सीएसए दीक्षा में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के तेवर सख्त, बोलीं- दो महीने बाद फिर आऊंगी, हर व्यवस्था की होगी समीक्षा
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सीएसए के दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालयों में भ्रष्टाचार और फर्जी डिग्रियों पर चिंता जताई, डिजिलॉकर के उपयोग पर जोर दिया। ...और पढ़ें

HighLights
राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों में भ्रष्टाचार, फर्जी डिग्रियों पर सख्त टिप्पणी की।
डिजिलॉकर के उपयोग, छात्र सुविधाओं में सुधार के लिए निर्देश दिए।
दो महीने बाद विश्वविद्यालय का पुनः निरीक्षण करने की चेतावनी दी।
जागरण संवाददाता, कानपुर। पांच वर्ष पहले विश्वविद्यालयों में भ्रष्टाचार होता था, फर्जी डिग्रियां बेची जाती थीं। इसी पर रोक लगाने के लिए डिजिलॉकर व्यवस्था लागू करनी पड़ी। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के 28वें दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालयों की कार्यप्रणाली पर सख्त टिप्पणी करते हुए अधिकारियों को जवाबदेह बनने की नसीहत दी।
उन्होंने डिजिलॉकर से कम संख्या में डिग्री और अंकपत्र डाउनलोड होने पर नाराजगी जताई और कहा कि छात्रों को इस सुविधा का अधिकतम लाभ मिलना चाहिए। हरदोई और लखीमपुर खीरी परिसर के छात्रों को कम पदक मिलने पर भी सवाल उठाते हुए संबंधित शिक्षकों से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि इसका कारण बताना ही होगा।
राज्यपाल ने कहा कि कुलपति और कुलसचिव बनने का अर्थ केवल पद पर बैठना नहीं, बल्कि परिणाम देना है। यदि छात्रावास की मेस में गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिल रहा है तो ठेकेदार को हटाइए। छात्र देशभर से पढ़ने आते हैं और भोजन का शुल्क देते हैं, इसलिए उन्हें बेहतर सुविधा मिलनी चाहिए।
उन्होंने विश्वविद्यालय पुस्तकालय में पहले विश्वविद्यालय के छात्रों को प्राथमिकता देने, हॉस्टलों में वाशिंग मशीन लगाने, खेल मैदान और स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य केंद्र के एक चिकित्सक के व्यवहार पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि छात्रों से अच्छा व्यवहार होना चाहिए।
खबरें और भी
राज्यपाल ने कहा कि वह दो महीने बाद फिर विश्वविद्यालय का निरीक्षण करेंगी। साथ ही निर्देश दिया कि कुलपति से लेकर वित्त नियंत्रक तक सभी अधिकारी सप्ताह में एक घंटे परिसर की सफाई अभियान में स्वयं हिस्सा लें। उन्होंने यह भी कहा कि जिन महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर विश्वविद्यालय हैं, उनके जीवन और विचारों पर नियमित प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी चाहिए।
सीएसए के 28वें दीक्षांत में 372 विद्यार्थियों को मिली उपाधियां
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) का 28वां दीक्षांत समारोह शुक्रवार को आयोजित हुआ। समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 372 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की। जबकि उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले 33 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों से सम्मानित किया। समारोह के मुख्य अतिथि बिम्सटेक के महासचिव एवं भारत के पूर्व राजनयिक एंबेसडर डॉ. इंद्रमणि पांडेय है।
33 मेधावियों को राज्यपाल ने दिया पदक
कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि इस बार 69 शोधार्थियों को पीएचडी, 179 विद्यार्थियों को बीएससी कृषि, 28 को बीएससी उद्यान, 19 को बीएससी फॉरेस्ट्री, 10 को बीएससी कम्युनिटी साइंस, 52 को विभिन्न शाखाओं में बीटेक, आठ को बीएफएससी तथा सात विद्यार्थियों को बीटेक डेयरी टेक्नोलॉजी की उपाधि प्रदान की गई। वहीं कुलसचिव रेनू सिंह ने बताया कि 33 मेधावियों में नौ को कुलाधिपति स्वर्ण पदक, नौ को विश्वविद्यालय रजत पदक, नौ को विश्वविद्यालय कांस्य पदक तथा छह विद्यार्थियों को प्रायोजित स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। इनमें 14 छात्राएं और 19 छात्र शामिल हैं।
| कुलाधिपति स्वर्ण पदक | |||
|---|---|---|---|
| क्र. | नाम | पाठ्यक्रम / विषय | पदक |
| 1 | राहुल कुमार | बीएससी (ऑनर्स) कृषि | स्वर्ण |
| 2 | निधि कुमारी | बीएससी (ऑनर्स) कम्युनिटी साइंस | स्वर्ण |
| 3 | सक्षम मिश्रा | बीएससी (ऑनर्स) वानिकी | स्वर्ण |
| 4 | आस्था विश्वकर्मा | बीएससी (ऑनर्स) उद्यान | स्वर्ण |
| 5 | नेहा | बीटेक (कृषि अभियांत्रिकी) | स्वर्ण |
| 6 | जाह्नवी अवस्थी | बीटेक (कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग) | स्वर्ण |
| 7 | अभिषेक यादव | बीटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग) | स्वर्ण |
| 8 | महेन्द्र सिंह चौहान | बीटेक (डेयरी टेक्नोलॉजी) | स्वर्ण |
| 9 | आदित्य कुशवाहा | बीएफएससी (फिशरीज साइंस) | स्वर्ण |
| विश्वविद्यालय रजत पदक | |||
| क्र. | नाम | पाठ्यक्रम / विषय | पदक |
| 10 | अभिषेक त्रिपाठी | बीएससी (ऑनर्स) कृषि | रजत |
| 11 | टविंकल कुमारी सिंह | बीएससी (ऑनर्स) कम्युनिटी साइंस | रजत |
| 12 | अंकुर सिंह | बीएससी (ऑनर्स) वानिकी | रजत |
| 13 | निशांत गंगवार | बीएससी (ऑनर्स) उद्यान | रजत |
| 14 | मीनाक्षी गौतम | बीटेक (कृषि अभियांत्रिकी) | रजत |
| 15 | श्वेता सिंह | बीटेक (कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग) | रजत |
| 16 | राम शर्मा | बीटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग) | रजत |
| 17 | शिवानी पटेल | बीटेक (डेयरी टेक्नोलॉजी) | रजत |
| 18 | पूर्वी रावत | बीएफएससी (फिशरीज साइंस) | रजत |
| विश्वविद्यालय कांस्य पदक | |||
| क्र. | नाम | पाठ्यक्रम / विषय | पदक |
| 19 | ऋत्विक शर्मा | बीएससी (ऑनर्स) कृषि | कांस्य |
| 20 | नीतू रावत | बीएससी (ऑनर्स) कम्युनिटी साइंस | कांस्य |
| 21 | आशीष पाल | बीएससी (ऑनर्स) वानिकी | कांस्य |
| 22 | पुनीत कुमार | बीएससी (ऑनर्स) उद्यान | कांस्य |
| 23 | मोह शाहनिवाज | बीटेक (कृषि अभियांत्रिकी) | कांस्य |
| 24 | सजल पटेल | बीटेक (कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग) | कांस्य |
| 25 | प्रियंका प्रजापति | बीटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग) | कांस्य |
| 26 | मरियम खान | बीटेक (डेयरी टेक्नोलॉजी) | कांस्य |
| 27 | सौरभ कुमार | बीएफएससी (फिशरीज साइंस) | कांस्य |
| प्रायोजित स्वर्ण पदक | |||
| क्र. | पदक | विजेता | |
| 28 | राय साहब गणेश्वर लाल मेमोरियल स्वर्ण पदक | राहुल कुमार | |
| 29 | डॉ. कीर्तिकर मेमोरियल स्वर्ण पदक | अभिषेक त्रिपाठी | |
| 30 | आरपी स्वर्ण पदक | अभिषेक त्रिपाठी | |
| 31 | अक्षयवर सिंह मेमोरियल स्वर्ण पदक | राहुल कुमार | |
| 32 | डॉ. (प्रो.) हनुमान प्रसाद चौधरी स्वर्ण पदक | सक्षम मिश्रा | |
| 33 | प्रकाश रानी चतुर्वेदी मेमोरियल स्वर्ण पदक | निधि कुमारी | |