Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रसूलाबाद विधायक पूनम संखवार के कुछ वादे पूरे, कई पर अब भी इंतजार, बस डिपो की मांग अब भी अधूरी

    Updated: Sun, 19 Jul 2026 10:13 PM (IST)

    रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र में विधायक पूनम संखवार के कार्यकाल में सड़क चौड़ीकरण और पुल निर्माण जैसे कुछ महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं। ...और पढ़ें

    अटीया रायपुर गांव में भूमि पूजन कर सड़क का शिलान्यास करतीं विधायक पूनम संखवार। सौ. ग्रामीण

    अटीया रायपुर गांव में भूमि पूजन कर सड़क का शिलान्यास करतीं विधायक पूनम संखवार। सौ. ग्रामीण 

    HighLights

    1. रसूलाबाद-लहरापुर मार्ग का चौड़ीकरण और झींझक नहर पुल निर्माण हुआ।

    2. झींझक को तहसील बनाने, बस डिपो की मांगें लंबित हैं।

    3. विधायक सक्रिय, लेकिन कई गांवों की सड़कें अब भी बदहाल हैं।

    जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र में लगातार दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है। विधायक पूनम संखवार पहली बार विधानसभा पहुंचीं।

    चुनाव से पहले उन्होंने क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर कई वादे किए थे। कार्यकाल के दौरान कुछ महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर उतरीं, जबकि कई प्रमुख मांगें अब भी पूरी होने का इंतजार कर रही हैं।

    विधायक के प्रयासों से रसूलाबाद-लहरापुर मार्ग का करीब 40 किलोमीटर तक चौड़ीकरण कराया गया। लंबे समय से जर्जर इस मार्ग के बनने से औरैया और कानपुर की ओर आवागमन आसान हुआ है। किसान, व्यापारी और आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिला है।

    क्षेत्र की दूसरी बड़ी उपलब्धि झींझक नहर पुल का निर्माण माना जा रहा है। अंग्रेजों के समय का पुराना पुल जर्जर होने के कारण भारी वाहनों का आवागमन बंद था। इससे व्यापार और परिवहन प्रभावित हो रहा था। विधायक के प्रयासों से पुराने पुल के समानांतर नया पुल बनकर तैयार हो गया, जिससे यातायात सुगम हुआ।

    इसके अलावा कई संपर्क मार्गों का निर्माण कराया गया है। भवनपुर में सामुदायिक विवाह भवन का निर्माण कराया गया, जबकि शहबाजपुर पुल का निर्माण कार्य भी जारी है।

    हालांकि, क्षेत्र के कई गांवों की सड़कें अब भी बदहाल हैं। वहीं, सियारी नाला पुल का निर्माण विभागीय प्रक्रियाओं में उलझा होने के कारण शुरू नहीं हो सका है। वहीं, कई प्रमुख मांगें आज भी अधूरी हैं। झींझक को तहसील बनाने की मांग वर्षों पुरानी है। वर्तमान में लोगों को राजस्व और अन्य कार्यों के लिए डेरापुर तहसील जाना पड़ता है, जिससे 20 से 30 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ता है।

    क्षेत्रवासियों का मानना है कि झींझक तहसील बनने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी। रसूलाबाद में क्षेत्रीय बस डिपो की मांग भी अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। शाम के बाद सार्वजनिक परिवहन की कमी के कारण लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है।

    खबरें और भी

    इसके अलावा चुनाव के समय जोर पकड़ने वाली मंगलपुर और असालतगंज को नगर पंचायत बनाने की मांग तथा कहिंजरी को ब्लाक का दर्जा देने की मांग भी अभी लंबित है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि विधायक के कार्यकाल में कुछ महत्वपूर्ण विकास कार्य जरूर हुए हैं, लेकिन अधूरी परियोजनाओं और लंबित मांगों के पूरा होने का इंतजार अब भी बना हुआ है।

    विकास कार्य को लगाई याचिका

    विधायक की हाजिरी विस सदन में 100 प्रतिशत रही। वह कहतीं हैं कि हर सत्र में सक्रियता से उन्होंने भाग लिया। कई विषयों की चर्चा में बोलने का मौका भी मिला तो अच्छे से अपनी बात रखी, सवाल तो नहीं कई विकास कार्य को लेकर उन्होंने याचिका लगाई जिस पर अमल भी किया गया।

    विधायक का बयान

    झींझक तहसील के लिए सीएम को पत्र दिया जा चुका है व शासन तक पत्राचार किया व पैरवी भी की है, कई गांव का सर्वे भी बीच में हुआ था, वह प्रयासरत पूरी तरीके से हैं कि जल्द इसकी घोषणा हो और जनता को इसका लाभ मिले। वहीं रसूलाबाद बस डिपो के लिए वह प्रयासरत हैं, परिवहन निगम की टीम भी कुछ समय पहले आई थी इसमें कुछ स्थानों पर जमीन देखी गई, प्रयास है कि स्थल का चिह्नांकन हो जाए इसके बाद आगे का काम शुरू हो। वहीं मंगलपुर व असालतगंज को नगर पंचायत बनाने का प्रस्ताव शासन में दिया गया है, जिससे वहां के लोगों को नगरीय सुविधा का लाभ मिल सके और इसके लिए वह लगातार पैरवी कर रहीं हैं। कहिंजरी को ब्लाक बनाने का भी प्रयास चल रहा जमीन देखी गई है। क्षेत्र के प्रमुख मार्गों को चमकाने के साथ ही गांव में भी काफी विकास कराया गया है।

    -पूनम संखवार विधायक रसूलाबाद

     

    विकास के जो दावे व वादे किए गए थे सब धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं और जनता परेशान है। कई सड़कें आज भी बदहाल पड़ी हैं, सीएचसी में स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा नहीं हो सका है प्राइवेट या कानपुर का चक्कर जनता लगा रही है और जेब भी ढीली हो रही है। क्षेत्र में लकड़ी के पुल की समस्या है, परिवहन सेवा में सुधार नहीं हो सका है और डग्गामार के सहारे लोगों को यात्रा करनी पड़ रही है। जनता सब देख रही है और लुभावने वादों में फंसने वाली नहीं है।

    -मनोरमा संखवार, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी

    जनता के बयान

    क्षेत्र में परिवहन की सही व्यवस्था न होने की वजह से लोग डग्गामार वाहनों का सहारा ले रहे हैं मजबूरी में कई बार लोग लटक कर भी यात्रा करते हैं जिससे जानमाल का खतरा रहता है। इस तरफ ध्यान दिया जाना चाहिए था जिससे जनता को लाभ मिलता।

    -आशुतोष भदौरिया

     

    क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए किए गए प्रयास सराहनीय हैं। सड़क, बिजली, पानी और जनसुविधाओं के क्षेत्र में हुए कार्यों से लोगों को लाभ मिला है। आगे भी जनहित के कार्यों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए हम ऐसी ही आशा करते हैं।

    - गोपाल वाजपेई

     

    क्षेत्र के विकास के लिए विधायक लगातार प्रयासरत रही हैं उनके द्वारा झींझक में नहर पर पुल बनवाया गया है। तहसील बनाने के मुद्दे पर कई बार सीएम के सामने इसे प्रस्तुत किया गया। जनता दरबार लगाकर भी वह क्षेत्र की समस्याओं को सुनतीं हैं व हल करातीं हैं।

    -मोहित शुक्ला

     

    लहरापुर रसूलाबाद मार्ग बहुत जरूरी था जो कि बन गया है, गांव की भी कई सड़क बनी है। विधायक ने सक्रिय रहकर काम कराए हैं, नगर पंचायत भी बन जाए तो काफी सही रहे। क्षेत्र में भी वह आती रहतीं हैं।

    -अश्वनी सिंह