कानपुर सेंट्रल के प्लेटफार्म सुरंग में प्रसव पीड़ा, RPF की तत्परता से कपड़े का पर्दा बनाया, मां ने दिया बेटे को जन्म
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सीमांचल एक्सप्रेस से यात्रा कर रही एक गर्भवती महिला ने आरपीएफ और मेडिकल टीम की मदद से एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। ऑपरेशन मात ...और पढ़ें

बच्चे को ले जाती एएसआई सुनीता। आरपीएफ
HighLights
सीमांचल एक्सप्रेस में महिला को प्रसव पीड़ा हुई।
कानपुर सेंट्रल पर RPF ने तुरंत सहायता दी।
मेडिकल टीम की मदद से स्वस्थ बच्चे का जन्म।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मुस्तैदी और मेडिकल टीम की तत्परता से एक गर्भवती महिला ने बेटे को जन्म दिया। ट्रेन में ही उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई थी। आपरेशन मातृशक्ति के तहत महिला को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। महिला और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
ट्रेन नंबर 12488 सीमांचल एक्सप्रेस से आनंद विहार टर्मिनल से कटिहार जा रही बिहार की सहरसा निवासी गर्भवती चंदा खातून को कानपुर सेंट्रल पहुंचने पर प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। प्लेटफाम नंबर छह स्थित सुरंग के पास ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह ने तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल रूम में दी। इस पर सहायक उपनिरीक्षक सुनीता मौके पर पहुंचीं और मधुराज क्लीनिक की नर्स कौशिकी व डा. विवेक को बुलाया। वहां कपड़ों की ओट बनाकर प्रसव कराया गया।
मेडिकल टीम की निगरानी में महिला ने एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद नवजात को पहले मधुराज क्लीनिक ले जाया गया और फिर प्रसूता को भी बैट्री रिक्शा से वहां पहुंचाया गया। जांच में मां और नवजात स्वस्थ मिले। दोनों को बेहतर उपचार के लिए उर्सूला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चंदा के ससुर पिंटू ने आरपीएफ और मेडिकल टीम की सराहना की।
इधर, अवैध वेंडरों पर शिकंजा कसने को चलेगा अभियान
ट्रेनों में अवैध वेंडिंग पर रोक लगाने के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आइआरसीटीसी) और जीआरपी ने संयुक्त अभियान चलाने की तैयारी की है। जीआरपी प्रभारी ओमनारायण सिंह ने बताया कि ट्रेनों में कैटरिंग सर्विस के लाइसेंसी टीम के सदस्यों के लिए ड्रेस है। कानपुर से करीब 200 ट्रेनें गुजरती हैं। इन ट्रेनों में अवैध वेंडरिंग पर लगाम लगाने के लिए आइआरसीटीसी का सहयोग करेंगे। जासं