कानपुर में दबंगई, प्लॉट पर कब्जे के विरोध पर वृद्धा को पीटा और मांगी 7 लाख की रंगदारी; यूट्यूबर समेत 10 पर केस
कानपुर के हनुमंत विहार में एक प्लॉट पर कब्जे और सात लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में यूट्यूबर समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। व ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
यूट्यूबर समेत 10 लोगों पर प्लॉट कब्जे का आरोप।
वृद्धा से मारपीट कर सात लाख की रंगदारी मांगी।
डीसीपी दक्षिण के निर्देश पर मुकदमा दर्ज, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, कानपुर। हनुमंत विहार में प्लॉट पर कब्जा कर सात लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में यूट्यूबर समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता ने मामले में कार्रवाई के लिए डीसीपी दक्षिण से गुहार लगाई थी। उनके निर्देश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अर्रा गांव निवासी वृद्धा ने पुलिस को बताया कि एटा निवासी उनके दामाद का खाड़ेपुर में करीब 60 वर्गगज का प्लॉट है।
आरोप है कि 29 जून को क्षेत्र निवासी आयुष साहू, उसके पिता रविंद्र साहू, सरिता साहू, दीपक साहू, उपेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बाबा ठाकुर, यूट्यूबर गौरव कुशवाहा समेत तीन-चार अन्य लोग प्लॉट पर पहुंचे। आरोपितों ने जमीन पर कब्जा करने की नीयत से निर्माण शुरू करा दिया। जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचीं और प्लॉट दामाद के नाम होने की बात कहते हुए निर्माण रुकवा दिया।
आरोप है कि इस पर आरोपितों ने गाली गलौज करते हुए सात लाख रुपये की रंगदारी मांगी। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में उनके कपड़े भी फाड़ दिए। आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। हनुमंत विहार थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि वृद्धा की तहरीर पर रंगदारी मांगने, लज्जा भंग करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।