Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Kanpur News: बाबूपुरवा में खुले जर्मन शेफर्ड ने पांचवीं के छात्र को काटा, हले भी कई लोगों पर कर चुका है हमला

    Updated: Sat, 01 Aug 2026 11:04 PM (IST)

    कानपुर के बाबूपुरवा में एक पालतू जर्मन शेफर्ड ने पांचवीं कक्षा के छात्र संस्कार पर हमला कर उसे घायल कर दिया। यह कुत्ता पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुक ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. बाबूपुरवा में पालतू जर्मन शेफर्ड ने छात्र को काटा

    2. कुत्ता पहले भी कई लोगों पर कर चुका है हमला

    3. नगर निगम ने मालिक पर कार्रवाई की बात कही

    जागरण संवाददाता, कानपुर। खूंखार कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे हमलों के बावजूद जिम्मेदार विभाग हाथ पर हाथ धर करके बैठे हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बाबूपुरवा में शुक्रवार शाम एक पालतू जर्मन शेफर्ड ने पांचवीं के छात्र पर हमला कर उसे घायल कर दिया। परिवार वालों और मुहल्ले के लोगों ने लाठी-डंडे लेकर कुत्ते को भगाया, तब जाकर छात्र की जान बच सकी।

    बाबूपुरवा निवासी सराफ बृजेश सिंह के परिवार में पत्नी मालविका सिंह और 11 वर्षीय पुत्र संस्कार हैं। संस्कार बाबूपुरवा स्थित सिटी एजुकेशन सेंटर में कक्षा पांच का छात्र है। मामा अनुराग शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे संस्कार कोचिंग से पढ़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सुशील तिवारी के घर में पले जर्मन शेफर्ड ने उस पर एकाएक हमला कर दिया।

    संस्कार ने खुद को बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन कुत्ते ने उसकी जांघ में काट लिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर स्वजन और आसपास के लोग दौड़े और फिर लाठी-डंडे लेकर कुत्ते को खदेड़ा। इसके बाद घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

    वहीं, छात्र के स्वजन का आरोप है कि पड़ोसी अपने पालतू जर्मन शेफर्ड को अक्सर बिना पट्टे और बिना निगरानी के खुला छोड़ देते हैं। इससे वह पहले भी इलाके के कई लोगों पर हमला कर चुका है।


    पालतु कुत्तों के काटने पर पूरी जिम्मेदारी मालिक की होती है। बाबूपुरवा में पालतु जर्मन शेफर्ड के छात्र के काटने की घटना की जानकारी हुई है। टीम भेजकर जांच करवाई जाएगी। अगर, रजिस्ट्रेशन नहीं होगा तो कुत्ते को जब्त करने के साथ ही मालिक से जुर्माना भी वसूल किया जाएगा।
    - डा.आरके निरंजन, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी, नगर निगम


    घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। हालांकि छात्र के स्वजन की ओर कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।
    - नीरज ओझा, थानाप्रभारी, बाबूपुरवा


    पहले हुई घटनाएं

    • 20 अगस्त 2025 श्याम नगर के केडीए कालोनी स्थित मधुबन पार्क के पास आवारा कुत्तों ने बीबीए की छात्रा वैष्णवी साहू पर हमला कर उसके चेहरे को नोंच डाला था, जिससे उसके 17 टांके लगे थे।
    • मार्च 2025 में रावतपुर में एक 90 वर्षीय मोहिनी त्रिवेदी पर उनके अपने ही पालतू जर्मन शेफर्ड कुत्ते ने खाना देने के वक्त हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
    • जुलाई 2026 में रेलबाजार में वेयरहाउस के पास ट्रक के नीचे आराम कर रहे चालक शिव किशोर पर एक आवारा कुत्ते ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

    खबरें और भी