कासगंज में गंगा का जल स्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर, कछला घाट पर प्रशासन अलर्ट; नहाने पर लगाई रोक
कासगंज में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंच गया है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने कछला घाट पर सुरक्षा बढ़ा दी है। दक्षिणी घाट पर स्नान प्रतिबंधित ...और पढ़ें

कासगंज में बुधवार को गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु पार कर गया।
जागरण संवाददाता, कासगंज। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बुधवार को जिला प्रशासन ने ऐहतियाती कदम उठाते हुए कछला गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष की बुधवार सुबह आठ बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार कछला पुल (सीडब्ल्यूसी) पर गंगा का जलस्तर 161.820 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी स्तर 161.800 मीटर है।
इस प्रकार गंगा चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है। हालांकि जलस्तर अभी खतरे के निशान 162.400 मीटर से लगभग 0.58 मीटर नीचे है और फिलहाल स्थिति स्थिर बनी हुई है।
बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार चौधरी चरण सिंह बैराज से लगभग 46,443 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान सामान्य वर्षा दर्ज की गई है, लेकिन ऊपरी क्षेत्रों से आने वाले पानी के कारण गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन ने नदी किनारे के क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी है।
बाढ़ नियंत्रण विभाग ने स्पष्ट किया है कि गंगा के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। यदि जलस्तर में और वृद्धि होती है तो आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा एवं राहत संबंधी कदम तत्काल उठाए जाएंगे।अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने का प्रयास न करें।
किसी भी प्रकार की लापरवाही या जोखिम भरा कदम जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की भी अपील की है।
दक्षिण घाट पर स्नान पर प्रतिबंध
प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से कछला गंगा घाट पर सोरों की ओर बने दक्षिण घाट पर स्नान पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। श्रद्धालुओं को केवल बदायूं की ओर बने सुरक्षित घाट पर ही स्नान करने की अनुमति दी गई है। घाट पर पुलिस, पीएसी और स्थानीय प्रशासन की टीमें तैनात हैं, जो श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर स्नान कराने के साथ-साथ नदी के गहरे हिस्सों में जाने से रोक रही हैं।
खबरें और भी
हरिद्धार, बिजनौर, नरौरा से पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है। जिससे गंगा के जलस्तर में हर रोज बढोतरी हो रही है। प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। निगरानी बनाए हुए है। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने का प्रयास न करें।
संदीप जैन, एसडीओ, सिचाई विभाग।