विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किसे राखी बांधूंगी, किसे भाई कहूंगी... रक्षाबंधन से पहले गंगा में डूबे दो इकलौते बेटे, बहन के करुण क्रंदन से कांपा ड्योढ़ीघाट

Published: Mon, 17 Aug 2026 10:46 PM (IST)

महाराजपुर के ड्योढ़ीघाट में गंगा नहाते समय दो किशोर तेज बहाव में बह गए और डूब गए। दोनों इकलौते बेटे ...और पढ़ें

शिवा व कृष्णा की फोटो व घाट किनारे बिलखती बहन जूही। ग्रामीण

शिवा व कृष्णा की फोटो व घाट किनारे बिलखती बहन जूही। ग्रामीण

HighLights

  1. महाराजपुर के ड्योढ़ीघाट में दो किशोर गंगा में डूबे

  2. दोनों किशोर अपने घरों के इकलौते बेटे थे

  3. पुलिस, गोताखोर, एनडीआरएफ टीमें तलाश में जुटीं

संवाद सहयोगी, महाराजपुर(कानपुर)। कानपुर में रक्षाबंधन से ठीक पहले दो परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ड्योढ़ीघाट पर गंगा नहाने गए दो किशोर अचानक गहरे पानी में जाने से डूब गए। दोनों किशोर अपने-अपने घरों के इकलौते बेटे थे। बिलखती बहन घाट पर चिखती रही कि अब किसे राखी बांधूंगी, किसे भाई कहूंगी...। बहन का ये रोना हर किसी का कलेजा चीर रहा था।

महाराजपुर के ड्योढ़ीघाट में सोमवार शाम गंगा नहा रहे दो किशोर तेज बहाव में बहकर गहराई में चले गए और देखते ही देखते पानी में डूब गए। घाट किनारे मौजूद एक किशोर की बहन ने शोर मचाया तो लोगों को जानकारी हुई। पुलिस व गोताखोर रात तक गंगा में किशोरों की तलाश करते रहे लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।

किशोरों के डूबने की सूचना जैसे ही उनके घरों में पहुंची स्वजन बिलखने लगे। घरों से लोग घाट की तरफ भागे।लेकिन गंगा की विकरालता के आगे सब बेबस नजर आ रहे थे। एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है।

चकेरी के राजा मार्केट अहिरवां निवासी ई-रिक्शा चालक परमेश्वर चौधरी का 15 वर्षीय बेटा कृष्णा अपनी बड़ी बहन 20 वर्षीय जूही व पटेलनगर चकेरी निवासी दोस्त 16 वर्षीय शिवा शुक्ला, विराग व सूर्या के साथ सोमवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे ड्योढ़ीघाट गंगा नहाने पहुंचा था। सभी गंगा नहा रहे थे।

जूही, सूर्या व विराग नहाकर बाहर आ गए। लेकिन कृष्णा व शिवा नहाते रहे। इसी दौरान कृष्णा तेज बहाव में गहराई में जाकर डूबने लगा। शिवा उसको बचाने के लिए आगे बढ़ा तो वो भी डूबने लगा। देखते ही देखते दोनो तेज बहाव में बह गए और डूब गए। सूचना पर एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह, एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह मौके पर पहुंचे।

पुलिस व गोताखोरों ने स्टीमर व मोटर बोट से खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। शिवा के पिता आलोक शुक्ला प्राइवेट नौकरी करते हैं।कृष्णा व शिवा दो - दो बहनों में इकलौते भाई हैं।

कृष्णा को खींच लाई अनहोनी , बहन घाट पर रही बिलखती

कृष्णा के पिता परमेश्वर ने बताया कि सोमवार सुबह परिवार के साथ ड्योढ़ीघाट में गंगा स्नान करने आए थे। कृष्णा भी साथ में आया था। लेकिन शाम को बेटी के साथ कृष्णा व उसके दोस्त दोबारा नहाने ड्योढ़ीघाट पहुंच गए। घर पर निकलने से पहले बच्चों ने कहा था कि वो जाजमऊ के सिद्धनाथ घाट महादेव के दर्शन करने जा रहे हैं। लेकिन सभी ड्योढ़ीघाट पहुंच गए।

बहन की आखों के सामने लापता हो गए भाई

उन्होंने कहा अनहोनी खींच कर बेटे को फिर से घाट किनारे ले आई। गंगा में अपनी आंखों के सामने लापता हुए भाई कृष्णा की याद में बड़ी बहन घाट किनारे बिलख रही थी। कह रही थी कुछ दिन बाद रक्षाबंधन है। किसको राखी बांधूंगी। अरे कोई मेरे भाई को ढूढ़ कर ले आओ। वहीं शिवा की दोनो बहनें व स्वजन भी बिलखते रहे।

ड्योढ़ीघाट में गंगा नहा रहे दो किशोर डूब गए हैं। खोजबीन की जा रही है। एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है। फतेहपुर व उन्नाव की पुलिस से भी संपर्क किया गया है। किशोरों की तलाश जारी है।
शिवा सिंह , एडीसीपी पूर्वी

 

यह भी पढ़ें- कानपुर में स्टंटबाजी बनी काल... स्टंटबाज की लापरवाही ने छीन ली युवा इंजीनियर की जिंदगी

यह भी पढ़ें- Sugar Price Hike: चीनी बाजार अप्रत्याशित तेजी, 17 दिन में 46 से 65 रुपये हो गई महंगी, वजह हैरान करने वाली