Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कानपुर जूही यार्ड में बनेंगे चार नए प्लेटफार्म, ट्रेनों के संचालन में मिलेगी बड़ी राहत

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 10:56 PM (IST)

    कानपुर के जूही यार्ड में चार नए प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे, जिससे ट्रेनों के संचालन और यात्री सुविधाओं में सुधार होगा। इसके साथ ही गोविंदपुरी स्टेशन का वि ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. जूही यार्ड में चार नए प्लेटफॉर्म का निर्माण।

    2. गोविंदपुरी स्टेशन को टर्मिनल के रूप में विकसित किया जाएगा।

    3. कानपुर-हावड़ा और आगरा-हावड़ा के लिए विशेष ट्रेनें।

    जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर के जूही यार्ड में रेल सुविधाओं के विस्तार की तैयारी है। यहां चार नए प्लेटफार्म बनाए जाएंगे, जिससे ट्रेनों के संचालन और यात्री सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है। इस परियोजना से कानपुर के महत्वपूर्ण रेल नेटवर्क को मजबूती मिलेगी और भविष्य में ट्रेनों के संचालन की क्षमता भी बढ़ सकती है। जूही यार्ड में प्रस्तावित नए प्लेटफार्म कानपुर के रेल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए अहम कदम माने जा रहे हैं।

    कानपुर जूही यार्ड से भी ट्रेन पकड़ सकेंगे यात्री

    जूही यार्ड से आने वाले दिनों में यात्री ट्रेन पकड़ सकेंगे। यहां पर चार प्लेटफार्म प्रस्तावित हैं, जिस पर कार्य शुरू कर दिया गया है। डिप्टी सीटीएम अकांशु गोविल ने बताया कि जूही यार्ड विकसित होने के बाद यहां से ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा सकेगा। अभी चार प्लेटफार्म प्रस्तावित हैं और इस दिशा में काम तेजी से किया जा रहा है। आने वाले दिनों में यात्रियों को कानपुर सेंट्रल के अतिरिक्त एक नया विकल्प मिलेगा।

    गोविंदपुरी स्टेशन को भी विकसित करने की दिशा

    दूसरी तरफ गोविंदपुरी स्टेशन को भी विकसित करने की दिशा में काम तेज कर दिया गया है। रेलवे इसे टर्मिनल के रूप में तैयार करने की योजना पर काम कर रहा है। वर्तमान में गोविंदपुरी स्टेशन से करीब 20 ट्रेनें संचालित हो रही हैं लेकिन भविष्य में यहां ट्रेनों की संख्या 50 से ऊपर करने की तैयारी है।

    सेंट्रल से हावड़ा तक चलेगी स्पेशल ट्रेन

    कानपुर से कोलकाता के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने यात्रियों की डिमांड को देखते हुए कानपुर सेंट्रल से हावड़ा और आगरा कैंट से हावड़ा के बीच दो स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। कानपुर, आगरा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को इन ट्रेनों की घोषणा से काफी फायदा मिलेगा।

    खबरें और भी

    साप्ताहिक ट्रेन का शेड्यूल निर्धारित

    उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा ने बताया कि ताजनगरी आगरा व कानपुर से सीधे सिटी आफ जाय कोलकाता के लिए विशेष गाड़ी का संचालन किया जा रहा है। कानपुर-कोलकाता के लिए साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन नंबर 04157/04158 का शेड्यूल निर्धारित कर दिया गया है। सेंट्रल से हर मंगलवार को 21 जुलाई से ये ट्रेन संचालित होगी। इसी तरह कोलकाता से ये ट्रेन हर बुधवार को निकलेगी। ये स्पेशल ट्रेन 21 जुलाई से 30 सितंबर तक 11 फेरों में चलाई जाएगी। इस ट्रेन में एसएलआर/डी के दो, सामान्य के आठ, एसी तृतीय के चार, एसी द्वितीय का एक, स्लीपर के नौ कोच लगाए जाएंगे।

    आगरा कैंट-कोलकाता स्पेशल 23 जुलाई से हर गुरुवार चलेगी

    इसी तरह ट्रेन नंबर 01911/01912 आगरा कैंट-कोलकाता स्पेशल 23 जुलाई से हर गुरुवार को आगरा से चलेगी। 10 फेरों में संचालित होने वाली इस ट्रेन का ठहराव सेंट्रल स्टेशन पर भी होगा। वहीं कोलकाता से ये ट्रेन 24 जुलाई से 25 सितंबर तक 10 फेरों में चलाई जाएगी। इसमें स्लीपर के 10 कोच व एसी के कुल तीन कोच के अलावा सामान्य व जनरल कोच लगेंगे।

    राजधानी, दूरंतो समेत कई ट्रेनें लेट, यात्री हुए परेशान

    कानपुर सेंट्रल होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें शनिवार को निर्धारित समय से देरी से पहुंची। दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेन नंबर 12273 दूरंतो एक्सप्रेस 41 मिनट की देरी से पहुंची। इसी तरह 22823 नई दिल्ली तेजस राजधानी 45 मिनट विलंब से पहुंचीं। वहीं गोरखपुर की जाने वाली 12556 गोरखधाम सुपरफास्स्ट दो घंटे 47 मिनट विलंब रही। इसके अलावा 15110 छपरा एक्सप्रेस भी 51 मिनट विलंब से पहुंची। 15066 गोरखपुर एक्सप्रेस पांच घंटे की विलंब से निकली। वहीं 02570 दरभंगा स्पेशल पांच घंटे रिशड्यूल कर दी गई। वहीं प्रयागराज रूट पर जाने वाली ट्रेनें भी विलंब से निकली।

    अहमदाबाद एक्सप्रेस के बढ़ाए गए फेरे

    यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने ट्रेन नंबर 09447/09448 अहमदाबाद-पटना स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि को बढ़ाने का निर्णय लिया है। सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन नंबर अहमदाबाद से पटना का 22 जुलाई को एक फेरा बढ़ाया गया है। इसी तरह ट्रेन नंबर 09448 पटना-अहमदाबाद का शुक्रवार 24 जुलाई को फेरा बढ़ाया गया है।

    चार जोड़ी ट्रेनों को दिया गया नया ठहराव

    रेल प्रशासन ने उत्तर मध्य रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर कई ट्रेनों को ठहराव देने का निर्णय लिया है। उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन नंबर 18101/02 जम्मूतवी-टाटानगर एक्सप्रेस का 20 जुलाई से मिर्जापुर के लूसा स्टेशन पर ठहराव रहेगा। ट्रेन नंबर 15483/84 दिल्ली-अलीपुर द्वार एक्सप्रेस का हाथरस के जलेसर रोड पर 20 जुलाई से ठहराव रहेगा। 15075/76 टनकपुर-शक्तिनगर एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 15074/75 शक्तिनगर-टनकपुर एक्सप्रेस प्रयागराज के मांडा स्टेशन पर रुकेगी।