शाबाश..जो काम वन विभाग न कर पाया वो इन्होंने कर दिखाया, 8 सौ किमी दूर से कानपुर पहुंच नाटक मंडली से छुड़वाएं खतरनाक सांप
वन्यजीव रक्षक साहिल शर्मा ने पंजाब से आकर कानपुर में सांपों के साथ क्रूरता करने वाली नाटक मंडली को पकड़वाया, जिससे सात सांप बरामद हुए। ...और पढ़ें

बरामद किए गए सांपों को दिखाते वन्यजीव रक्षक साहिल शर्मा व उनकी टीम के सदस्य। स्वयं
HighLights
इंटरनेट मीडिया पर वीडियो देख कार्रवाई के लिए 800 किलोमीटर की यात्रा
वन विभाग से शिकायत के बाद गंगा बैराज के पास सात लोगों को दबोचा गया
मंदिरों में होने वाले आयोजनों व झांकियों में सांपों के साथ करते थे प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, कानपुर। वन्यजीव रक्षक व पर्यावरणविद साहिल शर्मा ने पंजाब से शहर पहुंचकर सांपों के साथ क्रूरता करने वाली नाटक मंडली को पकड़वाया है। मंडली के पास से सात सांप बरामद गए हैं। वन विभाग ने मुकदमा दर्ज कर नाटक मंडली को न्यायालय में पेश किया है। नाटक मंडली मंदिरों व अन्य स्थानों पर होने वाले आयोजनों व झांकियों में भगवान शंकर सहित अन्य देवताओं का रूप धारण करती थी।
साहिल शर्मा ने इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित वीडियो में देखा कि नाटक मंडली कार्यक्रमों व झांकियों में सांपों के साथ खिलावाड़ कर रही है, उनके साथ क्रूरता की जा रही है। उन्होंने बताया कि जानकारी करने पर पता चला कि वीडियो कानपुर के हैं। उन्होंने कानपुर में अपने संपर्क सूत्रों से इसकी जानकारी करने को कहा। उनको जानकारी मिली की गंगा बैराज के स्थित मंदिर में कार्यक्रम होने वाला है जिसमें झांकी भी सजेगी और नाटक मंडली सांपों के साथ शामिल होगी।
उन्होंने इसकी सूचना वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के साथ जिले के वन विभाग को दी। साहिल अपनी टीम के साथ शहर पहुंच गए। इसके बाद वनविभाग की टीम को लेकर गंगा बैराज स्थित मंदिर गे। वहां मंडली में शामिल अंकित यादव, गुलाब सिंह, रिषभ कुमार, रोहित, अनिकेत, सूरज व किन्नर ईशू को पकड़ लिया गया। उनके पास से सांप बरामद किए गए हैं। इन सांपों को अनाधिकृत रूप से रखकर उनका प्रदर्शन किया जाता था।
वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा नौ, 30, 40, 48 (ए), 51,57 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। प्रभागीय वन अधिकारी आकांक्षा जैन ने बताया कि यह कृत्य वन्यजीवों के साथ क्रूरता की श्रेणी में आता है। उप प्रभागीय वन अधिकारी एके जैन ने बताया कि मंडली के मुखिया ने बताया है कि वह पिछले दो वर्षों से सांपों के साथ खेल-तमाशा दिखा रहा था। वह अपने वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी सांझा करता था।
खबरें और भी
इन प्रजातियों के बरामद किए गए सांप
रेड सैंड बोआ प्रजाति के तीन सांप, राक पाइथन प्रजाति के दो साप, एक कोबरा, एक रैट स्नेक सांप को बरामद किया गया है। वन विभाग ने उनको अपने कब्जे में ले लिया है।
शहर में इससे पहले कछुए भी बरामद कराए जा चुके
साहिल शर्मा ने इससे पहले घंटाघर चौराहा स्थित जय सियाराम होटल में पाले गए दो प्रतिबंधित कछुओं को भी बरामद करवाया था। उन्होंने दो महीने पहले इंटरनेट मीडिया पर होटल का वीडियो देखा था। वे पंजाब से कानपुर आए, पुलिस व वन विभाग की टीम के साथ होटल पहुंचे। यहां एक्वेरियम में भारतीय रूफ्ड प्रजाति के दो कछुए मिले। ये कछुए वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-एक के तहत आते थे। वन विभाग की टीम ने कछुओं को कब्जे में ले लिया। होटल मालिक के विरुद्ध थाना कलक्टरगंज में मुकदमा दर्ज कराया गया।
अब तक 10 मुकदमे दर्ज करा चुके हैं
साहिल ने बताया कि वे अब तक वन्यजीवों पर होने वाले अत्याचार, उनको अवैध रूप पालने के विरुद्ध 10 एफआइआर दर्ज करा चुके हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश में कार्रवाई करवाई है।