कानपुर को 300 नई ई-बसों की सौगात: 28 सीटर एसी बसों से सुधरेगा शहर का पब्लिक ट्रांसपोर्ट; जानें किन रूटों पर चलेंगी
कानपुर को 300 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं, जिनके संचालन के लिए 5 एकड़ भूमि पर डिपो बनाने की तलाश जारी है। इन बसों से शहर की यातायात व्यवस् ...और पढ़ें

यात्रियों को लेकर रावतपुर की ओर जा रही ई-बस। जागरण
HighLights
पांच एकड़ जमीन पर बनेगा आधुनिक बस अड्डा
भूमि तलाश रहा नगर निगम
बसों के संचालन को तय हो गए हैं रूट
निर्मल पांडेय, कानपुर। शहर में 90 ई-बसें अहिरवां डिपो से संचालित हैं, लेकिन सरकार का प्रदूषण मुक्त पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवा को और आरामदेह बनाने पर जोर है। इसी क्रम में पिछले दिनों और 300 नई एसी ई-बसों (इलेक्ट्रिक बसों) का संचालन शुरू करने की योजना बनी है। ये बसें 28 सीटर हैं। यह बसें भी नगर सीमा में ही संचालित होंगी। रूटों का निर्धारण भी हो गया है।
नगरीय परिवहन निदेशालय ने नई ई-बसों का आवंटन कर दिया है। इन बसों के लिए बुनियादी ढांचे और डिपो के निर्माण के भी निर्देश जारी हो गए हैं। बसों के आने और संचालन में बस, डिपो बनने भर की देर है। नई बसों के बेहतर संचालन, चार्जिंग और रख-रखाव के लिए शहर में आधुनिक बस अड्डे (बस डिपो) का निर्माण होना है।
पांच एकड़ जमीन की जरूरत
इसके लिए न्यूनतम पांच एकड़ जमीन की जरूरत बताई गई है। नगर निगम की ओर से जमीन की तलाश शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि जमीन उपलब्ध होने के बाद कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस (जल निगम-कंस्ट्रक्शन एंड डिज़ाइन सर्विसेज) डीपीआर बनाएगा। फिर शासन से धनराशि की मांग होगी।
जल्द जमीन का होगा आवंटन
इस मामले में नगरीय परिवहन निदेशालय के निदेशक महेंद्र बहादुर सिंह ने नगर आयुक्त को विस्तृत निर्देश भी जारी किए हैं। निदेशक ने नगर आयुक्त से कहा है डिपो निर्माण के लिए यथाशीघ्र जमीन का आवंटन कराकर वस्तुस्थिति बताएं। पूर्व में एक मई को प्रमुख सचिव नगर विकास ने भी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए नगर निगम को तत्काल भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। निगम कर्मी जमीन चिह्नित करने में लगे हैं।
खबरें और भी
शहर के यातायात व्यवस्था में होगा बड़ा बदलाव
केसीटीएसएल (कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड) के प्रबंधक संचालन (चेकिंग) अमन सिंह ने बताया कि 300 इलेक्ट्रिक बसों के आने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। शहर की आबादी तेजी से बढ़ रही है और इस कारण सार्वजनिक परिवहन पर दबाव है।
बेहद सस्ता सफर
इन आधुनिक और वातानुकूलित (एसी) बसों के चलने से आम जनता को बेहद सस्ते, आरामदायक और सुरक्षित सफर की सुविधा मिलेगी। पर्यावरण को भी लाभ होगा। ये बसें पूरी तरह से इको-फ्रेंडली हैं। इससे शहर में बढ़ते वायु-ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगेगी। इसके साथ ही, नए बस अड्डे के निर्माण से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
ई-बसों का किराया घटाने की तैयारी
अहिरवां डिपो से अभी 100 बसों में 90 चल रही है। इनका लोड फैक्टर 51-55 प्रतिशत तक आ रहा है। केसीटीएसएल ई-बसों में यात्रियों की संख्या और अधिक बढ़ाने के लिए किराया कम करने का प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। न्यूनतम ढाई-से तीन किमी का किराया पांच रुपये रखने पर विचार चल रहा है। वर्तमान में न्यूनतम किराया 10 रुपये है। केसीटीएसएल के प्रबंधक संचालन ने बताया कि किराया कम करने का प्रस्ताव अगली बोर्ड बैठक में लाने की तैयारी है। किराया कम होने से लोड फैक्टर भी बढ़ेगा।
ये भी जानें
- 28 सीटर वाली हैं नई ई-बसें
- 05 एकड़ में बनेगा डिपो
- 90 ई-बसें पहले से चल रहीं
300 नई ई-बसों के लिए तय हुए नए रूट
| बस संख्या | रूट | मुख्य स्टॉपेज |
|---|---|---|
| 20 | जाजमऊ से आइआइटी | जाजमऊ, अशरफाबाद, सर्किट हाउस, फूलबाग, बड़ा चौराहा, चुन्नीगंज, मोतीझील, रावतपुर, यूनिवर्सिटी, कल्याणपुर, आइआइटी |
| 20 | रावतपुर से रनिया | रावतपुर, गुरुदेव, विश्वविद्यालय, कल्याणपुर, एलिम्को, टिकरा, मलिकपुर, मैथा, रनिया |
| 25 | सरसैयाघाट से सरैमिता | सरसैया घाट, बड़ा चौराहा, फूलबाग, घंटाघर, टाटमिल, किदवई नगर, नौबस्ता, गुजैनी, सराय मिता |
| 20 | रामादेवी से चिड़ियाघर | रामादेवी, पीएसी, रेल बाजार, झकरकटी, गुमटी नं-5, गोल चौराहा, रावतपुर, गुरुदेव, चिड़ियाघर |
| 25 | चकेरी से कल्याणपुर | चकेरी, रामादेवी, पीएसी, जरीब चौकी, गुमटी-5, कल्याणपुर |
| 20 | जाजमऊ से बड़ा चौराहा | जाजमऊ, रामादेवी, टाटमिल, घंटाघर, फूलबाग, बड़ा चौराहा |
| 20 | नौबस्ता से सिग्नेचर सिटी | नौबस्ता, बर्रा बाईपास, सीटीआई, विजय नगर, गोल चौराहा, रावतपुर, गुरुदेव, सिग्नेचर सिटी |
| 15 | नरौना चौराहा से कल्याणपुर | नरौना चौराहा, बड़ा चौराहा, चुन्नीगंज, केसा कॉलोनी, रामा डेंटल, कल्याणपुर |
| 15 | रामादेवी से सरसैया घाट | रामादेवी, टाटमिल, घंटाघर, मंडी एक्सप्रेस, फूलबाग, सरसैया घाट |
| 20 | अहिरवां से घंटाघर | अहिरवां, रामादेवी, पीएसी, डीआरएम, रेल बाजार मोड़, आशा माता मंदिर, घंटाघर |
| 20 | घंटाघर से अरमापुर | घंटाघर, टाटमिल, संगीत, फजलगंज, अरमापुर |
| 20 | रामादेवी से रावतपुर | रामादेवी, पीएसी, डीआरएम, टाटमिल, घंटाघर, एलआईसी, ग्रीन पार्क, कंपनी बाग, रावतपुर |
| 20 | रामादेवी से शताब्दी नगर | रामादेवी, कोयला नगर, नौबस्ता, सचान चौराहा, दीप चौराहा, फजलगंज, अरमापुर, शताब्दी नगर |
| 20 | रावतपुर से चौबेपुर | रावतपुर, गुरुदेव, यूनिवर्सिटी, कल्याणपुर, आइआइटी, मंधना, रामा मेडिकल, चौबेपुर |
| 20 | अहिरवां से देवकी नगर | अहिरवां, रामादेवी, दुर्गा मंदिर, टाटमिल, घंटाघर, किदवई नगर, श्रीराम चौक, देवकी नगर |
शहर में और 300 ई-बसों के संचालन के निर्देश मिले हैं। इसके लिए डिपो निर्माण कराया जाना है। पांच एकड़ जमीन की तलाश की जा रही है।
- अर्पित उपाध्याय, नगर आयुक्त
यह भी पढ़ें- कानपुर में अचानक मोबाइल पर तेज बीप संग आया अलर्ट मैसेज; जानें क्या है मामला? तुरंत हो जाएं सावधान