Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अकबरपुर रनियां विधानसभा में सड़कें बनीं और आरओबी मिला, अभी भी फायर स्टेशन-परिवहन का इंतजार बरकरार

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 09:24 PM (GMT+05:30)

    अकबरपुर-रनियां विधानसभा में विधायक प्रतिभा शुक्ला ने सड़क चौड़ीकरण और आरओबी जैसे कई विकास कार्य कराए हैं। हालांकि, मैथा में फायर स्टेशन और सार्वजनिक प ...और पढ़ें

    भाजपा विधायक प्रतिभा शुक्ला।

    भाजपा विधायक प्रतिभा शुक्ला।

    HighLights

    1. किसान नगर-शिवली मार्ग का चौड़ीकरण, आरओबी निर्माण।

    2. मैथा में फायर स्टेशन और परिवहन सुविधा लंबित।

    3. विधायक प्रतिभा शुक्ला लंबित मांगों पर सक्रिय।

    जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। अकबरपुर-रनियां विधानसभा सीट से भाजपा की प्रतिभा शुक्ला लगातार दूसरी बार विधायक हैं। वह प्रदेश सरकार में बाल विकास एवं महिला कल्याण राज्यमंत्री भी हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने क्षेत्र की कई प्रमुख समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया था। बीते कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे हुए हैं, वहीं कुछ अहम मांगों पर अभी भी जनता को इंतजार है।

    क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या किसान नगर-शिवली मार्ग के संकरा और जर्जर होने की थी। चुनाव के दौरान इसे चौड़ा कराने का वादा किया गया था। सरकार बनने के बाद करीब 52 करोड़ रुपये की लागत से इस मार्ग का चौड़ीकरण कराया गया। इससे हल्के और भारी वाहनों का आवागमन सुगम हुआ है तथा करीब 20 गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिला है।

    दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित रूरा रेलवे क्रॉसिंग पर लंबे समय से जाम की समस्या बनी रहती थी। लोगों की मांग पर यहां करीब 38.33 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराया गया। इससे आवागमन आसान हुआ और लोगों को जाम से राहत मिली। इसके अलावा रूरा-शिवली मार्ग का करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण कराया गया।

    तिंगाई-रोशनमऊ मार्ग तथा प्रतापपुर-रास्तपुर मार्ग का निर्माण भी लगभग 10-10 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया। क्षेत्र में कई अन्य संपर्क मार्गों के निर्माण और चौड़ीकरण का कार्य भी पूरा कराया गया है। सड़क निर्माण के अलावा बाल आश्रय गृह, छात्रावास समेत अन्य विकास कार्य भी कराए गए हैं। हालांकि कुछ महत्वपूर्ण मांगें अब भी अधूरी हैं। मैथा और शिवली क्षेत्र के लोग लंबे समय से फायर स्टेशन की मांग कर रहे हैं।

    खबरें और भी

    अकबरपुर विधानसभा में वोटर की संख्या

    • 161414 पुरुष
    • 131152 महिला
    • 09 थर्ड जेडर
    • 292575 कुल

    वर्तमान में आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल माती फायर स्टेशन से पहुंचती है, जिससे काफी समय लग जाता है और कई बार तब तक बड़ा नुकसान हो चुका होता है। लोगों का कहना है कि मैथा में फायर स्टेशन बनने से आपात स्थिति में राहत कार्य तेजी से हो सकेंगे।

    वहीं क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन की स्थिति भी लोगों की चिंता का विषय बनी हुई है। सिटी बस सेवा बंद होने के बाद आवागमन की समस्या बढ़ी है। ई-बस सेवा फिलहाल रनियां तक ही सीमित है, जबकि रूरा, अकबरपुर और शिवली क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा नहीं मिल पा रही है।

    शिवली से चित्रकूट के लिए शुरू की गई बस सेवा भी बंद हो चुकी है। ऐसे में क्षेत्रवासी चाहते हैं कि विकास कार्यों की अगली कड़ी में फायर स्टेशन की स्थापना और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने पर प्राथमिकता से काम किया जाए।

    सदन में की चर्चा व सवालों के दिए जवाब

    सदन में मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कई विषयों पर चर्चा की और अपनी बात रखी, इसके अलावा सदस्यों की ओर से किए गए विभाग संबंधी सवालों का जवाब भी दिया। वह कहती हैं कि सदन में हाजिरी उनकी शतप्रतिशत रही है और विकास कार्य को लेकर शासन व बाकी जगह पत्राचार करने संग ही पैरवी की गई।

    मैथा में फायर स्टेशन प्रस्तावित है, जिसके लिए आवश्यक लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है, वह शासन में पैरवी कर रही हैं और प्रयास है कि इसका जल्द ही काम शुरू कराया जाए जिससे जनता को लाभ मिले। परिवहन व्यवस्था को लेकर मुख्यालय के साथ ही परिवहन मंत्री से भी वार्ता हुई है। इसके साथ ही उन्हें पत्र भी दिया गया है। उन्होंने जल्द ही समस्या निस्तारण का आश्वासन दिया है।

    इसके साथ ही मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के साथ ही माती बस डिपो से जिले के विभिन्न रूटों पर बसों का संचालन किया जा रहा है। क्षेत्र की सड़कों में काफी काम कराया गया है, नवीन थाने बन रहे हैं, जिससे कानून व्यवस्था भी बेहतर होगी। इसके अलावा उनके विभाग की योजनाएं महिलाओं व बच्चों को सही से मिल रही है। इसके लिए बकायदा औचक निरीक्षण भी करती हैं। -प्रतिभा शुक्ला, विधायक व राज्यमंत्री।

     

    क्षेत्र की कई सड़कें खराब पड़ी हैं और जनता परेशान हो गई है। बिजली, स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था में कोई सुधार न हो सका है और लोग आज भी अच्छी सुविधा के इंतजार में राह ताक रहे हैं, फायर स्टेशन नहीं बना, सिटी बस बंद हो गई इसके बाद विकल्प के तौर पर कोई सुविधा नहीं उपलब्ध कराई गई, इस तरफ बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया गया है। -अंबरीश सिंह गौर, कांग्रेस प्रत्याशी।

     

    जनता के बयान

    विधायक विकास कार्य करवाए जाने के लिए पूरी तरह से सक्रिय रही हैं। उन्होंने शिवली कल्याणपुर मार्ग, बैरी रनियां मार्ग तथा शिवली रूरा मार्ग के चौड़ीकरण कराए जाने की बात कही थी जिसे पूरा करा दिया गया है। -रामजी मिश्रा, व्यापारी।

     

    अम्बरपुर से अंदाजा गांव जाने का मार्ग एक किमी अधूरा पड़ा है, यह रास्ता फतेहपुर कुडरा गहलों को जोड़ता है, रास्ता कच्चा है और बरसात में तो कई फीट का पानी भर जाता है यहां से निकलना मुश्किल है। यह समस्या हल नहीं हो सकी है। -संतोष दुबे, अधिवक्ता।

     

    सड़क, गलियों व मंदिरों का भी जीर्णोद्धार कराया गया है, लमहरा के रिंद नदी में पैदल पुल बनवाने के लिए विधायक ने प्रस्ताव बनवाया है। परिवहन सेवा की तरफ थोड़ा ध्यान हो जाए और यह सही हो तो राहत मिले। -प्रमोद कुमार, किसान।

     

    विधायक द्वारा अपने विद्यालय व बाकी जगह जनसुनवाई केंद्र खोलकर लोगों की समस्याओं का समय रहते समाधान कराए जाने की पहल शुरू की, जिससे लोगों को काफी लाभ मिल रहा है। इसके अलावा सड़कों का काफी काम उन्होंने वादे के अनुसार कराया है। -कमल तिवारी, किसान।

    यह भी पढ़ें- बांदा सदर विधानसभा में अपने वोट बैंक वाले क्षेत्र में विकास कराने का आरोप, बुनियादी सुविधाएं हुईं बेहतर