हाथीगांव हत्याकांड का खुलासा होते ही थाने में संगीतमय सुंदरकांड, मन्नत पूरी होने पर महाराजपुर पुलिस ने कराया भंडारा
महाराजपुर पुलिस ने हाथीगांव हत्याकांड का खुलासा कर दिया है, जिसके बाद थाने में संगीतमय सुंदरकांड का पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया। यह आयोजन पुलिस द् ...और पढ़ें

महाराजपुर थाने में सुंदरकांड के बाद आरती करते महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह दाएं। इंटरनेट
HighLights
शनिवार को हाथीगांव हत्याकांड के खुलासे के बाद थाने में हुआ सुंदरकांड का पाठ, भंडारे का हुआ आयोजन
पिछले एक माह से लगातार हो रही घटनाओं से पुलिस थी परेशान, हो रही थी फजीहत
हत्या के खुलासे के लिए पुलिस ने थाने के मंदिर में मांगी थी मन्नत, पूरी होते ही हुआ आयोजन
संवाद सहयोगी, महाराजपुर(कानपुर)। पिछले एक माह से महाराजपुर में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा था।एक के बाद एक लगातार हो रही घटनाओं से पुलिस परेशान हो उठी। पहले हाथीपुर के गोलू सिंह की हत्याकांड में पुलिस की खूब फजीहत हुई थी। वहीं बुधवार रात हाथीगांव में किसान की नृशंस हत्या के बाद पुलिस पर एक बार फिर सवाल उठने लगे। पुलिस को जब कोई रास्ता नहीं दिखा तो वो भगवान के सामने दंडवत हो गई।
घटना के खुलासे व हत्यारोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रार्थना कर मन्नत मांगी गई। अंततः थाने पर आए संकटों के निवारण के लिए महाराजपुर पुलिस संकट मोचन हनुमान जी महाराज की शरण में जाकर नतमस्तक हो गई। आखिरकार हनुमान जी ने पुलिस की प्रार्थना सुनी और शनिवार को पुलिस ने हाथीगांव हत्याकांड का खुलासा कर दिया। उसके बाद थाने में शनिवार शाम संगीतमय सुंदरकांड का पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया।
महाराजपुर में पिछले एक माह में अपराध में तेजी आ गई थी। अपराधी बेलगाम हो गए थे।पहले 15 जून को हाथीपुर में गोलू सिंह की हत्या कर शव हाईवे किनारे फेंक दिया गया। हत्यारोपितों की गिरफ्तारी न होने पर बवाल, हंगामा व तोड़फोड़ की गई।15 दिनो तक गांव में पीएसी की तैनाती रही। लापरवाही पर तत्कालीन थाना प्रभारी को निलंबित किया गया। उसी के तीन दिन बाद खोजऊपुर नाले में युवक का शव मिला था।
हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका व्यक्त की गई थी। ये तो कहो हाथीपुर हत्याकांड के मुख्य आरोपित इशाक ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। वरना पुलिस की साख दांव पर लगी थी। उसी के बाद मार्ग दुर्घटना में तीन लोगों की मौत और नौ लोग घायल हो गए थे। इसके बाद बीते बुधवार की रात रही सही कसर हाथीगांव में किसान की धारदार हथियार से हत्या के बाद पूरी हो गई।
खबरें और भी
पुलिस के लिए हत्या का खुलासा व आरोपितों की गिरफ्तारी चुनौती बन गया था। पहले हाथीपुर व बाद में हाथीगांव हत्याकांड पुलिस के लिए परेशानी का सबब बना हुआ था। आखिरकार थकी - हारी व परेशान पुलिस हनुमान जी की शरण में पहुंची। बुधवार को हाथीपुर हत्याकांड के बाद पुलिस के अधिकारी भी मान रहे थे कि थाने के ग्रह - नक्षत्र ठीक नहीं चल रहे। थाने पर राहु - केतु की लगी बुरी नजर से हनुमान जी ही रक्षा कर पाएंगे। हवन - पूजन कराने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।आखिरकार भगवान से प्रार्थना की गई।
अगले दिन शुक्रवार को ही चमत्कार हुआ। हाथीपुर हत्याकांड का फरार आरोपित नवीन खां पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तार कर उसको जेल भेजा गया। उसी दिन हाथीगांव हत्याकांड का भी महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लग गया। उसी सुराग से हत्या का खुलासा हुआ। शनिवार को पुलिस ने हाथीगांव हत्याकांड का भी खुलासा कर आरोपित को जेल भेजा। उसी के बाद थाना परिसर स्थित मंदिर में पुलिस ने संगीतमय सुंदरकांड का पाठ कराया और भंडारा किया। सभी ने भगवान को धन्यवाद दिया।
महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि कई माह पूर्व थाना परिसर में मंदिर बनवाकर देव प्रतिमाओं की स्थापना कराई गई थी। लेकिन उसके बाद नियमित पूजा नहीं हो रही थी। उसी क्रम में आज सफाई - धुलाई व वस्त्र आदि मूर्तियों के बदलवाकर सुंदरकांड व भंडारे का आयोजन कराया गया। ये भी मन में था कि नियमित पूजन प्राण प्रतिष्ठित विग्रहों का नहीं हो रहा है। तो कहीं इसी कारण थाना क्षेत्र में अशांति तो नहीं। इसी कारण धार्मिक अनुष्ठान कराया गया।