कानपुर नशे में धुत चालक ने बरपाया कहर, संजय वन के पास कार से 3 को रौंदा, पेड़ से टकराकर रुकी
कानपुर के किदवई नगर में नशे में धुत कार चालक ने स्कूटी और काउंटर को टक्कर मारते हुए तीन लोगों को रौंद दिया, जिसमें एक युवक संतोष पाल की मौत हो गई और द ...और पढ़ें

संतोष पाल की फाइल फोटो। व क्षतिग्रस्त कार। पुलिस
HighLights
किदवई नगर थानाक्षेत्र के संजय वन इलाके में मंगलवार देर रात हुआ हादसा
पेड़ तोड़ते हुए कार स्कूटी और खड़े लोगों को रौंदते काउंट व पेड़ से टकराई
कानपुर देहात के मंगलपुर थानाक्षेत्र के गढ़िया घासीराम का रहने वाला मृतक
जागरण संवाददाता, कानपुर। नशे में धुत कार चालकों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। किदवई नगर के संजय वन इलाके में मंगलवार देर रात नशे में धुत कार चालक पेड़ काे तोड़ते हुए वहां खड़ी स्कूटी और तीन लोगों को रौंदते हुए लोहे के काउंटर को टक्कर मारते हुए पेड़ से टकराकर रुक गई। वहीं, एकाएक हादसे से दुकान बंद कर रहे दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस को सूचना देने के बाद आनन-फानन में दुकानदारों ने कार के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें लेकर एलएलआर अस्पताल पहुंची, जहां चचेरे भाई की बिरयानी की दुकान में काम करने वाले युवक बुधवार सुबह दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य घायलों को उनके परिवार वालों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने नशे में धुत चालक को हिरासत में ले लिया है।
मूलरूप से कानपुर देहात के मंगलपुर थानाक्षेत्र के गढ़िया घासीराम निवासी 28 वर्षीय संतोष पाल अपने चचेरे भाई बर्रा निवासी देवेंद्र पाल की संजय वन स्थित बिरयानी की दुकान में काम करता था। संतोष के परिवार में बुजुर्ग पिता जगत सिंह पाल, मां और छोटी बहन है।देवेंद्र के मुताबिक मंगलवार रात करीब 12:30 बजे सामान समेट करके दुकान बंद करने की तैयारी कर रही है। उस वक्त दुकान पर ग्राहक बर्रा के दामोदर नगर निवासी अभय रावत और बाबूपुरवा के शुभम अग्निहोत्री स्कूटी पर बैक करके बिरयानी खा रहे थे।
इसी दौरान किदवई नगर एच ब्लाक शनिदेव मंदिर की ओर से तेज रफ्तार सफारी कार एकाएक अनियंत्रित होकर उनकी दुकान के आगे खड़े पेड़ को तोड़ते हुए पहले स्कूटी पर बैठे अभय और शुभम पर चढ़ी और फिर उनके लोहे के काउंटर से जा टकराई। काउंटर से टकराने के दौरान सामान रख रहे उनका चचेरा भाई संतोष भी कार के नीचे आकर दब गया। जबरदस्त टक्कर से तीनों के ही सिर पर गंभीर चोटें आईं।
खबरें और भी
आसपास के दुकानदारों की मदद से कार को उठाकर तीनों घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस उन्हें एलएलआर अस्पताल ले गई, जहां बुधवार सुबह संतोष की मौत हो गई। वहीं, दोनों अन्य घायलाें अभय और शुभम की भी हालत नाजुक बताई जा रही है। किदवई नगर थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि चालक हिरासत में मेडिकल भी कराया गया है। मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटनास्थल से 100 मीटर दूर रहने वाले अधिवक्ता की है कार
संजय वन पर जिस सफारी कार से हादसा हुआ। वह कार घटनास्थल से 100 मीटर की दूर पर रहने वाले अधिवक्ता राम करण सिंह यादव के नाम पर पंजीकृत है। कार में अधिवक्ता और उच्च न्यायालय भी लिखा है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
घर का एकमात्र सहारा था मृतक संतोष
मृतक संतोष पाल परिवार का एकमात्र सहारा था। परिवार में बुजुर्ग माता-पिता और एक छोटी बहन थी।चचेरे भाई देवेंद्र पाल ने बताया कि उसकी कमाई से ही परिवार का पालन-पोषण होता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।