Kanpur News: किसने थप्पड़ मारा मेरे भाई को...फिर उसकी ससुराल जाकर मार दी भाभी की बहन को गोली
कानपुर के कैंट थानाक्षेत्र में बहन के देवर ने विवाद के बीच-बचाव करने आई बड़ी बहन चांदनी की गोली मारकर ...और पढ़ें

हत्यारोपित विनोद और चांदी की फाइल फोटो।
HighLights
बहन के देवर ने विवाद में बीच-बचाव करने पर गोली मारी
घायल चांदनी को अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित
आरोपी विनोद साथियों संग फरार, पुलिस तलाश में जुटी
जागरण संवाददाता, कानपुर। कैंट में रविवार शाम बहन और उसके देवर के बीच हो रहे विवाद में बीच-बचाव करने पहुंची बड़ी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि छोटी बहन के देवर ने तमंचे से उसके पेट में गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपित अपने पांच साथियों के साथ दो बाइकों से फरार हो गया। स्वजन लहूलुहान हालत में उसे लेकर केपीएम अस्पताल पहुंचे, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सत्तीचौरा घाट निवासी सरोजनी ने वर्ष 2022 में उन्नाव के गंगाघाट थानाक्षेत्र के कल्लूपुरवा निवासी संतोष से विवाह किया था। सरोजनी के परिवार में उसकी बहनें रोशनी, चांदनी और अंजली हैं। करीब दो वर्ष पहले सरोजनी का पति संतोष से विवाद हो गया था। पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बाद से वह मायके में रह रही थी। परिवार वालों के मुताबिक रविवार शाम संतोष घर आया था। इस दौरान उसका पत्नी सरोजनी से विवाद हो गया।
कुछ देर बाद संतोष वहां से चला गया। उसके जाने के करीब एक घंटे बाद संतोष का छोटा भाई विनोद, अजय और अंशू समेत पांच साथियों को लेकर दो बाइकों से घर पर आ धमका। घर में घुसते ही विनोद ने सरोजनी से झगड़ा शुरू कर दिया। उसने पूछा कि उसके भाई संतोष को किसने थप्पड़ मारा था। सरोजनी ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन विनोद ने उसे पीटना शुरू कर दिया।
बहन को पीटते देख मायके में मौजूद बड़ी बहन 28 वर्षीय चांदनी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इसी दौरान विनोद ने तमंचा निकालकर चांदनी के पेट में गोली मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई। विनोद साथियों संग मौके से भाग निकला। चांदनी ने चार साल पहले मुहल्ले में रहने वाले उपेंद्र से प्रेम विवाह किया था, जो एक होटल में नौकरी करता है। उनके एक तीन साल की बेटी परी है।
एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि आरोपित विनोद और उसके साथियों की तलाश में तीन टीमें लगाई गई है। परिवार वालों से तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
