Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Jagannath Rath Yatra: कानपुर में आज भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, जानिए रूट, समय और ट्रैफिक व्यवस्था

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 12:45 AM (IST)

    कानपुर में गुरुवार से भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा शुरू हो रही है, जिसमें जनरलगंज, जेके मंदिर और इस्कॉन सहित विभिन्न मंदिरों से रथ निकलेंगे। यात्रा ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. कानपुर में जगन्नाथ रथ यात्रा का गुरुवार से शुभारंभ।

    2. जनरलगंज, जेके मंदिर, इस्कॉन से निकलेंगी रथयात्राएं।

    3. यातायात डायवर्जन लागू, विधायक ने मार्ग पर नाराजगी जताई।

    जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर शहर की सड़कों पर गुरुवार को आस्था, परंपरा और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। जनरलगंज की संकरी गलियों से निकलकर भगवान जगन्नाथ के रथ जब हजारों श्रद्धालुओं के बीच आगे बढ़ेंगे तो पूरा इलाका भक्ति के रंग में रंग जाएगा। रथ यात्राओं को लेकर मंदिरों और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा के लिए यातायात व्यवस्था के तहत रूट भी डायवर्ट कर दिए गए हैं।

    जनरलगंज में महज 50-50 मीटर की दूरी पर स्थित श्री जगन्नाथ जी मंदिर (बाई जी), श्री जगन्नाथ मंदिर (उमा जगदीश) और श्री जगन्नाथ जी महाराज मंदिर (बिरजी भगत) से दो दिनों में तीन रथयात्राएं निकाली जाएंगी। इससे पहले बुधवार सुबह छह बजे मंगला आरती के बाद तीनों मंदिरों के पट भक्तों के लिए खोल दिए गए। भगवान जगन्नाथ के रथ की सजावट को अंतिम रूप दिया गया।

    मंदिर परिसर बिजली की रंगीन झालरों और फूलों से जगमग हो उठा। रथ की सजावट में गुलाब, रजनीगंधा, गेंदा, काले और गुलाबी कमल, चमेली, मोगरा और बेला के फूलों का उपयोग किया गया। इसके लिए गेंदा व रजनीगंधा के फूल कन्नौज तो काले व गुलाबी कमल व गेंदे की लड़ियां कोलकाता से मंगाई गईं। रथ पर सजे हाथी-घोड़े और चांदी का सिंहासन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे।

    आज बाई जी मंदिर से निकलेगा पहला रथ

    श्रीजगन्नाथ रथयात्रा की शुरुआत गुरुवार से होने जा रही है। पहला रथ श्री जगन्नाथ जी मंदिर (बाई जी) से निकलेगा। इससे पहले, सुबह की आरती के बाद भोग अर्पित होगा और दिनभर श्रद्धालु दर्शन करेंगे। शाम छह से सात बजे के बीच भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा प्रस्थान करेगी। यात्रा जगन्नाथ गली, काहू कोठी, नयागंज चौराहा, मारवाड़ी कालेज, हूलागंज, भूषा टोली, किराना बाजार, जनरलगंज, मनीराम बगिया, मेस्टन रोड, चौक सर्राफा और कोतवाली चौराहा होते हुए सरसैया घाट पहुंचेगी। यहां गंगा आरती और विश्राम के बाद यात्रा की वापसी शिवाला, संगमलाल मंदिर, कमला टावर और लाठी मोहाल होते हुए जनरलगंज स्थित मंदिर पहुंचेगा। ढोल-ताशे, भगवान गणेश, हनुमान, श्रीराम दरबार, राधा-कृष्ण, शिव परिवार की झांकियां और सैनिक वेश में बनावटी घोड़ों पर सवार बच्चे विशेष आकर्षण होंगे।

    खबरें और भी

    कल साथ चलेंगी दो शोभायात्राएं

    शुक्रवार को दूसरी रथयात्रा श्री जगन्नाथ जी महाराज मंदिर (बिरजी भगत) और श्री जगन्नाथ मंदिर (उमा जगदीश) की निकाली जाएगी। बिरजी भगत मंदिर की 216वें वार्षिकोत्सव की रथयात्रा जगन्नाथ गली, काहू कोठी, नीलवाली गली, मारवाड़ी पुस्तकालय, बिरहाना रोड और धनकुट्टी पहुंचेगी। उमा जगदीश मंदिर की यात्रा धनकुट्टी, बंबई वाला हाता, कलक्टरगंज, शक्कर पट्टी, नयागंज, जनरलगंज, मनीराम बगिया, मेस्टन रोड और कोतवाली चौराहे तक पहुंचेगी। यहां विश्राम के बाद मूलगंज और बादशाही नाका होते हुए यात्रा मंदिर लौटेगी। दोनों रथयात्राएं नयागंज चौराहा पर मिलेंगी और जनरलगंज स्थित अपने-अपने स्थान पर पहुंचकर पूर्ण विश्राम लेंगी।

    आज जेके मंदिर तो 19 को इस्कान से निकलेगी रथयात्रा

    कमला नगर स्थित जेके मंदिर में भी गुरुवार शाम चार बजे से रथयात्रा निकाली जाएगी। यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर कैंडी फ्लास, पिनेकल स्कूल और काकादेव थाने तक जाएगी। बाद में यात्रा वापस मंदिर पहुंचेगी। वहीं, 19 जुलाई को इस्कान मंदिर की ओर से राम दशानन धर्मशाला से रथयात्रा निकाली जाएगी, जिसका विश्राम बर्रा बाईपास स्थित ग्लोरी गार्डन गेस्ट हाउस में होगा।

    जगन्नाथ रथ यात्रा के चलते आज बदला रहेगा यातायात

    जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के चलते गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों में यातायात बदला रहेगा। डीसीपी रविंद्र कुमार ने बताया कि यह डायवर्जन व्यवस्था दोपहर 2:00 से रात 10:00 बजे तक रहेगी।

    दोपहर दो से रात 10 बजे तक यह रहेगी व्यवस्था

    • बिठूर तिराहा (कल्याणपुर) की तरफ से आने वाला यातायात बवैरी पुलिया के दाहिने मुड़कर इंदिरा नगर रोड होते हुए अपने गंतव्य स्थान को जाएगा।
    • यश कोठारी/मीनावती मार्ग से आने वाला यातायात सिंहपुर तिराहे पर होते हुए बिठूर तिराहा/कल्याणपुर की ओर नहीं जा सकेगा। यह यातायात सिंहपुर तिराहा से बाएं मुड़कर मैनावती मार्ग होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेगा।
    • एलएलआर अस्पताल/पालीवाल तिराहा की तरफ आने वाले वाहन गोल चौराहा/देवकी सिनेमा होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
    • -फजलगंज चौराहा की ओर से आने वाले वाहन पालीवाल की तरफ नहीं जाएंगे। ये वाहन मरियमपुर चौराहा से बाएं-दाएं मुड़कर चैन फैक्ट्री/खोया मंडी होते हुए आगे जाएंगे।


    रथ यात्रा का मार्ग बदहाल, अधिकारियों पर बिफरे विधायक

    भगवान जगन्नाथ यात्रा से एक दिन पहले यात्रा मार्ग पर अधूरे कार्यों को देखकर आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई अधिकारियों पर भड़क उठे। बुधवार को उन्होंने नगर निगम और केस्को के अधिकारियों के साथ जनरलगंज से निकलने वाली प्रस्तावित शोभायात्रा के मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर लटकते बिजली के तार, उखड़ी सड़कें, गड्ढे, अधूरा पैचवर्क, सड़क पर फैली गंदगी तथा दीवारों और श्यामगंज चौराहे पर लगे पोस्टर देखकर विधायक ने अधिकारियों को फटकार लगाई।

    यह भी पढ़ें- UP में बढ़ रहा राजकीय पक्षी सारस का कुनबा, ग्रीष्मकालीन गणना में सुखद तस्वीर, कानपुर मंडल में 6,478 सारस; इटावा सबसे आगे