Bhognipur MLA Report Card: औद्योगिक विकास के साथ सड़कों को मिली रफ्तार, पुखरायां जाम से निजात मांग रहे लोग
भोगनीपुर विधायक राकेश सचान ने क्षेत्र में औद्योगिक विकास, सड़क निर्माण और सिंचाई के कई कार्य कराए हैं। हालांकि, पुखरायां मंडी क्रॉसिंग पर जाम, खेल सुव ...और पढ़ें

HighLights
विधायक ने औद्योगिक विकास और प्रमुख सड़कों का निर्माण कराया।
पुखरायां मंडी क्रॉसिंग पर जाम से निजात की मांग।
खेल सुविधाओं और सरौंटा पुल का निर्माण अभी बाकी।
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। कानपुर देहात की भोगनीपुर सीट पर राकेश सचान भाजपा से जीतकर आए और खादी ग्रामोद्योग एवं रेशम उत्पादन मंत्री हैं। अभी तक के कार्यकाल में उन्होंने काम तो क्षेत्र के लिए कराए ही साथ ही जिले के औद्योगिक विकास के लिए भी प्रयास किया जिसमें कई क्षेत्र औद्योगिक पार्क के रुप में विकसित हो रहे हैं।
प्रमुख मार्गों का काम उन्होंने कराया है साथ ही नलकूप भी स्थापित सिंचाई के लिए करवाए।पुखरायां मंडी समिति के पास क्रासिंग पर लगने वाला जाम अभी यहां जनता को दर्द दे रहा साथ ही युवा खेल सुविधा की मांग कर रहे हैं जिस पर अभी कुछ न हुआ है। सरौंटा के पास पुल की भी मांग जनता की अभी लंबित है।
विधायक व मंत्री राकेश सचान भोगनीपुर से मूसानगर जाने वाले मार्ग पर आरओबी का निर्माण कराया है, गोगूमऊ में आरओबी का काम चल रहा है। पैरवी कर पुखरायां स्टेशन को अमृत भारत स्कीम में शामिल कर सुविधाएं बढ़वाईं, एक दर्जन ट्रेनें का ठहराव कराया है। तीन करोड़ से पुखरायां कस्बे के अंदर बस अडडे का निर्माण उन्होंने शासन से स्वीकृत करा दिया है।
इसके अलावा पटेल चौक पर सड़क हादसे होते थे यहां पर ओवरब्रिज स्वीकृत करा दिया है। मुंगीसापुर से बहलरापुर से देवीपुर मार्ग 26 किमी करीब व गजनेर से मूसानगर चौड़ीकरण मार्ग व मनकी घाट तक करीब 24 किमी कराया गया है। बढ़ौली से दुर्वासा आश्रम तक मार्ग बना है चार किमी दूसरे क्षेत्र की छूट रही थी उसको भी स्वीकृत करा दिया है।
खबरें और भी
नबीपुर से तिलौंची तक फोरलेन सड़क डिवाइडरयुक्त बन रही है। वहीं पुखरायां मंडी समिति क्रासिंग के पास जाम लगता है और यहां पर आम लोगों के अलावा व्यापारियों का भी आना जाना होता है। यहां ओवरब्रिज से ही जाम से मुक्ति मिल सकेगी और अभी तक यह बन न पाया है।
इसके अलावा खेल स्टेडियम बन तो रहा लेकिन व काफी दूर गांव क्षेत्र में है, पुखरायां व भोगनीपुर में लोग खेल सुविधा के लिए स्टेडियम की मांग कर रहे जिससे युवाओं को लाभ हो। सरौंटा के पास सेंगुर नदी पर भी पुल की मांग जनता की है जो बन जाए तो सहूलियत हो पर अभी कुछ हुआ न है।
भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र
- पुरुष- 169291
- महिला -136325
- थर्ड जेंडर- 10
मंडी समिति के पास ओवरब्रिज के लिए प्रस्ताव दिया गया है सर्वे कराया जा चुका है और पूरा प्रयास है कि यह जल्द से जल्द बन जाए इसके लिए हम पैरवी कर रहे हैं।इसके अलावा दलेल नगर में भी पुल के लिए सर्वे करा दिया गया है।अमराहट पंप कैनाल का दूसरा चरण चालू कराया गया है व नलकूप बनवाए हैं जिससे सिंचाई आसान हो।पुखरायां कस्बा के बाहर व मूसानगर में भी बस अडडा बनवाया जाएगा इसके लिए स्वीकृति हो गई है।सरौंटा में पुल के लिए सर्वे कराया गया है जल्द ही यहां पर पुल बनेगा और जनता को इसका लाभ मिलेगा।खेल स्टेडियम एक क्षेत्र में बन रहा बाकी प्रयास भी किया जाएगा।
- राकेश सचान विधायक व मंत्री
क्षेत्र में कई सड़कें आज भी खराब हैं, यमुना पटटी के गांव विकास से कोसों दूर आज भी है, पेयजल समस्या यहां व्याप्त है व आने जाने का साधन सही से नहीं है।इसके अलावा स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में कुछ भी सुधार क्षेत्र में न हो सका है, मूसानगर हो या अमरौधा सभी क्षेत्र के लोग परेशान चल रहे हैं।
- नरेंद्र पाल सिंह मनु, रनर अप व सपा प्रत्याशी
ग्रामीणों के बयान
विधायक लोगों के सुख दुख में शामिल होते हैं विकास के काम भी करवाया है। गजनेर मुख्य चौराहे पर स्थित पृथ्वीराज चौहान की खंडित प्रतिमा को भव्य विशाल लगवाने की स्वीकृति दिलाई है, अब प्रतिमा जल्द लगवाई जाए।
अनिल कुमार
क्षेत्र में कई विकास कार्य करवाए हैं, दुवारी गांव में घोषित हुआ औद्योगिक क्षेत्र की प्रक्रिया को तेज किया जाए जिससे हमारे क्षेत्र के बेरोजगार युवकों को रोजगार के अवसर मिल सकें।
शकील अहमद
बीहड़ पट्टी सेंगुर व यमुना नदी के किनारे वाले गांव में जिस तरह से विकास काम होना चाहिए था वह हुआ नहीं है। पेयजल समस्या आज भी बरकरार है व कई जगह की सड़कें बन न सकीं हैं।
राम सिंह, किसान
पटेल चौक पर होने वाली दुर्घटनाओं के मद्देनजर वहां ओवरब्रिज की मांग स्थानीय लोगों ने उठाई थी, इसे मंत्री ने प्रयास कर स्वीकृत कराया है। मंडी समिति के पास ओवरब्रिज और बन जाए तो ठीक रहे।