Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Kanpur Weather: फिर बिगड़ा कानपुर का मौसम, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश से मची अफरा-तफरी

    By Anurag ShuklaEdited By: Anurag Shukla
    Updated: Sun, 05 Apr 2026 06:54 PM (IST)

    कानपुर में लगातार दूसरे दिन मौसम खराब रहा, जहां शनिवार और रविवार को तेज आंधी, बारिश, आकाशीय बिजली और भारी ओलावृष्टि हुई। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. शनिवार के बाद रविवार को भी तेज बारिश, ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित

    2. शाम छह बजे शुरू हुई तेज बारिश, करीब 20 मिनट तक ओलावृष्टि

    जागरण संवाददाता, कानपुर। यूपी के कानपुर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली। शनिवार देर शाम तेज आंधी, बारिश, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि ने जमकर कहर बरपाया। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में जमकर ओलावृष्टि हुई। किसानों के लिए मौसम का यह बदलाव भारी नुकसान लेकर आया।

    शनिवार को तूफान और बारिश की कहर के घाव अभी भरे नहीं थे कि रविवार शाम छह बजे मौसम ने फिर जनजीवन प्रभावित कर दिया। कानपुर के मौसम में बदलाव हुआ। घने बादलों और बिजली की कड़कड़ाहट से लोग दहशत में रहे। कुछ ही देर में तेज बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई।

    शहरी क्षेत्र के साथ-साथ चौबेपुर और आसपास के क्षेत्रों में आंधी-पानी के साथ करीब 20 मिनट तक तेज ओलावृष्टि हुई। चौबेपुर में रविवार की शाम तेज हवा के साथ ओलावृष्टि होने से फसलों को भारी क्षति हुई है। करीब 20 मिनट तक ओला गिरने से किसानों को भारी नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। शनिवार को चौबेपुर और शिवराजपुर क्षेत्र में मध्यम वर्षा हुई थी। देर शाम तक किसान अपनी फसलों से पानी निकाल कर उन्हें बचाने के प्रयास करते रहे।

    चौबेपुर में नहर पटरी क्षेत्र में रविवार को तूफानी बारिश के बीच ओलावष्टि से किसानों के माथे पर पसीना ला दिया।कानपुर देहात सीमा के शिवली क्षेत्र की ओर से तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश के बाद 20 मिनट तक ओला गिरने से खेतों में तैयार खड़ी गेहूं,चना की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई। जबकि कुछ दिनो पहले बोई गई मूंग,उड़द की फसल ओले की मार से खराब हो गई।

    खबरें और भी

    कुर्मीखेड़ा, हद्रयपुर, रौतापुर, नाथूपुर, पिपरी आदि गांव में सब्जियों की फसल भी बर्बाद हुई है। यहां के किसान टमाटर ,शिमला मिर्च के साथ लौकी व तरोई की फसल तैयार की थी। रौतापुर के बलराम वर्मा,रधुवीर वर्मा ने बताया कि गांव के तैयार फूल की खेती भी पूरी तरह से खराब हुई है। गेंदा फूल इस समय से निकल रहा था।

    चंपतपुर के गया प्रसाद शुक्ला,कुर्मीखेड़ा के रामसनेही कटियार,मनोह गांव के रत्नेश त्रिवेदी ने बताया कि बारिश व ओला गिरने से टमाटर, खीरा, ककड़ी, खरबूजा, लौकी, कद्दू की फसल को भी नुकसान हुआ है। क्षेत्र के किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आई हैं।

    शिवराजपुर के गौरी अभयपुर,दाहरूदपुर, दहेलिया, भौसाना, सुघरदेवा, सिकंदरपुर, किरतपुर, डिब्बा निवादा, टौड़कापुर, मनोह दिलीपनगर, महाराजनगर में भी ओलावृष्टि से क्षति हुई है। शाम तक किसान अपने खेतों की तैयार खड़ी फसल से पानी निकालने का प्रयास में जुटे रहे। एसडीएम बिल्हौर संजीव दीक्षित ने बताया कि ओलावृष्टि से हुई क्षति का आंकलन कराने के लिए राजस्व टीम को निर्देश दिए गए है।