कानपुर में पत्नी ने आशिक के प्यार में अंधा होकर पति को चाकू से गोदा, 8 साल पुराने प्यार को दी दर्दनाक मौत
कानपुर में पत्नी निहारिका कश्यप ने अपने प्रेमी के कहने पर पति मनीष गुप्ता की चाकू मारकर हत्या कर दी। तीन साल के प्रेम प्रसंग के चलते हुई इस घटना में म ...और पढ़ें

हत्यारोपित पत्नी निहारिका व पति मनीष की फाइल फोटो। पुलिस
HighLights
नीलवाली गली में पांच जून को हुई थी घटना, इलाज के दौरान हुई मृत्यु, आठ साल पहले किया था प्रेमविवाह
तीन साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग,पिता की तहरीर पर दर्ज हुई रिपोर्ट आरोपित पत्नी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, कानपुर। फीलखाना थानाक्षेत्र में प्रेमप्रसंग के चलते पत्नी ने प्रेमी के कहने पर पति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पांच जून की हुई इस घटना में गंभीर रूप से घायल पति को एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान मंगलवार तड़के उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
फीलखाना थानाक्षेत्र के नीलवाली गली स्थित बालाजी धाम अपार्टमेंट निवासी रामकिशोर गुप्ता कपूर का कारोबार करते हैं। परिवार में पत्नी मीरा गुप्ता और 45 वर्षीय बेटा मनीष और बेटी पूनम है जिसकी शादी हो चुकी है। रामकिशोर ने बताया कि उनका बेटा मनीष किराना बाजार में कमीशन एजेंट का काम करता था। इस दौरान उसकी मुलाकात बिरहाना रोड स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षिका निहारिका कश्यप से हुई थी।
दोनों की शादी को परिवार भी थे सहमत
दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए और दोनों के परिवारों की सहमति से 30 जून 2017 को दोनों की शादी करा दी गई। दंपती का छह वर्षीय बेटा रियांश है। स्वजन ने बताया कि शादी के बाद निहारिका के कहने पर मनीष ने कमीशन एजेंट का काम छोड़ दिया था। इसके बाद स्वजन ने उसे नयागंज के रामगंज इलाके में कपूर के कारोबार के लिए कार्यालय भी दिलवाया। परिवार में सबकुछ ठीक चल रहा था।
3 साल पहले जम्मू कश्मीर के युवक से हुआ प्यार
करीब तीन साल पहले निहारिका का जम्मू कश्मीर निवासी एक युवक से प्रेमप्रसंग शुरू हो गया। दोनों घंटों फोन पर बातचीत करते थे। इस बात को लेकर मनीष और निहारिका के बीच अक्सर विवाद होने लगा था। रामकिशोर के मुताबिक, पांच जून की दोपहर करीब एक बजे मनीष ने पत्नी को फोन पर बात करते हुए देखा और इसका विरोध किया। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
खबरें और भी
सब्जी काटने वाली चाकू से किए कई वार
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर निहारिका ने रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से मनीष के पेट में कई वार कर दिए। चीख सुनने के बाद निहारिका ने प्रेमी से पति मनीष को चाकू मारने की बात बताई, इस पर उसने कहा कि आज इसका काम तमाम कर दो। चीख-पुकार सुनकर स्वजन मौके पर पहुंचे और घायल मनीष को तत्काल बिरहाना रोड स्थित केपीएम अस्पताल ले गए। जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रेमी से बात करते समय की वारदात
स्वजन का दावा है कि एलएलआर अस्पताल में इलाज के दौरान जब मनीष को होश आया तो उसने पिता को पूरी घटना बताई। मनीष ने आरोप लगाया कि हमला करते समय निहारिका अपने प्रेमी से फोन पर बात कर रही थी। मंगलवार तड़के इलाज के दौरान मनीष ने दम तोड़ दिया। इकलौते बेटे की मोत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ससुर ने दी बहू के खिलाफ शिकायत
पिता रामकिशोर ने फीलखाना थाने में बहू के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित निहारिका को गिरफ्तार कर लिया। फीलखाना थाना प्रभारी अभय प्रताप ने बताया कि हत्यारोपित पत्नी निहारिका के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा लगाई गई थी। मनीष की मौत के बाद मुकदमे को हत्या में तरमीम किया जा रहा है। हत्यारोपित पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
बेटे रियांश ने दादी-बाबा को बताया कि मम्मी किसी से बात कर रही हैं
मनीष के पिता रामकिशोर ने बताया कि बहू निहारिका का तीन साल से अफेयर चल रहा था। जिसकी वजह से अक्सर उसका फोन बिजी रहता था। मनीष उससे पूछता तो वह कहती कि अपनी मां और बहन से बात कर रही थी। एक दिन फोन पर बात करने के दौरान निहारिका को बेटे रियांश ने देख लिया, जिसके बाद वह भागता हुआ अपने दादी– बाबा के पास पहुंचा और बोला कि मम्मी किसी लड़के से बात कर रही हैं। जब मनीष को इसकी जानकारी हुई तो वह निहारिका पर कड़ी नजर रखने लगा।
महिला थाने में भी हुआ सुलह समझौता
जब निहारिका के बारे पति मनीष और स्वजन को जानकारी हुई तो उन्होंने सख्ती शुरू कर दी। इस पर वह उन पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाने लगी। पिता राजकिशोर ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले निहारिका ने महिला थाने में दहेज उत्पीड़न की शिकायत कर दी। उसने पति व ससुरालीजन पर आरोप लगाया कि शादी के आठ साल बाद उससे नकदी और कार की मांग की जा रही है। जब उसने मना कर दिया तो आए दिन उसके साथ मारपीट की जाती है। जिसके बाद पुलिस ने दोनों के बीच सुलह–समझौता कराया।