Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    निकाह समारोह में 'लेग पीस' कम मिले तो आपस में भिड़ गए घराती-बराती, दूल्हे ने स्टेज पर ही बोल दिया तीन तलाक

    Updated: Sun, 12 Apr 2026 02:00 AM (IST)

    कानपुर के ककवन रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में निकाह समारोह के दौरान खाने को लेकर वर और वधू पक्ष में विवाद हो गया। यह कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें दु ...और पढ़ें

    एआई जेनेरेटेड तस्वीर

    एआई जेनेरेटेड तस्वीर

    HighLights

    1. निकाह समारोह में खाने को लेकर हुआ विवाद।

    2. मारपीट के बाद दूल्हे ने दिया तीन तलाक।

    3. पुलिस हस्तक्षेप के बाद स्थिति हुई नियंत्रित।

    संवाद सहयोगी, जागरण, कानपुर। कस्बे में ककवन रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में शनिवार को आयोजित निकाह समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब खाने को लेकर बराती और जनाती पक्ष के बीच कहासुनी हो गई।

    देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और कुर्सियां व बर्तनों से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। इस दौरान दुल्हन पक्ष के चाचा जमील और चचेरे भाई सलीम जख्मी हो गए। इस बीच दूल्हे ने तीन तलाक बोल दिया।

    बारामऊ गांव निवासी गुड्डू ने अपनी पुत्री निशा का निकाह बिल्हौर निवासी पप्पू के पुत्र फजल से तय किया था। शनिवार को ककवन रोड स्थित गेस्टहाउस में निकाह की रस्म पूरी होने के बाद जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था, उसी दौरान कुछ बराती खाना खाने लगे।

    इसी बीच लेग पीस और गोश्त को लेकर जमील और सलीम की बराती जीशान से बहस हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। जीशान ने अपने साथियों को बुलाकर हमला कर दिया, जिससे दोनों जख्मी घायल हो गए।

    मारपीट की सूचना मिलने पर दूल्हा फजल भी आक्रोशित हो गया और जयमाल मंच से ही दुल्हन को तीन तलाक बोल दिया। इस घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव और बढ़ गया तथा गेस्ट हाउस में देर रात तक हंगामा चलता रहा।

    खबरें और भी

    सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और नशे में धुत कुछ लोगों को वहां से हटाया। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के इस कदम पर कड़ा विरोध जताते हुए पहले विदाई से इंकार कर दिया। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत और समझौते का प्रयास शुरू हुआ।

    बताया जा रहा है कि मौलवी की मौजूदगी में धार्मिक रीति-रिवाज से निकाह की रस्में दोबारा अदा की गईं, जिसके बाद दुल्हन को विदा कर दिया गया। हालांकि दूल्हे ने तीन तलाक बोलने और निकाह की रस्म दोबारा होने से इनकार किया।

    इंस्पेक्टर सुधीर कुमार के मुताबिक पुलिस को मौके पर बुलाया गया था, लेकिन कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। बाद में कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

    यह भी पढ़ें- हृदयविदारक... जब रो पड़ा पूरा गांव! बिल्हौर में दो बाइकों की टक्कर में उजड़ गए 3 घर, बहनों के इकलौते भाई समेत 3 की मौत