नेपाल आपदा का कहर, कानपुर के NRI परिवार के 3 सदस्य लापता; आखिरी बार 25 अगस्त को हुई थी बात
नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में बाढ़ और भूस्खलन के कारण कानपुर के तीन भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक कैलास मानसरोवर यात्रा ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कानपुर के तीन NRI नेपाल-तिब्बत सीमा पर लापता।
कैलास मानसरोवर यात्रा के दौरान बाढ़-भूस्खलन का शिकार।
25 अगस्त से संपर्क टूटा, परिवार ने दूतावास से मदद मांगी।
जागरण संवाददाता, कानपुर। नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई बाढ़ और भूस्खलन में कानपुर निवासी भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक पंकज मिश्र, उनकी पत्नी रागिनी मिश्र व भाभी पूनम मिश्र लापता हो गई हैं। तीनों सद्गुरु जग्गी वासुदेव के ईशा फाउंडेशन की ओर से कैलास मानसरोवर यात्रा कराने वाली विंग ईशा सेक्रेड वाक्स के साथ वहां गए थे। 25 अगस्त की शाम करीब साढ़े चार बजे परिवार के लोगों से उनकी अंतिम बार बातचीत हुई थी।
इसके बाद से मोबाइल फोन बंद हैं। स्वजन ने भारतीय दूतावास व सरकार से मदद की गुहार लगाई है। इससे पहले भी दंपती दीपक आहूजा और उनकी पत्नी मधु आहूजा के लापता होने की जानकारी मिली थी। इस तरह, पांच लोग कानपुर के लापता हैं।
प्रवीन द्विवेदी ने बताया कि उनके जीजा पंकज मिश्र, दीदी रागिनी और भाभी पूनम कैलास मानसरोवर यात्रा पर अमेरिका से गए थे। अंतिम बार बहन ने 25 अगस्त को काल पर बताया था कि तिब्बत के ग्यिरोंग आव्रजन केंद्र में रुके थे। यात्रा पूरी करने के बाद उन्हें तिमुरे के रास्ते नेपाल में प्रवेश कर काठमांडू पहुंचना था। खराब मौसम और प्राकृतिक आपदा के बीच तीनों से संपर्क टूट गया।
परिवार के मुताबिक, पंकज और उनके बड़े भाई धीरज 15 वर्ष पहले अमेरिका में जाकर बस गए थे। प्रवीन ने बताया कि परिवार लगातार भारतीय दूतावास के अधिकारियों से संपर्क कर रहा है। दूतावास को तीनों के लापता होने की जानकारी दी गई है, लेकिन अभी तक उनकी लोकेशन या सुरक्षित होने के संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है।
