कानपुर में आवारा आतंक, बीए की छात्रा पर कुत्तों ने झुंड में किया हमला, कई जगह काटा
कल्याणपुर, कानपुर में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक बीए छात्रा पर हमला कर उसे घायल कर दिया। छात्रा के पिता ने कुत्तों को खाना खिलाने वाली महिला के खिलाफ ...और पढ़ें

HighLights
कल्याणपुर में बीए छात्रा पर आवारा कुत्तों का हमला।
कुत्तों को खाना खिलाने वाली महिला से विवाद बढ़ा।
पुलिस में शिकायत दर्ज, मामले की जांच जारी।
संवाद सहयोगी,जागरण, कल्याणपुर(कानपुर)। कल्याणपुर में आवारा कुत्तों के हमले से बीए यात्रा घायल हो गई।राहगीरों ने कुत्तों को भगा कर छात्रा को बचाया।कुत्तों को खाना खिलाने वाली महिला से शिकायत की बाद विवाद बढ़ गया।स्वजन ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
आवास विकास एक निवासी जय श्रीवास्तव एक निजी कंपनी में कार्यरत है। जय श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी बेटी तन्नू बीए की छात्रा है।मंगलवार देर रात वह मौसेरी बहन के साथ वापस घर आ रही थी तभी पड़ोस में रहने वाली फराह खान के घर के बाहर 10 से 12 कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर कई जगह नोच लिया।
घायल होकर तन्नू वही गिर गई। मौसेरी बहन ने उसको बचाने का प्रयास किया तो कुत्ते उस पर भी झपट पड़े। उसकी चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग दौड़े और लाठी डंडों से कुत्तों को भगाया और तन्नू को इलाज के लिए सीएचसी ले गए। इलाके में कुत्तों के आतंक से दहशत का माहौल बना हुआ है।
जय श्रीवास्तव का आरोप है कि फराह खान कुत्तों को खाना खिलाती है जिसकी वजह से उसके घर के पास कुत्तों का जमावड़ा रहता है। कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई है। जय का आरोप है कि जब उन्होंने फराह खान से इसकी शिकायत की तो वह लड़ने पर उतारू हो गई। उन्होंने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।