया कि असलम खेती बाड़ी करते थे। परिवार में पत्नी रूबी, बेटा अयान और दो बेटियां सना और शिफा हैं। चार माह पूर्व असलम मार्ग दुर्घटना में घायल हो गए थे और बुधवार दोपहर वह अपनी दवा लेने कानपुर गए थे।
खबरें और भी
देर रात तक वापस न लौटने पर स्वजन आसपास व रिश्तेदारी में खोजबीन कर रहे थे। इस दौरान फोन पर उनकी मौत होने की सूचना मिली। इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि मृतक के माथे पर चोट और शरीर पर रगड़ के निशान मिले हैं। बाइक और सड़क पर भी रगड़ के निशान मिले हैं।
प्रतीत हो रहा है कि टक्कर मारने के बाद किसी वाहन सवार ने उन्हें घायल अवस्था में सड़क के किनारे बैठा दिया और किनारे बाइक खड़ी कर दी इस दौरान घायल की मौत हो गई। टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।