भारतीय टीम के पूर्व गेंदबाज सुदीप त्यागी बनेंगे UP टी-20 टीम के मुख्य कोच, 14 नवंबर से खेले जाएंगे मुकाबले
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज सुदीप त्यागी सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के लिए उत्तर प्रदेश टीम के मुख्य कोच बनने ...और पढ़ें

पूर्व क्रिकेटर सुदीप त्यागी। इंटरनेट मीडिया
HighLights
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज सुदीप त्यागी बनेंगे यूपी टी-20 कोच।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 14 नवंबर से मुंबई में होगी शुरू।
सुदीप ने पहले हैदराबाद अंडर-19 टीम को कोचिंग दी थी।
जागरण संवाददाता, कानपुर। भारतीय टीम के पूर्व गेंदबाज सुदीप त्यागी का सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्राफी में उत्तर प्रदेश टीम का कोच बनना लगभग तय हो गया है। 14 नवंबर से मुंबई में शुरू होने वाले टी-20 मुकाबलों में उत्तर प्रदेश की टीम राजस्थान के साथ अभियान की शुरुआत करेगी। गाजियाबाद के रहने वाले सुदीप इससे पहले हैदराबाद की अंडर-19 टीम के कोच थे।
पिछले सीजन में हैदराबाद ने वीनू माकड़ ट्राफी सुदीप की कोचिंग में ही हासिल की थी। उनके शानदार कोचिंग को देखते हुए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए ) ने उन्हें टी-20 टीम का कोच बनाने की तैयारी कर ली है। एक-दो दिन में यूपीसीए की ओर से सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्राफी के लिए उत्तर प्रदेश की टीम व मुख्य कोच के नाम घोषित किए जाएंगे।
नए सीजन में उत्तर प्रदेश की टीम रणजी में दमदार प्रदर्शन कर रही है। कोच ज्ञानेंद्र पांडेय व कप्तान आर्यन के नेतृत्व में एलीट ए ग्रुप में टीम ने 19 अंक हासिल कर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। अब 14 से शुरू हो रही टी-20 ट्राफी के लिए यूपीसीए ने नए कोच का नाम फाइनल कर लिया है। ज्ञानेंद्र पांडेय व अरविंद कपूर भी मुख्य कोच की दौड़ में शामिल थे, लेकिन बाजी पूर्व तेज गेंदबाज सुदीप ने अपने नाम की।
भारत के लिए चार वनडे और एक टी-20 समेत 14 आइपीएल खेल चुके सुदीप के कंधों पर टीम को टी-20 में बेहतर प्रदर्शन का जिम्मा रहेगा। सूत्र के मुताबिक, सुदीप को मुख्य कोच, संजीव को बल्लेबाजी व मंसूर को गेंदबाजी कोच बनाया जा सकता है।
वहीं, आसिफ जफर को फील्डिंग कोच तथा अर्जुन चौहान को टीम मैनेजर की जिम्मेदारी मिल सकती है। इसके साथ ही अतिरिक्त स्टाफ में इसरार अजीम खान को ट्रेनर, सुधीर कुमार सिंह को वीडियो एनालिस्ट, रसेल रोजर पिन्टो को फिजियो, बादल दीक्षित को मसाजर व साइड आर्म स्पेशलिस्ट के रूप में मो. अब्दुल्ला व आकाश शर्मा को टीम के साथ जोड़ा जा सकता है।
सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश के मुकाबलों का कार्यक्रम जारी किया गया है। यूपी की टीम 14 नवंबर को राजस्थान के खिलाफ अभियान शुरू करेगी। इसके बाद 16 नवंबर को कर्नाटक, 18 नवंबर को बड़ौदा और 20 नवंबर को चंडीगढ़ से मुकाबला होगा। टीम 22 नवंबर को झारखंड, 24 नवंबर को बंगाल और 26 नवंबर को मिजोरम के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
| तारीख | प्रतिद्वंद्वी टीम |
|---|---|
| 14 नवंबर | राजस्थान |
| 16 नवंबर | कर्नाटक |
| 18 नवंबर | बड़ौदा |
| 20 नवंबर | चंडीगढ़ |
| 22 नवंबर | झारखंड |
| 24 नवंबर | बंगाल |
| 26 नवंबर | मिजोरम |
यह भी पढ़ें- दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, कच्चे मकान की छत ढहने से दादी, बहू और 21 दिन के मासूम की मौत
यह भी पढ़ें- पहले पन्ने पर शुभ-लाभ, फिर शुरू होता है कारोबार; डिजिटल दौर में भी कानपुर के व्यापारी नहीं भूले बही-खाते की परंपरा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।