कानपुर में PNG लीकेज से मची अफरा-तफरी: 2 घंटे तक धधकती रही आग, दमकल और पीएनजी टीम की देरी पर भड़के लोग
कानपुर के कल्याणपुर में पीएनजी गैस पाइपलाइन में लीकेज से एक घर के बाहर आग लग गई, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हुई और 6 किलोमीटर क्षेत्र की गैस सप्लाई बंद ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह पीएनजी गैस पाइपलाइन में लीकेज होने से एक घर के बाहर आग लग गई, जिसने देखते ही देखते आसपास के इलाके में दहशत फैला दी। आग की लपटों ने पास के दूसरे घर के बाहर लगे बिजली के तारों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बिजली आपूर्ति तत्काल बंद करानी पड़ी। फायर ब्रिगेड और पीएनजी के कर्मचारियेां के देरी से पहुंचने के चलते पुलिसकर्मियों ने इलाकाई लोगों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
आवास विकास-एक कैलाश विहार निवासी सेवानिवृत्त बैंककर्मी रामचंद्र शर्मा ने बताया कि वह सुबह करीब आठ बजे टहलकर लौटे तो पीएनजी गैस पाइपलाइन से आग की लपटें उठती दिखीं। उन्होंने तुरंत पीएनजी के टोल-फ्री नंबर पर काल किया, लेकिन काफी देर तक संपर्क नहीं हो सका। बाद में काल उठने के बावजूद मौके पर टीम को पहुंचने में करीब एक घंटा लग गया।
हालात गंभीर होते देख उन्होंने यूपी-112 पर सूचना दी, जिसके बाद कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन गैस रिसाव जारी रहने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था।
फायर ब्रिगेड को सूचना दिए जाने के बावजूद करीब डेढ़ घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। तब तक आग फैलकर बिजली तारों को नुकसान पहुंचा चुकी थी। आग बुझाने में असफल रहने पर बैक-हो-लोडर मशीन बुलाकर जलती जगह पर गीली मिट्टी डलवाई गई, जिससे आग की तीव्रता कम हुई। कुछ समय बाद पीएनजी कंपनी के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और एहतियातन करीब छह किलोमीटर क्षेत्र की गैस सप्लाई बंद कर दी गई। इसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
खबरें और भी
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस तो समय पर पहुंच गई, लेकिन फायर ब्रिगेड और पीएनजी टीम की देरी से स्थिति और गंभीर हो गई। वहीं फायर विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि एक गाड़ी रास्ते में खराब हो जाने के कारण दूसरी गाड़ी को बुलाना पड़ा, जिससे देरी हुई।