कानपुर के अखाड़े पहुंचे साक्षी सहित देश विदेश से नामचीन पहलवान, दर्शकों का जोश देख डिप्टी सीएम करने लगे कमेंट्री
कानपुर के बर्रा में चौधरी हरमोहन सिंह यादव की पुण्य स्मृति में अंतरराष्ट्रीय विराट दंगल आयोजित हुआ। डिप्टी सीएम ब्रजेश ...और पढ़ें

मेहरबान सिंह पुरवा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय दंगल में कुश्ती में इरान के इरफान मिर्जा इरानी को हराने के बाद खुशी मानते झींझक के अभिनायक सिंह । दंगल में पहुंची पहलवान साक्षी मलिक । जागरण
HighLights
अभिनायक की धोबी पछाड़ से सात मिनट में ईरानी पहलवान चित
अंतरराष्ट्रीय विराट दंगल में गूंजा मार धोबी पछाड़, डिप्टी सीएम ने की मैदान से कमेंट्री
बर्रा के मेहरबान सिंह का पुरवा में हुआ दंगल, ओलंपियाड साक्षी मलिक रहीं आकर्षण
जागरण संवाददाता, कानपुर। बर्रा के मेहरबान सिंह का पुरवा स्थित अखाड़ा रविवार को उस समय तालियों की गड़गड़ाहट और जोशीले नारों से गूंज उठा, जब चौधरी हरमोहन सिंह यादव की पुण्य स्मृति में आयोजित अंतरराष्ट्रीय विराट दंगल में देश-विदेश के नामचीन पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाए। मार धोबी पछाड़… मार चरखा… दे पटखनी जैसे उत्साहवर्धक उद्घोष के साथ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने खुद मैदान में उतरकर पहलवानों का हौसला बढ़ाया। पहलवानों के बीच दांव-पेच का खेल देखने के लिए शहर के कोन-कोने से दंगल प्रेमी पहुंचे।
डिप्टी सीएम मंच से मुकाबले देख रहे थे, लेकिन अखाड़े में चल रही कुश्ती और दर्शकों के जोश को देखकर खुद को रोक नहीं सके। वह दौड़ते हुए सीधे मैदान में पहुंचे और माइक संभालकर कमेंट्री शुरू कर दी। उनकी कमेंट्री से पूरा मैदान तालियों और नारों से गूंज उठा। दंगल में विशिष्ट अतिथि के रूप में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष हंसराज अहीर ने भी पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
मेहरबान सिंह पुरवा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय दंगल में कुश्ती लड़ते इरान के इरफान मिर्जा इरानी व झीझक के अभिनायक सिंह । जागरण
दंगल का सबसे रोमांचक मुकाबला ईरान से आए अंतरराष्ट्रीय पहलवान इरफान मिर्जा और कानपुर देहात के झींझक के सबलपुर गांव निवासी अभिनायक सिंह के बीच हुआ। अभिनायक सिंह ने महज सात मिनट में इरफान मिर्जा को धोबी पछाड़ दांव लगाकर चित कर दिया। इस जीत पर अखाड़े में मौजूद दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाईं और अभिनायक के समर्थन में नारे लगाए। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान और ओलिंपियन साक्षी मलिक विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। दर्शकों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाकर उत्साह व्यक्त किया।
हरमोहन सिंह यादव जनकल्याण समिति के दंगल का शुभारंभ हनुमान जी एवं गदा पूजन के साथ पूर्व सांसद एवं पूर्व विधान परिषद सभापति सुखराम सिंह ने किया। पहला मुकाबला दिल्ली के सोनू और रोहतक के शिवा के बीच हुआ, जिसमें दोनों पहलवानों ने दमदार प्रदर्शन किया। प्रांत प्रचारक श्रीराम ने दोनों पहलवानों का हाथ मिलवाकर मुकाबले की शुरुआत कराई। इसके बाद नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट रोहतक की तन्नू और सोनीपत की शीतल का आमना-सामना हुआ। मात्र नौ सेकेंड में तन्नू ने शीतल को पटक करके बाजी मार ली।
इसी तरह रोहतक की मुस्कान और लवली, सुहानी और शीतल,स्वीटी और कल्याणी, सोनीपत की सिया और रोहतक की प्रियंका, रोहतक की चंचल और सोनीपत की सुमित के बीच मुकाबला हुआ। वहीं, पुरुष वर्ग में देवा कुमार का दिल्ली के श्यामजी, मंगल कुमार का पंजाब के छोटा सद्दाम, रोहतक के अंकित का दिल्ली के दक्ष, दिल्ली के फैजल का पंजाब के भावेश, दिल्ली के सुमित का भोला, दिल्ली के जोंटी भाटी का हरियाणा के झाझर के आशीष जौहर, अभिनायक का छोटा सद्दाम, दिल्ली के अंकेश का रोहतक के प्रियांशु और सोनीपत के सोनू का मुकाबला जुनैद खान से हुआ। इसमें परंपरागत भारतीय कुश्ती के साथ ही आधुनिक दांव-पेंच भी देखने को मिले। आयोजन को लेकर ग्रामीण क्षेत्र में खासा उत्साह रहा और देर शाम तक अखाड़ा दर्शकों से भरा रहा।
ये रहे विजेता
मुकाबले में रोहतक की तन्नू ने सोनीपत की पदक विजेता पहलवान शीतल को नौ सेकेंड में धूल चटाई। कानपुर के जावेद ने उन्नाव को अंकित को, रोहतक के अंकित ने दिल्ली के सद्दाम को, हरियाणा के भोले खासरी ने दिल्ली के सुमित को पटखनी दी। महिला वर्ग में रोहतक की मुस्कान ने पंजाब की लवलीन को एक मिनट में पराजित कर सबका दिल जीता। वहीं, रोहतक की प्रियंका को सारिका ने कला जंग दांव लगाकर पटखनी दी। अन्य मुकाबलों में देवा कुमार, मंगलकुमार, अंकित, फैजल, सुमित, जोंटी भाटी, अंकेश, सोनू, तथा महिला वर्ग में मुस्कान, सुहानी, स्वीटी, सिया, चंचल और सुमित ने शानदार जीत दर्ज की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।