विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर पतारा बाग कांड; शादीशुदा लग रही थी गर्भवती युवती, दो प्रेमी, एक दोगुनी उम्र का, दोनों पर हत्या का केस

Updated: Fri, 14 Aug 2026 10:58 PM (IST)

कानपुर के पतारा में एक गर्भवती युवती का शव मिलने के मामले में पुलिस ने उसके दो प्रेमियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। एक प्रेमी हिरासत में है, जबकि दूसरा, जो युवती से 25 साल बड़ा है, फरार है और उसकी तलाश में चार टीमें लगी हैं।

रेनू की फाइल फोटो। स्वजन

रेनू की फाइल फोटो। स्वजन

संवाद सहयोगी, घाटमपुर (कानपुर)। पतारा स्थित एक बाग में गुरुवार सुबह गर्भवती युवती का शव मिलने के मामले में पुलिस ने उसके दो प्रेमियों पर रिपोर्ट दर्ज की है। फतेहपुर निवासी एक प्रेमी को हिरासत में भी ले लिया गया है। दूसरा प्रेमी पतारा का ही है और युवती से करीब 25 साल बड़ा है। उसकी पत्नी का देहांत हो चुका है। बुधवार रात वह युवती को लेकर एलएलआर अस्पताल पहुंचा था। फिलहाल उसका नंबर बंद आ रहा है। पुलिस की चार टीमें गिरफ्तारी के लिए लगी हुई हैं।

पतारा निवासी राजेंद्र सोनकर की पुत्री 25 वर्षीय रेनू सोनकर का शव गुरुवार सुबह तिलसड़ा रोड पर शराब ठेका से 500 मीटर दूर बगीचे में पड़ा मिला था।

यह भी पढ़ें- Kanpur Dehat News: फोन पर बात करती हैं टीचर, स्कूल में नहीं होती पढ़ाई...शिकायत करने चौकी पहुंचा छात्र 

सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वाड भी पहुंचा था। स्वजन ने बेटी के छह माह की गर्भवती होने की बात बताई थी, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम में हुई थी। इसके साथ ही हत्या का आरोप लगाया था।

पुलिस ने जब सीडीआर निकाली तो पता चला कि रेनू की पतारा निवासी 50 वर्षीय गोले पांडेय और फतेहपुर के जहानाबाद थाना क्षेत्र निवासी प्रांजुल पाल से बातचीत चल रही थी। बुधवार रात भी करीब साढ़े सात बजे उसकी गोले पांडे से बात हुई और रात करीब साढ़े आठ बजे प्रांजुल पाल से बात हुई थी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने रात करीब सवा दस बजे दोनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की। इसके साथ ही प्रांजुल को हिरासत में भी ले लिया।

प्रांजुल ने बताया कि उसका ननिहाल हिरनी में है। वहां पर एक दोस्त अंकित रेनू से बात करता था। उसने ही रेनू का नंबर दिया था। करीब दो साल से उसकी बातचीत चल रही थी और कई बार मिले भी थे। प्रांजुल ने यह भी बताया कि बुधवार रात को रेनू ने फोन करके अस्पताल जाने की बात कही थी, इसके साथ ही रुपये भी मांगे थे।

एलएलआर अस्पताल ले गया था गोले

पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि 50 वर्षीय गोले पांडेय की पत्नी का निधन हो चुका है और बेटियों की शादी हो गई है। एक हाथ से दिव्यांग गोले के यहां पर रेनू के पिता राजेंद्र बटाईदार थे। गोले ने रेनू से कई वर्षों से संबंध बना रखे थे। बुधवार रात वह रेनू को कानपुर के एलएलआर अस्पताल ले गया था। वहां पहुंचते ही रेनू को मृत घोषित कर दिया गया था। इसके बाद गोले अस्पताल कर्मियों के सामने उसे अपनी बेटी बताकर रोया और पुलिस कार्रवाई न करने की गुहार लगाई। वह तुरंत ही वहां से शव ले गया।

बगीचे में फेंक गए शव

जांच में यह भी सामने आया कि प्राईवेट एंबुलेंस से वह शव लेकर आया और बगीचे में फेंककर चला गया। गुरुवार सुबह जब शव मिला तो रेनू के मुंह से झाग निकल रहा था। आशंका है कि गोले के सामने ही उसने जहरीला पदार्थ खाया होगा। फिलहाल गोले का नंबर बंद बता रहा है। उसकी आखिरी लोकेशन नौबस्ता में मिली है।

रेनू के परिवार पर काफी रुपये खर्च कर चुका है गोले

जानकारी के मुताबिक गोले पांडेय रेनू के परिवार पर काफी रुपये खर्च कर चुका है। उसने एक प्लाट भी उन्हें दिया है और स्कूटी दिलवाई थी। हालांकि, पुलिस की पूछताछ में रेनू के घरवालों ने बताया कि प्लाट उन्होंने किश्तों पर लिया था। गोले कानपुर में प्राईवेट नौकरी करता था और उसने ही रेनू की कानपुर में नौकरी लगवाई थी और उसे रहने के लिए कमरा दिलवाया था। रेनू का नंबर ट्रू कालर पर रेनू पांडेय के नाम से ही दर्ज है।


भटक रही थी रेनू, दो दिन बस स्टाप पर सोई

रेनू के स्वजन ने बताया था कि वह 11 जुलाई को घर से चली गई थी। हालांकि, पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि गर्भवती होने के चलते रेनू के स्वजन नाराज थे। वहीं, गोले ने भी हाथ खींच लिया था। इससे वह परेशान थी। किन्हीं हालातों में वह घर से निकली और फिर भटकती रही। दो दिन उसने झकरकटी बस स्टाप पर बिताए और अन्य जगहों पर गई। पुलिस के मुताबिक मामले की पूरी जानकारी की जा रही है।


बच्चा किसका डीएनए सैंपल से होगी जांच

रेनू गर्भवती किससे हुई यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रांजुल भी यह नहीं बता पाया। बच्चा किसका है, इसकी जांच के लिए बच्चे का डीएनए लिया गया था। अब आरोपितों के डीएनए सैंपल से उसका मिलान कराया जाएगा।


एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, गोले की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें लगी हैं। उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
- कृष्णकांत यादव, एसीपी