कासगंज: हॉस्टल में छात्रा आत्महत्या प्रकरण में नया मोड़, कस्तूरबा गांधी स्कूल में वार्डन की जिम्मेदारी पर उठे सवाल
कासगंज के कस्तूरबा गांधी स्कूल में छात्रा अनन्या की आत्महत्या के मामले में वार्डन की जिम्मेदारी पर सवाल उठे हैं। प्रभारी वार्डन राधा सक्सेना पर आरोप ह ...और पढ़ें

कासगंज में कस्तूरबा गांधी विद्याालय।
जागरण संवाददाता, कासगंज। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका उच्चीकृत विद्यालय के छात्रावास में कक्षा 10 की छात्रा अनन्या की मौत के मामले की जांच के दौरान वार्डन की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठे हैं। छात्रावास की प्रभारी एवं मुख्य वार्डन राधा सक्सेना की बेटी मढ़ी सक्सेना द्वारा कार्य किए जाने की बात सामने आई है, जबकि प्रभार वार्डन सुनीता के पास था।
आरोप है कि प्रभारी राधा सक्सेना विद्यालय से छुट्टी लेकर गई थी और अपनी बेटी मढ़ी को विद्यालय में ही छोड़ गई थी। सिढपुरा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका उच्चीकृत विद्यालय में 28 जुलाई की रात कक्षा 10 वीं की 16 वर्षीय छात्रा अनन्या मिश्रा उर्फ अंभिका ने आत्महत्या कर ली थी। स्वजन ने विद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी।
इसके बाद जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू की। प्रशासन का कहना है कि जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निष्पक्ष ढंग से की जा रही है। वार्डन व्यवस्था, ड्यूटी निर्धारण, छात्रावास की निगरानी तथा घटना के समय की परिस्थितियों सहित प्रत्येक बिंदु की पड़ताल की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक इस संबंध में किसी अधिकारी द्वारा आधिकारिक पुष्टि या अंतिम निष्कर्ष जारी नहीं किया गया है।
मैं छुट्टी लेकर अपनी दवा लेने बाहर गई हुई थी। अपने अवकाश के दौरान मैंने विद्यालय का प्रभार वार्डन सुनीता को सौंप दिया था। घर पर कोई नहीं होने के कारण मैं अपनी बेटी को विद्यालय में छोड़ गई थी।मेरी बेटी पर जो आरोप लगाए जा रहे हैं कि वह मेरी जगह ड्यूटी कर रही थी, वे पूरी तरह निराधार हैं। यदि मेरी बेटी ही मेरी जगह कार्य कर रही होती, तो मैं विद्यालय का प्रभार सुनीता को क्यों सौंपकर जाती? मेरी बेटी पर लगाए जा रहे सभी आरोप बेबुनियाद हैं।
राधा सक्सेना, वार्डन, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, सिढ़पुरा।
अनन्या आत्महत्या कांड में स्वजन की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक बिंदु की पड़ताल की जा रही है। चपरासी निखिल श्रोती और चौकीदार संतोषी से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।
प्रदीप मलिक, थानाध्यक्ष, सिढपुरा।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, सिढ़पुरा की छात्रा अनन्या की मृत्यु के मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। वार्डन राधा सक्सेना द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण सहित सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच होगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
विकास कुमार, बीएसए, कासगंज।