UP Digital Labor Chowk App: घर बैठे मोबाइल से बुक होंगे श्रमिक और ठेकेदार, कानुपर में श्रम विभाग की बड़ी पहल
श्रम विभाग ने कानपुर में 'यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप' लॉन्च किया है, जिससे श्रमिक और मिस्त्री घर बैठे काम पा सकेंगे और ठेकेदार आसानी से उन्हें हायर कर सक ...और पढ़ें

ये फोटो एआईजनरेटेड है।
HighLights
श्रम विभाग ने 'यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप' लॉन्च किया है।
श्रमिकों, मिस्त्री और ठेकेदारों का ऐप पर पंजीकरण हो रहा।
कानपुर में घर बैठे काम मिलेगा, अड्डों पर नहीं जाना होगा।
आशुतोष मिश्र, कानपुर। अब कोई भी व्यक्ति अपने मकान, दुकान या अन्य किसी तरह के निर्माण कार्य के लिए घर बैठे मजदूर और मिस्त्री बुला सकेगा। मजदूरों को भी काम की तलाश में कड़ी धूप, सर्दी और बरसात में श्रमिक अड्डों पर खड़ा नहीं होना पड़ेगा। श्रम विभाग ने यूपी डिजिटल लेबर चौक एप लांच किया है। इस पर श्रमिकों, मिस्त्री व ठेकेदारों का पंजीकरण किया जा रहा है।
श्रम विभाग ने एनजीओ के माध्यम से प्रथम चरण में एक माह में शहर के 10 हजार श्रमिकों का एप पर पंजीकरण करने का लक्ष्य रखा है। सभी श्रमिक अड्डों पर पहुंचकर उनका पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। ठेकेदारों को भी एप से जोड़ा जा रहा है, जिससे वह काम कराने के लिए श्रमिकों से एप पर ही संपर्क कर सकें।
अभी श्रमिक शहर के 22 अड्डों पर काम की तलाश में खड़े रहते हैं। यहां से ठेकेदार या जरूरतमंद लोग श्रमिकों और मजदूरों को काम पर ले जाते हैं। श्रम विभाग ने यूपी डिजिटल लेबर चौक एप लांच किया है। यह एप मोबाइल के माध्यम से मजूदरों और ठेकेदारों को जोड़ेगा। इस एप से काम के लिए मजदूरों और मिस्त्रियों को खोजना आसान हो जाएगा। मजूदरों को लेने के लिए श्रमिक अड्डों पर नहीं जाना होगा।
अपर श्रमायुक्त शमीम अख्तर ने बताया कि एनजीओ विज्ञान फाउंडेशन के माध्यम से श्रम विभाग के कर्मचारियों ने श्रमिक अड्डों पर पहुंचकर एप पर मजदूरों और मिस्त्रियों को का पंजीकरण करना शुरू कर दिया है। विज्ञान फाउंडेशन की जिला समन्वयक अंकिता त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को छपेड़ा पुलिया पर शिविर लगाया जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड व यूपी डिजिटल लेबर चौक एप दोनों पर ही श्रमिकों का पंजीकरण किया जाएगा।
खबरें और भी
ये हैं शहर के 22 श्रमिक अड्डे
संतलाल नगर चौराहा, बकरमंडी रावतपुर बाजार, पराग डेयरी नहर बाजार, छपेड़ा पुलिया काकादेव, गोविंद नगर बाटा चौराहा, सीसामऊ बाजार, मूलगंज चौराहा, किदवई नगर चौराहा, हरजिंदर नगर चौराहा, नवाबगंज, गुजैनी बाजार, कल्याणपुर बाजार, नौबस्ता बाजार, जाजमऊ बाजार, बिरहाना रोड बाजार, दादा नगर बाजार, पनकी पड़ाव बाजार, डिप्टी पड़ाव बाजार, गोपाल नगर बाजार, बिठूर बाजार, लोहिया फैक्ट्री बाजार, ग्वालटोली बाजार।
मिस्डकाल पर पंजीकरण का सुझाव
अपर श्रमायुक्त ने एप पर मजूदरों के उनके मोबाइल से मिस्ड काल देने पर पंजीकरण की सुविधा देने का सुझाव दिया है।कहा है कि बड़ी संख्या में श्रमिक एप डाउन लोड कर अपना पंजीकरण करने में सक्षम नहीं है। इसलिए पंजीकृत श्रमिकों के लिए एप पर एक मोबाइल नंबर दिया जाना चाहिए। उस पर मिस्ड काल देने पर पंजीकरण की सुविधा मिलनी चाहिए।
जिले में 689014 पंजीकृत श्रमिक
उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के सदस्य के रूप में जिले में 689014 श्रमिक पंजीकृत हैं। पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से श्रम विभाग लाभ देता है। योजनाओं का लाभ लेने के लिए श्रमिकों को अपना अंशदान जमा कर अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कराया जाना जरूरी होता है।