Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कानपुर मंडल में पर्यटन को मिलेगा नया बूस्ट, 31.80 करोड़ की 25 परियोजनाएं, मंदिरों से ईको-टूरिज्म स्थलों तक होगा विकास

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 09:38 PM (IST)

    कानपुर मंडल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 31.80 करोड़ रुपये की 25 नई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, जिनमें धार्मिक स्थलों, सांस्कृतिक विरासत और ईको-टूर ...और पढ़ें

    कानपुर नगर के बिठूर स्थित ज्वाला देवी मंदिर, कल्याणपुर के भूतेश्वर महादेव मंदिर, कन्नौज संग्रहालय।

    कानपुर नगर के बिठूर स्थित ज्वाला देवी मंदिर, कल्याणपुर के भूतेश्वर महादेव मंदिर, कन्नौज संग्रहालय। 

    HighLights

    1. कानपुर मंडल में 25 पर्यटन परियोजनाएं स्वीकृत

    2. 31.80 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य

    3. धार्मिक, सांस्कृतिक और ईको-टूरिज्म पर जोर

    जागरण संवाददाता, कानपुर। मंडल के धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने सोमवार को मंडल की पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए वर्ष 2026-27 के लिए करीब 31.80 करोड़ की लागत वाली 25 पर्यटन विकास परियोजनाओं के रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की। इन योजनाओं का उद्देश्य धार्मिक स्थलों का संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

    ये परियोजना छह जिलों में लागू

    बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित परियोजनाएं कानपुर मंडल के छह जिलों में लागू होंगी। इनमें कानपुर नगर की सात, इटावा की पांच, कानपुर देहात की पांच, कन्नौज की तीन, फर्रुखाबाद की तीन तथा औरैया की दो परियोजनाएं शामिल हैं। सबसे अधिक फोकस धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, बुनियादी सुविधाओं के विकास और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने पर रहेगा।

    ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान भी रहेगी सुरक्षित

    मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एक करोड़ रुपये तक की सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं नवंबर तक हर हाल में पूरी हों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर तय समयसीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना था कि पर्यटन विकास केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक स्थल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान भी सुरक्षित रहनी चाहिए।

    इन पर्यटन स्थलों को मिलेगी पहचान

    प्रस्तावित कार्यों में कानपुर नगर के बिठूर स्थित ज्वाला देवी मंदिर, बिल्हौर के शंखुला देवी मंदिर, कल्याणपुर के भूतेश्वर महादेव मंदिर और घाटमपुर के मां फूलमती मंदिर के विकास की योजना शामिल है। कानपुर देहात में रसूलाबाद के हनुमान धाम, अकबरपुर-रनियां के मां परहुल देवी मंदिर और सिकंदरा के शिव बागेश्वर मंदिर को पर्यटन मानचित्र पर उभारने की तैयारी है। वहीं इटावा, कन्नौज, फर्रुखाबाद और औरैया के प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए भी पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

    खबरें और भी

    शैक्षिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद

    संस्कृति विभाग ने भी क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए तीन अहम प्रस्ताव प्रस्तुत किए। इनमें कमालगंज के रामलीला मैदान का पुनर्विकास, फर्रुखाबाद में संग्रहालय की स्थापना और कन्नौज में बाल संग्रहालय विकसित करने की योजना शामिल है। इन परियोजनाओं से सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ शैक्षिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

    परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई

    बैठक में पहले से स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। फर्रुखाबाद के आजाद नगर स्थित रामलीला मैदान में लगभग 79.73 लाख की लागत से टिन शेड निर्माण तथा औरैया में लगभग 14.10 करोड़ की लागत से ऑडिटोरियम निर्माण कार्य की स्थिति पर अधिकारियों ने जानकारी दी।

    पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय पर्यटन को नई गति मिलने की संभावना

    प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए फर्रुखाबाद के दफरपुर वेटलैंड के निकट लगभग 4 करोड़ की ईको-टूरिज्म परियोजना भी चर्चा का प्रमुख विषय रही। इस परियोजना में नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर, वाच टावर, योगा पवेलियन, गजेबो और पर्यटक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय पर्यटन को नई गति मिलने की संभावना है। समीक्षा बैठक में वर्ष 2024-25 और 2025-26 की स्वीकृत योजनाओं की प्रगति का भी आंकलन किया गया।