कानपुर में सपा के ब्राह्मण सम्मेलन में गरमाई सियासत; सांसद सनातन पांडेय बोले- 'राम मंदिर में चंदा देकर पछता रहीं मेरी मां...'
सपा सांसद सनातन पांडेय ने कानपुर में ब्राह्मण सम्मेलन में कहा कि उनकी मां राम मंदिर में चंदा देकर भ्रष्टाचार की खबरों से आहत हैं। उन्होंने अखिलेश यादव ...और पढ़ें

साकेत नगर स्थित गेस्ट हाउस में आयोजित सपा द्वारा ब्रह्मण सम्मेलन में संबोधित करते बलिया के सांसद सनातन पांडेय । जागरण
HighLights
सपा सांसद सनातन पांडेय ने राम मंदिर चंदे पर सवाल उठाए।
उनकी मां भ्रष्टाचार की खबरों से आहत होकर पछता रही हैं।
अखिलेश यादव को भ्रष्टाचार उजागर करने के लिए सराहा गया।
जागरण संवाददाता, कानपुर। समाजवादी पार्टी के बलिया से सांसद सनातन पांडेय ने सोमवार को कहा कि मेरी मां ने पाई-पाई जोड़कर राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया था लेकिन मंदिर के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार की खबरें सुनती और देखती हैं तो बेहद आहत होकर पूछती हैं कि सनातन, यह देश में क्या हो रहा है। भगवान राम के मंदिर में ही इतना बड़ा भ्रष्टाचार।
कहा, मेरी मां कहती हैं कि जो पापी भगवान के चंदे पर भी अपनी नजर रखता है और वहां पर भी भ्रष्टाचार करने से बाज नहीं आता, ऐसे महा भ्रष्टाचारियों को स्वयं भगवान राम सत्ता से पूरी तरह हटाने का काम करेंगे। वह किदवई नगर में सपा के ब्राह्मण सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे और पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव देश के इकलौते ऐसे निडर नेता हैं, जिन्होंने राम मंदिर में चढ़ाव चोरी के महाभ्रष्टाचार को उजागर करने का काम किया है। भगवान राम के मंदिर निर्माण में हो रही चंदा चोरी पर देश का ध्यान खींचा है। उनके इस साहसिक कदम के लिए मैं पूरे ब्राह्मण समाज की तरफ से उनका आभार प्रकट करता हूं। उन्होंने व्यक्तिगत और मीडिया स्वतंत्रता को दबाने का सरकार पर आरोप लगाया।
कहा कि ब्राह्मण स्वभाव से बोलता कम है, परंतु समझता बहुत कुछ है और अब वह पूरी तरह समझ गया है कि हमारा असली सम्मान कहां है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज थोड़ा भटका हुआ था, वह भाजपा को नहीं बल्कि प्रभु श्रीराम में अगाध आस्था की वजह से उनके साथ चला गया था, लेकिन अब भाजपा सरकार ने उसी पावन आस्था पर बड़ा आघात कर दिया है। ब्राह्मण समाज यह समझ चुका है कि उनका सिर्फ इस्तेमाल किया जा रहा है।
खबरें और भी
सरकार पर हमला
सम्मेलन में सांसद ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था, शिक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाएं प्रभावित हुई हैं। उन्होंने ब्राह्मण समाज से एकजुट होकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। अध्यक्षता नगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने की। कार्यक्रम संयोजक किदवई नगर सपा अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा रहे। इस दौरान प्रदेश सचिव आशीष चौबे, युवजन सभा अध्यक्ष अर्पित त्रिवेदी, विधायक अमिताभ बाजपेई, विधायक हसन रूमी, पूर्व विधायक मुनीन्द्र शुक्ल, यशभारती मणेंद्र मिश्र, केके मिश्र, मनोरमा त्रिवेदी सुनील बाजपेई और अन्य नेता मौजूद रहे।