जाजमऊ के नए गंगा पुल से जुड़ेगा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे, गडकरी ने सर्वे और DPR के दिए निर्देश
सांसद रमेश अवस्थी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को जाजमऊ में नए गंगा पुल से जोड़ने का प्रस्ताव रखा। गडकरी ने इस ...और पढ़ें

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करते सांसद रमेश अवस्थी। सांसद
HighLights
जाजमऊ में नए गंगा पुल से जुड़ेगा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने सर्वे और डीपीआर के निर्देश दिए।
कानपुर की अन्य सड़क परियोजनाओं पर भी हुई चर्चा।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर की वर्षों से लंबित सड़क परियोजनाओं को लेकर गुरुवार को नई दिल्ली में हुई अहम मुलाकात से शहर के लिए बड़ी उम्मीद जागी है। सांसद रमेश अवस्थी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की शहर से सीधी कनेक्टिविटी, जाजमऊ में नए गंगा पुल के निर्माण, गोल चौराहा से रामादेवी तक प्रस्तावित एलीवेटेड रोड, गंगा एक्सप्रेसवे से कानपुर को जोड़ने तथा इनर रिंग रोड समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। केंद्रीय मंत्री ने सभी विषयों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को सर्वे, व्यवहार्यता परीक्षण और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद रमेश अवस्थी ने सबसे पहले लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे का नाम भले ही लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे है, लेकिन इसकी सीधी कनेक्टिविटी कानपुर शहर से नहीं होने के कारण शहरवासियों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि उन्नाव में जहां एक्सप्रेसवे समाप्त होता है, वहां से जाजमऊ तक नया गंगा पुल बनाकर अथवा एलिवेटेड सड़क विकसित कर इसे सीधे कानपुर से जोड़ा जाए। इससे शहर के लोग बिना भीड़भाड़ वाले मार्गों से सीधे एक्सप्रेसवे पर पहुंच सकेंगे और लखनऊ की यात्रा अधिक तेज और सुगम हो जाएगी।
शीघ्र रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश
सांसद के अनुसार जाजमऊ में नया गंगा पुल बनने से पूर्वी कानपुर, चकेरी, जाजमऊ और आसपास के क्षेत्रों को विशेष लाभ मिलेगा। शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा और औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंच भी आसान बनेगी। इस प्रस्ताव पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने तत्काल मंत्रालय और एनएचएआइ के अधिकारियों को बुलाकर निर्देश दिए कि पुल, सड़क अथवा एलिवेटेड कॉरिडोर जैसे सभी विकल्पों का अध्ययन कर शीघ्र रिपोर्ट तैयार की जाए।
गोल चौराहा से रामादेवी एलीवेटेड रोड पर हुई चर्चा
इस दौरान गोल चौराहा से रामादेवी चौराहे तक प्रस्तावित एलीवेटेड रोड परियोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने बताया कि परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन यूटिलिटी शिफ्टिंग पर आने वाले भारी खर्च के कारण निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। उन्होंने आग्रह किया कि इस खर्च का वहन केंद्र सरकार करे, ताकि लंबे समय से अटकी परियोजना का शिलान्यास कर निर्माण शुरू कराया जा सके।
खबरें और भी
जाम से मिलेगी राहत
इस पर केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और यूटिलिटी शिफ्टिंग से जुड़े वित्तीय प्रस्ताव का परीक्षण कर शीघ्र समाधान निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनकी पहले भी चर्चा हो चुकी है और जल्द ही इसका रास्ता निकाल लिया जाएगा। एलीवेटेड रोड बनने से गोल चौराहा से रामादेवी चौराहे और जीटी रोड के आसपास के इलाकों में वर्षों से लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कानपुर की सीधी कनेक्टिविटी गंगा एक्सप्रेसवे से
सांसद रमेश अवस्थी ने गंगा एक्सप्रेसवे से कानपुर को जोड़ने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यदि कानपुर की सीधी कनेक्टिविटी गंगा एक्सप्रेसवे से हो जाती है तो प्रदेश के अन्य हिस्सों तक आवागमन और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इस पर केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को उत्तर प्रदेश सरकार के साथ समन्वय कर व्यवहारिक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री से स्वयं इस विषय पर चर्चा करने का भी आश्वासन दिया।
कानपुर-कबरई ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान कानपुर-कबरई ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की प्रगति पर भी चर्चा हुई। सांसद ने निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को इस परियोजना की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे बुंदेलखंड और कानपुर के बीच संपर्क को मजबूत करेगा तथा यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। इसके अलावा सांसद ने कानपुर के प्रस्तावित इनर रिंग रोड का विषय भी उठाया। हालांकि उन्होंने कहा कि फिलहाल लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी, एलीवेटेड रोड और गंगा एक्सप्रेसवे जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।
आधुनिक सड़क संपर्क की बड़ी सौगात मिलेगी
बैठक के बाद सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित कानपुर उनका संकल्प है। बेहतर सड़क नेटवर्क से उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय मंत्री के निर्देशों के बाद सभी परियोजनाओं पर प्रक्रिया तेज होगी और आने वाले समय में कानपुर को आधुनिक सड़क संपर्क की बड़ी सौगात मिलेगी।