Kanpur School Closed: कानपुर में लू का रेड अलर्ट; 31 मई तक स्कूल बंद, डीएम ने भीषण गर्मी को देखते हुए दिए आदेश
कानपुर में भीषण गर्मी और लू के रेड अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। जिले के प्री-प्राइमरी से कक्षा आठ तक के सभी स्कूल 31 मई ...और पढ़ें

HighLights
कानपुर में भीषण लू के रेड अलर्ट के कारण स्कूल बंद
जिलाधिकारी ने 31 मई तक ग्रीष्मावकाश घोषित किया
प्री-प्राइमरी से कक्षा आठ तक के स्कूल प्रभावित
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर में लगातार बढ़ रहे पारे और मौसम विभाग द्वारा जारी भीषण लू (Heatwave) के रेड अलर्ट को देखते हुए स्कूल बंद कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं के हित में बड़ा फैसला लिया है। डीएम के आदेशानुसार, जिले के सभी बोर्डों के प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा आठ तक के स्कूलों में 31 मई तक के लिए ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा।
मंगलवार को कानपुर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यह अब तक का मई का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है। तापमान बढ़ने के साथ हीट वेव ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवा ने लोगों को बेहाल कर दिया। सूरज निकलने के साथ ही गर्मी का असर दिखने लगा और दोपहर होते-होते लू के थपेड़ों ने सड़कों पर सन्नाटा जैसा माहौल बना दिया। सुबह के समय हल्की गर्म हवा चल रही थी, लेकिन 11 बजे के बाद धूप काफी तीखी हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार दिन में अधिकतम तापमान आज 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, दोपहर के समय गर्म और शुष्क हवा के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर दोपहर में आवाजाही कम दिखाई दी। न्यूनतम तापमान भी 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली।
चिकित्सकों ने दी सलाह
चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही अधिक से अधिक पानी पीने, हल्का भोजन करने और शरीर को ढककर बाहर निकलने की बात कही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की फिलहाल उम्मीद कम है। मौसम कृषि विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि तापमान में बढ़ोतरी होगी, लोग बहुत एहतियात बरतें और तेज धूप व लू से बचाव करें।