Kanpur HBTU में सीयूईटी और जेईई मेन्स से प्रवेश जारी, बायोटेक्नोलॉजी की सर्वाधिक मांग
एचबीटीयू में CUET और JEE मेन्स के माध्यम से विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश जारी हैं, जिसमें बायोटेक्नोलॉजी और बीबीए को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। ब ...और पढ़ें
-1785347403570_m.webp)
HighLights
HBTU में CUET से बायोटेक्नोलॉजी, BBA में प्रवेश जारी।
बायोटेक्नोलॉजी की 75 में से 56 सीटों पर दाखिले।
JEE मेन्स काउंसलिंग में 340 B.Tech सीटें आवंटित।
जागरण संवाददाता, कानपुर। हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (एचबीटीयू) में सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। कामन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट ( सीयूईटी ) के माध्यम से हो रहे प्रवेश में बायोटेक्नोलाजी और बीबीए पाठ्यक्रमों को विद्यार्थियों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
विश्वविद्यालय की डीन एकेडमिक प्रो. वंदना दीक्षित कौशिक ने बताया कि बायोटेक्नोलाजी की 75 सीटों के सापेक्ष अब तक 56 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। वहीं, बीबीए की 120 सीटों में 74, बीफार्मा की 74 सीटों में 41, एमसीए की 78 सीटों में 57 तथा लेटरल एंट्री की 43 सीटों में 26 छात्रों ने दाखिला लिया है। प्रवेश प्रक्रिया अभी जारी है और आगामी चरणों में यह संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि बीटेक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए जेईई मेन्स की तीसरे चरण की काउंसिलिंग में 340 अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की गई हैं। इनमें से 155 अभ्यर्थियों ने विश्वविद्यालय पहुंचकर अपने दस्तावेजों का सत्यापन करा लिया है। शेष अभ्यर्थियों की दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी कराई जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार सभी प्रवेश प्रक्रियाएं पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संचालित की जा रही हैं। प्रवेश संबंधी जानकारी और काउंसिलिंग कार्यक्रम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की सलाह दी गई है।
इधर, सीएसजेएमयू में एआइ से रोजगार की तैयारी सीखेंगे छात्र
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से बुधवार से तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। 31 जुलाई तक चलने वाले इस कार्यक्रम में 'गेट हायर्ड विद रेडराब' कंपनी की ओर से छात्र-छात्राओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) आधारित करियर तैयारी, रोजगारपरक कौशल और डिजिटल प्लेसमेंट प्लेटफार्म की जानकारी दी जाएगी। पहले दिन कार्यक्रम के दो सत्रों में स्कूल आफ बिजनेस मैनेजमेंट के बीबीए व बीकाम तथा बीटेक के अंतिम एवं प्री-फाइनल वर्ष के विद्यार्थियों ने भाग लिया। रेडराब के प्रतिनिधि साहिल चंदेल, तनिष्क चतुर्वेदी और संस्कार सिंह ने एआइ आधारित रिज्यूमे निर्माण, जाब मैचिंग, इंटरव्यू तैयारी, एम्प्लायबिलिटी स्कोरिंग, करियर एक्सप्लोरेशन और उद्योगों से सीधे जुड़ने जैसे डिजिटल टूल्स का प्रदर्शन किया।