Kanpur Weather Alert: कानपुर में झमाझम बारिश, 30 KM की रफ्तार से चली हवा, 31 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
कानपुर में शनिवार को तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे उमस से राहत मिली और दिन में ही अंधेरा छा गया। मौसम विभाग ने 31 जुलाई तक मानसून के सक्रिय ...और पढ़ें

चावला मार्केट से बीएम मार्केट जाने वाली सड़क पर भरा पानी । जागरण
HighLights
कानपुर में तेज हवाओं संग झमाझम बारिश, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव से मानसून सक्रिय हुआ।
शाम को काले बादलों ने दिन में ही बिछा दी रात, 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवा
जुलाई की वर्षा सामान्य के करीब, 31 जुलाई तक मानसून के और मेहरबान होने के संकेत, तेज बारिश
जागरण संवाददाता, कानपुर। कई दो दिनों से उमस की चुभन झेल रहे शहर पर शनिवार को आखिरकार मानसून मेहरबान हो ही गया। सुबह से आसमान पर बादलों और धूप की आंखमिचौली चलती रही, लेकिन दोपहर के बाद से मौसम ने ऐसा करवट ली कि देखते ही देखते काले बादलों ने पूरे आसमान को ढक लिया। तेज हवा के साथ शुरू हुई झमाझम वर्षा ने तपिश और उमस दोनों को कम कर दिया। घने बादलों के कारण दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया और कई जगह वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। बारिश की फुहारों के साथ चली ठंडी हवा ने लोगों को लंबे समय बाद राहत का अहसास कराया।
दरअसल, मौसम का यह बदला मिजाज बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र, उत्तर प्रदेश के ऊपरी हिस्से में सक्रिय विक्षोभ और कानपुर के निकट से गुजर रही मानसून ट्रफ लाइन के संयुक्त असर का परिणाम है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक जुलाई के अंतिम सप्ताह में मानसून के कमजोर पड़ने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन इन मौसमी तंत्रों ने मानसून को फिर से रफ्तार दे दी।
शाम के समय करीब 25 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवा के बाद शहर के अधिकांश हिस्सों में तेज वर्षा हुई। सिविल लाइंस में 16.7 मिमी, नौबस्ता में 15.1 मिमी, कंपनी बाग में 14.9 मिमी, काकादेव में 12.3 मिमी और एयरफोर्स स्टेशन पर 7.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जुलाई माह में अब तक कुल 297.5 मिमी वर्षा रिकार्ड हो चुकी है, जो सामान्य वर्षा के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई है।
दिनभर बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में बहुत अधिक गिरावट नहीं आई। अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर दिन में 91 और रात में 92 प्रतिशत तक पहुंच गया। हालांकि शाम की वर्षा के बाद उमस काफी कम हो गई और मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि रविवार और सोमवार को भी हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना बनी हुई है। इसके बाद 31 जुलाई तक मानसून और सक्रिय होगा तथा मध्यम से तेज वर्षा का दौर देखने को मिल सकता है। हालांकि स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण वर्षा के समय और तीव्रता में बदलाव संभव है। उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कहीं भी हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
उन्होंने बताया कि पूर्वी हवा का प्रवाह लगातार बना हुआ है और बंगाल की खाड़ी में आगे भी कम दबाव के क्षेत्र बनने की संभावना है। ऐसे में अगस्त के पहले पखवाड़े तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने और सामान्य से अच्छी वर्षा होने के संकेत हैं।
डा. पांडेय ने बताया कि वर्षा के आंकड़े भी इस बार बेहतर मानसून की ओर इशारा कर रहे हैं। जुलाई में अब तक 297.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि कानपुर में पूरे जुलाई महीने का सामान्य वर्षा औसत 299 से 354 मिमी के बीच माना जाता है। यानी महीने के छह दिन बाकी रहते ही सामान्य वर्षा का आंकड़ा लगभग छू लिया गया है। यदि अगले कुछ दिनों तक वर्षा का यही सिलसिला जारी रहा तो इस बार जुलाई पिछले वर्ष के रिकार्ड के करीब पहुंच सकती है। वर्ष 2024 में जुलाई में 318.06 मिमी और 2023 में 306.95 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी। वहीं वर्ष 2020 में 440.60 मिमी बारिश के साथ जुलाई सबसे अधिक वर्षा वाले वर्षों में शामिल रहा था।