कानपुर के ITI पांडुनगर में 606 सीटें घटीं, 50 शिक्षकों की कमी से बंद हुए 8 ट्रेड
कानपुर के आइटीआइ पांडुनगर में 50 शिक्षकों की कमी के कारण 606 सीटें कम कर दी गई हैं, जिससे कुल 8 ट्रेड बंद हो गए हैं। यह कटौती छात्रों के प्रवेश अवसरों ...और पढ़ें

HighLights
1720 से घटकर 1114 रह गईं सीटें, हर साल फुल रहने वाले ट्रेड भी हुए बंद, प्रवेश के अवसर घटे
आईटीआई पांडुनगर में कुल 130 स्वीकृत पदों में सिर्फ 80 शिक्षक कार्यरत, 37 ट्रेड में बचे सिर्फ 28
जागरण संवाददाता, कानपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पांडुनगर में इस बार प्रवेश लेने की तैयारी कर रहे छात्रों को बड़ा झटका लगा है। शिक्षकों की भारी कमी के चलते व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग ने संस्थान की 606 सीटें कम कर दी हैं। पिछले सत्र तक जहां 37 ट्रेड में कुल 1720 सीटों पर प्रवेश होता था, वहीं इस बार केवल 28 ट्रेड में 1114 सीटों पर ही प्रवेश होंगे। इतना ही नहीं, रोजगारपरक आठ ट्रेड भी पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं। इससे उन विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है, जो इन ट्रेडों में प्रशिक्षण लेकर उद्योगों में रोजगार की तैयारी कर रहे थे।
बंद हुए ट्रेड में स्टेनो हिंदी, इंटरनेट आफ थिंग्स टेक ऐसे ट्रेड थे जिनमें सबसे ज्यादा प्रवेश की डिमांड रहती थी। विशेष तौर पर सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले छात्र स्टेनो हिंदी ट्रेड में जरूरी प्रवेश लेते थे। आईटीआई पांडुनगर प्रदेश के सबसे बड़े और पुराने प्रशिक्षण संस्थानों में शामिल है। यहां वर्षों से अधिकांश ट्रेडों की सभी सीटें भर जाती रही हैं। बावजूद इसके इस बार सीटों में बड़ी कटौती कर दी गई।
विभाग का तर्क है कि प्रशिक्षकों की उपलब्धता के अनुसार ही सीटों का निर्धारण किया गया है। फिलहाल सीटों में 35 प्रतिशत से अधिक की कटौती ने प्रवेश की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से पहले आया यह फैसला इस सत्र का सबसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
आईटीआई के अधिकारियों का कहना है कि विभाग ने शिक्षकों की कमी को आधार बताकर ट्रेड बंद किए है। पर विभाग बीते कई सालों से इन पदों पर भर्ती तक नहीं कर रहा है। संस्थान में 130 शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 80 शिक्षक ही कार्यरत हैं। करीब 50 पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। शिक्षकों की इसी कमी का असर सीधे प्रशिक्षण क्षमता पर पड़ा और विभाग ने सीटें घटाने के साथ कई ट्रेड बंद करने का निर्णय ले लिया।
खबरें और भी
इस सत्र से मैकेनिक आरएसी (रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग), स्टेनोग्राफर (हिंदी), कारपेंटर, ड्रेस मेकिंग, इलेक्ट्रो लेटर, आइटी एंड इलेक्ट्रानिक्स सिस्टम मेंटेनेंस (आइटीईएसएम), मैकेनिकल मशीन टूल मेंटेनेंस, मैकेनिकल इलैक्ट्रिक व्हीकल तथा इंटरनेट आफ थिंग्स टेक में प्रवेश नहीं होंगे। इनमें से कई ट्रेड उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप माने जाते थे और हर वर्ष इनकी सीटें लगभग पूरी भर जाती थीं।
आईटीआई पांडुनगर के प्रधानाचार्य हरीश मिश्रा ने बताया कि इन ट्रेड को दोबारा से शुरू करने के लिए विभाग को पत्र भेजा है। साथ ही रिक्त पदों पर नियुक्तियां करने के लिए भी प्रस्ताव भेजा है।