Updated: Fri, 22 Mar 2024 08:19 AM (IST)
डिफेंस कालोनी जाजमऊ निवासी नजीर फातिमा ने जाजमऊ थाने में सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी के खिलाफ आठ नवंबर 2022 को रिपोर्ट दर्ज कराई ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, कानपुर। सपा विधायक इरफान सोलंकी के खिलाफ आगजनी के मुकदमे में शुक्रवार को फैसला आ सकता है। सपा विधायक की पेशी महाराजगंज जेल से वीडियो काफ्रेंसिंग से कराई जाएगी। बाकी तीन अभियुक्तों को जिला जेल से कोर्ट लाया जाएगा। एक अभियुक्त जमानत पर बाहर है। इसलिए वह खुद अदालत में पेश होगा।
डिफेंस कालोनी जाजमऊ निवासी नजीर फातिमा ने जाजमऊ थाने में सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी के खिलाफ आठ नवंबर 2022 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें कहा गया था कि सात नवंबर 2022 को रात आठ बजे उसका परिवार भाई की शादी में गया था तभी रिजवान सोलंकी, इरफान सोलंकी और उनके साथियों ने घर में आग लगा दी।
साजिश के तहत यह लोग हमेशा प्रताड़ित करते हैं ताकि हम लोग घर छोड़ कर चले जाए और मेरे प्लाट पर कब्जा कर लें। आग से घर की गृहस्थी, फ्रिज, टीवी, सिलेंडर और बाकी सामान जलकर गया। बाद में पुलिस ने विवेचना में शौकत, शरीफ और इजरायल आटे वाले, अनूप यादव, महबूब आलम, शमशुद्दीन, एजाजुद्दीन, मो. एजाज, मुर्सलीन भोलू, शकील चिकना को भी अभियुक्त बनाया था।
इरफान, रिजवान, शौकत, शरीफ और इजराइल आटे वाले के खिलाफ विचारण पूरा हो चुका है। इन पांचों के खिलाफ एमपी एमएलए कोर्ट शुक्रवार को फैसला सुना सकती है। जिला शासकीय अधिवक्ता दिलीप अवस्थी ने बताया कि इरफान सोलंकी की पेशी वीडियो काफ्रेंसिंग से कराई जाएगी।