Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Kanlyanpur MLA Report Card: यातायात, अतिक्रमण और जलनिकासी में पिछड़े ही रहे, मेट्रो आई, पर जाम अब भी मुसीबत

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 08:11 PM (IST)

    कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों और चुनौतियों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया गया है। विधायक ने 1000 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों ...और पढ़ें

    विधायक

    विधायक

    HighLights

    1. विधायक ने 1000 करोड़ से अधिक के विकास कार्य गिनाए

    2. ट्रैफिक जाम, जलभराव और अतिक्रमण बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं

    3. मेट्रो सेवा से राहत, पर रेलवे क्रॉसिंग पर जाम बरकरार

    जागरण संवाददाता, कानपुर। कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र शहर के सबसे महत्वपूर्ण और तेजी से विकसित होने वाली क्षेत्रों में शुमार है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी), छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) जैसे बड़े शिक्षण संस्थान, प्रमुख अस्पताल और अनुसंधान केंद्र इस क्षेत्र की पहचान हैं। शहर के नए आवासीय क्षेत्रों का तेजी से विस्तार भी यहीं हो रहा है।

    सबसे पहले मेट्रो सेवा की शुरुआत इसी क्षेत्र से हुई, जिससे लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत की उम्मीद जगी। एक हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों के बावजूद सबसे बड़ी समस्या रेलवे क्रासिंगों पर जाम, अतिक्रमण, जलभराव, टूटी सड़कों के साथ ही अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था है।

    जीटी रोड से जुड़े मोतीझील, सेवायोजन कार्यालय, गुटैया, गीतानगर, शारदानगर, गुरुदेव, बगिया, कल्याणपुर, गूबा गार्डन और आइआइटी रेलवे क्रासिंग दिनभर जाम का केंद्र बने रहते हैं। आइआइटी छोड़ शेष क्रासिंगों के दोनों ओर अवैध टेंपो स्टैंड, सड़क किनारे अतिक्रमण और जीटी रोड पर लगने वाली सब्जीमंडी यातायात व्यवस्था को और बिगाड़ देते हैं।

    कई बार रेलवे फाटक बंद होने पर एंबुलेंस तक फंस जाती हैं, जिससे मरीजों की जान पर भी बन आती है। इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से मंधना से अनवरगंज तक एलीवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है। बजट भी मंजूर हो चुका है, लेकिन परियोजना पूरी होने में अभी तीन वर्ष से अधिक समय लगने की संभावना है।

    खबरें और भी

    विधानसभा क्षेत्र में सीवर नेटवर्क का 80 किमी तक विस्तार हुआ है, लेकिन कई इलाके अब भी इससे वंचित हैं। आवास-विकास, गूबा गार्डन और आसपास के क्षेत्रों में थोड़ी सी बारिश के बाद ही घुटनों तक पानी भर जाता है। सीएम ग्रिड के तहत सड़क निर्माण और अधूरे ड्रेनेज कार्यों ने भी परेशानी बढ़ाई है। नालों की समय पर सफाई न होने से जलभराव की शिकायतें लगातार सामने आती हैं। फिलहाल इस विधानसभा क्षेत्र का रिपोर्ट कार्ड विकास और चुनौतियों दोनों की समान तस्वीर पेश करता है।

    जानिए- क्या कहना है विधायक का

    पिछले पांच वर्षों में विधानसभा में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए गए हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी हुई हैं। दो अरब की लागत से नाला निर्माण के लिए बजट पास हो गया है, जिससे क्षेत्र की जलभराव की समस्या का निदान होगा। 250 पार्क का सुंदरीकरण कराया गया है। रतनपुर छठ पूजा स्थल, अलीगढ़-कानपुर हाईवे में फुटओवर ब्रिज, सोमनाथ और आशादेवी मंदिर का जीर्णोंद्धार, दो हजार करोड़ से गंगा रिवर फ्रंट निर्माण का प्रस्ताव, छपेड़ा से देवकी चौराहे तक 40 लाख रुपये से सड़क निर्माण के साथ ही प्राथमिक विद्यालयों को गोद लेकर दुरुस्त कराया गया है। हैलट में सुपर स्पेशिएलिटी वार्ड का निर्माण कराया गया है, जिससे ओपीडी अब 10 लाख प्रतिवर्ष पहुंच चुकी है। जेके कैंसर अस्पताल में कोबाल्ट मशीन विधानसभा में सवाल उठाने के बाद तत्काल लगी है, आगे आपरेशन की व्यवस्था को सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा कराए गए कार्यों को भी जोड़ दिया जाए तो विकास कार्यों का कुल निवेश लगभग 10 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचता है। ट्रैफिक जाम, रेलवे क्रासिंग, जलभराव, सीवर और अतिक्रमण जैसी समस्याएं अब भी आम लोगों के लिए बड़ी चुनौती हैं।
    नीलिमा कटियार, भाजपा विधायक, कल्याणपुर


    इनकी भी सुनिए...

    भाजपा सरकार के जनप्रतिनिधियों से जनता परेशान है। बीते पांच वर्ष में समस्याएं कम होने की जगह बढ़ गई हैं। सपा सरकार में हुए विकास कार्यों के बाद से कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य रुके हैं। हालत यह है कि नाला सफाई न होने के कारण क्षेत्र जलभराव के संकट से जूझ रहा है। दयानंद विहार, आवास विकास आदि क्षेत्रों की सड़कें टूटी हैं। कुछ देर की वर्षा में ज्यादातर मुहल्लों में जलभराव हो जाता है। भाजपा सरकार में केवल कागजी विकास हुआ है, धरातल पर कोई कार्य नहीं दिख रहा है। आगामी 2027 के चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। चुनाव जीतने के बाद कल्याणपुर को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाएंगे। पीजीआइ लाने का काम करेंगे, कार्डियोलाजी में 500 बेड बढ़वाने के साथ गंगा रिवर फ्रंट बनवाएंगे।
    - सतीश निगम, रनरअप, सपा।

    जनता के बोल...

    क्षेत्र में सड़क, नाली, खड़ंजा आदि के कार्य तो हुए लेकिन अभी सफाई व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। पांच हजार घरों को जलभराव से निजात नहीं मिली है। क्षेत्र में मेट्रो से राहत मिली है, लेकिन क्रासिंग के जाम और अतिक्रमण से अब भी लोग परेशान हैं।
    गोपाल तिवारी, व्यापारी, केशवपुरम


    मेट्रो सेवा का विस्तार होने से छात्रों का लाभ मिल रहा है, लेकिन जीटी रोड में जाम और अतिक्रमण से वाहन से आवागमन में काफी परेशानी होती है। इस क्षेत्र के लिए यह सबसे बड़ी समस्या है। इसका निदान होना चाहिए।
    निखिल कुमार, छात्र, आइआइटी कानपुर


    गलियों में सीवर का पानी भरा है, जरा सी बरसात होती है तो यही सीवर का पानी घरों में भर जाता है। भीषण जलभराव और गंदगी के चलते सांस लेना भी मुश्किल है। कई जगहों पर पोल लाइट भी खराब पड़ी हैं। शिकायतों के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
    कुलदीप सिंह, अधिवक्ता, कल्याणपुर कला


    बगिया रोड से केस्को चौराहा तक सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। इसकी वजह से राहगीरों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बन जाए तो उसके बाद लोगों को काफी राहत मिलेगी।
    मोहम्मद निशार, कारोबारी, कल्याणपुर


    विधानसभा क्षेत्र पर एक नजर

    • कुल मतदाता : 2,44,636
    • पुरुष मतदाता : 1,39,197
    • महिला मतदाता :1,25,429
    • अन्य:10