अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्ट करने पर BJP सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ कार्रवाई की मांग, कानुपर से लेकर इटावा तक सपा का प्रदर्शन
समाजवादी युवजन सभा ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ पुलिस आयुक्त कार्यालय, कानपुर में तहरीर दी है। यह तहरीर अखिलेश यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर भ ...और पढ़ें

ज्ञापन देते सपा युवजन सभा के पदाधिकारी। युवजन सभा
HighLights
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ कार्रवाई की मांग।
अखिलेश यादव पर भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट का आरोप।
कानपुर में पुलिस आयुक्त को दी गई तहरीर।
जागरण टीम, कानपुर/उन्नाव/इटावा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के संबंध में कथित रूप से भ्रामक, आधारहीन और मानहानिकारक पोस्ट के बाद कार्यकर्ताओं में रोष है। कानपुर से लेकर उन्नाव, इटावा में कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग की।
कानपुर में समाजवादी युवजन सभा के महानगर अध्यक्ष अर्पित त्रिवेदी के नेतृत्व में सपा नेताओं ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ पुलिस आयुक्त कार्यालय में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। तहरीर पुलिस आयुक्त के स्टाफ ऑफिसर योगेश कुमार को सौंपी गई।
सपा नेताओं का आरोप है कि सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के संबंध में कथित रूप से भ्रामक, आधारहीन और मानहानिकारक पोस्ट प्रसारित की है। तहरीर में कहा गया है कि बिना किसी प्रमाण के गंभीर आरोपों का प्रचार-प्रसार कर एक राष्ट्रीय दल के शीर्ष नेता की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। इससे समाज में भ्रम और वैमनस्य फैलने के साथ कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
तहरीर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। साथ ही फर्जी सोशल मीडिया खातों के माध्यम से कथित दुष्प्रचार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।
खबरें और भी
इस दौरान छात्र सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. इमरान, यूथ ब्रिगेड ग्रामीण के जिलाध्यक्ष सौरभ सिंह, युवजन सभा ग्रामीण के जिलाध्यक्ष अभय पुरी, अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष जमालुद्दीन जुनैदी, रामा यादव, अभिजीत गुप्ता, सत्यम त्रिवेदी, गौतम निगम, पुष्कल यादव, दीपक श्रीवास्तव, उदय द्विवेदी, रोहित दीक्षित, धीरू पटेल, संतोष कठेरिया, सौरभ यादव और रोहित निगम सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इटावा में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे समेत पांच के खिलाफ सपाइयों ने दी तहरीर
सपा के प्रदेश सचिव गोपाल यादव के नेतृत्व में 24 सभासद, सपा नेता और कार्यकर्ता सोमवार देर रात थाना फ्रेंड्स कालोनी पहुंचे और भाजपा के झारखंड के गोड्डा लोकसभा सीट से सांसद निशिकांत दुबे समेत पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी। सपा प्रदेश सचिव ने बताया कि अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक पोस्ट प्रसारित कर मानहानि की गई है। कहा गया कि टुन्नू यादव ने ढाई साल में अखिलेश यादव से 980 बार फोन पर बात की है। यह बात गलत और मनगढ़ंत है, उनकी छवि को बदनाम किया जा रहा है।
उन्नाव में भी अखिलेश यादव पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर रिपोर्ट की मांग
समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय महासचिव संजीव त्रिवेदी ने थाना बांगरमऊ में शिकायती पत्र देकर बताया कि इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संबंध में कथित रूप से भ्रामक पोस्ट प्रसारित की गई है। बताया कि चार जुलाई को सरवन प्रसाद बालासुब्रमण्यम ने पोस्ट प्रकाशित की, इसे बाद में निशिकांत दुबे ने अपने अकाउंट से साझा किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे अखिलेश यादव की छवि धूमिल हुई, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुईं है। उन्होंने मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।