कानपुर में यूपी पुलिस आवास निगम के JE पर बड़ी कार्रवाई, 5 साल की जांच में आय से 39.48 लाख ज्यादा खर्च का खुलासा
यूपी पुलिस आवास निगम के जेई जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव पर आय से अधिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज हुआ है। जांच में पाया गया कि उन्होंने अपनी वैध आय से 39.48 ...और पढ़ें

HighLights
यूपी पुलिस आवास निगम के जेई पर मुकदमा दर्ज
आय से 39.48 लाख रुपये अधिक खर्च का खुलासा
एंटी करप्शन ने पांच साल की जांच के बाद की कार्रवाई
जागरण संवाददाता, कानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम के जेई (सिविल) पर एंटी करप्शन ने आय से अधिक संपत्ति बनाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। उनके खिलाफ वर्ष 2021 में शिकायत आई थी। पांच वर्ष जांच में निकला कि जेई ने आय से 39,48,251 रुपये अधिक खर्च किए हैं।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) कानपुर मंडल के प्रभारी जटाशंकर ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम के तत्कालीन जेई (सिविल) मूलरूप से औरैया के लहटोरिया गांव निवासी व हाल पता काकादेव के शिवपुरी में रहने वाले जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव की वैध स्त्रोतों से कुल आय 1,37,80,469 रुपये पाई गई, जबकि परिसंपत्तियों के अर्जन, पारिवारिक भरण पोषण व अन्य मदों पर उन्होंने 1,77,28,720 रुपये खर्च किए थे। इस तरह से जेई ने 39,48,251 रुपये अधिक खर्च किए, जिसके बारे में उनसे पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर उनके खिलाफ अधिकारियों के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
दो हजार का लालच देकर खाता खुलवाया, रिपोर्ट
कानपुर: रायपुरवा के लक्ष्मीपुरवा निवासी राहुल सोनकर ने बताया कि यश सोनकर ने इंडियन बैंक में खाता खुलवाने पर दो हजार रुपये मिलने का झांसा देकर पासबुक, एटीएम सहित अन्य दस्तावेज अपने पास रख लिए। काफी समय बीतने के बाद भी बैंक के दस्तावेज वापस मांगे तो वह मना करने लगा। कुछ समय बाद पुलिस ने खाते में संदिग्ध लेन-देन होने पर पूछताछ की। तब उन्हें अपने खाते का दुरुपयोग होने की बात पता चली। पीड़ित ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जासं
बाइक सवार लुटेरों ने मोबाइल लूटा
कानपुर: लखनऊ के जानकीपुरम निवासी महेंद्र गुप्ता ने बताया कि चार जुलाई को वह शहर आए थे। इस दौरान हरबंशमोहाल क्षेत्र में बाइक सवार लुटेरों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल लूट लिया और भाग निकले। पीड़ित ने हरबंशमोहाल थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। जासं
खबरें और भी
मारपीट और छेड़छाड़ के दो आरोपित गिरफ्तार
कानपुर: काकादेव थाना पुलिस ने मारपीट, छेड़छाड़ और बलवा के आरोपित सर्वोदय नगर रेलवे लाइन निवासी अमन उर्फ कल्लू और सुनील उर्फ बुग्गी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि चार साल पूर्व दर्ज मुकदमे में आरोपितों के खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जासं
अश्लील कमेंट्स कर रहा शोहदा दबोचा
कानपुर: स्वरूप नगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान मोतीझील मेट्रो स्टेशन के पास वहां से आने जाने वाली महिलाओं और युवतियों से अश्लील कमेंट्स करने वाले आरोपित शेाहदे को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित बेनाझाबर का रहने वाला आकाश गौतम है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जासं