उपभोक्ता आयोग का बड़ा फैसला, एयरबैग न खुलने से कार हादसे में बेटे की गई जान, पिता ने ठोंका केस, अब देना होगा 6.36 लाख
कानपुर उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने सीट बेल्ट लगाने पर भी एयरबैग न खुलने से हुई दुर्घटना में मौत पर ...और पढ़ें

यह एक प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
सीट बेल्ट लगाने पर भी एयरबैग न खुलने से हुई मौत
उपभोक्ता आयोग ने कार कंपनी को हर्जाना देने का आदेश दिया
मृतक के परिवार को 6.36 लाख रुपये और 2 लाख क्षतिपूर्ति मिलेगी
जागरण संवाददाता, कानपुर। सीट बेल्ट लगाने पर भी एयरबैग न खुलने से दुर्घटना में मौत पर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने फैसला सुनाया है। वादी ने सीट बेल्ट न खुलने पर खरीद के समय कार के बारे में सुरक्षा बंदोबस्त की जानकारी को असत्य बताते हुए कार की कीमत वापस कराने और क्षतिपूर्ति की मांग की थी।
आयोग ने कार का बीमित घोषित मूल्य 6,36,794 रुपये देने का आदेश दिया है। मुकदमा दाखिल करने की तारीख से भुगतान तक आठ प्रतिशत ब्याज देना होगा। शारीरिक, मानसिक, आर्थिक क्षति के लिए दो लाख रुपये और 20 हजार वाद व्यय भी देने के लिए कहा है।
रतनपुर कालोनी पनकी निवासी रूप नारायण वर्मा ने 16 मई 2024 को उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में आरएनजी आटो मोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड सिविल लाइन्स के खिलाफ वाद दाखिल किया था। कहा था कि उन्होंने आचार्य नगर भन्नानापुरवा स्थित कंपनी के शो रूम से घरेलू उपयोग के लिए 8,06,085 रुपये में कार खरीदी थी।
15 जनवरी 2023 को उनका बेटा राज वर्मा अपने तीन मित्रों शुभम, अर्पित, प्रदीप को लेकर ड्राइवर के साथ अयोध्या जा रहा था। तभी रोहानी थाना क्षेत्र में सामने से नील गाय आने से कार डिवाइडर से टकराते हुए सड़क पर पलट गई। इससे ड्राइवर के साथ वाली सीट पर बैठे शुभम के सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई।
शुभम के पिता ने कार दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। यदि दुर्घटना के समय कार में लगा एयर बैग खुल जाता तो शुभम की मौत नहीं होती। कार के सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर भ्रामक जानकारी दी गई। उसे दोषयुक्त कार बिक्री की गई। इसलिए उसका मूल्य लौटाया जाए और क्षतिपूर्ति भी दिलाई जाए।
कई बार नोटिस देने और तामीला कराने पर भी कंपनी ने आयोग में अपना पक्ष नहीं रखा। इसलिए आयोग ने एक पक्षीय सुनवाई की। आयोग अध्यक्ष विनोद कुमार और सदस्य वन्दना सिंह ने वादी के पक्ष में फैसला सुनाया।
यह भी पढ़ें- Kanpur Dehat Murder: पिता ने सोते समय बेटे को बेरहमी से मार डाला, बचाने में मां हुई घायल
