कासगंज में युवती की हत्या: घर से 1 KM दूर मिली नग्न लाश, लाखों का कैश और गहने लेकर हुई थी गायब
कासगंज में 23 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई, जिसका शव घर से एक किमी दूर खेत ...और पढ़ें
HighLights
कासगंज में 23 वर्षीय युवती की गला रेतकर नृशंस हत्या।
घर से तीन लाख रुपये और गहने लेकर हुई थी गायब।
पुलिस प्रेम प्रसंग और दुष्कर्म की आशंका पर कर रही जांच।
जागरण संवाददाता, कासगंज। 23 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वह अपने घर से बड़ी बहन को नशीला पदार्थ खिलाकर तीन लाख रुपये और गहने लेकर मंगलवार रात को घर से निकली थी। गहने और नकदी गायब हैं। उसका शव उसके घर से एक किमी दूर एक खेत में लगी सबमर्सिबल के कमरे की छत पर मिला है।
सबमर्सिबल के मालिक सुबह सात बजे चिड़ियों को दाना डालने छत पर गए तब खून से लथपथ युवती का शव देखी और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है। दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है।
शहर के मुहल्ला निवासी की 23 वर्षीय बेटी मंगलवार रात अपनी बड़ी बहन के साथ एक ही कमरे में सो रहीं थीं। स्वजन ने बताया कि युवती रात में अपनी बड़ी बहन को नशीला पदार्थ खिलाकर घर से करीब तीन लाख रुपये और गहने लेकर चुपचाप निकल गई।
युवती ने बड़ी बहन को खिलाया था नशीला पदार्थ, चुपके से निकल गई
मां रात दो बजे किसी कार्य से उठीं तो बेड पर नेहा नहीं मिली। स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार सुबह बरेली-कासगंज पुराने बंद रेलवे ट्रैक के निकट स्थित कासगंज के मोहल्ला जय-जयराम निवासी फतेह सिंह अपने खेत पर लगी सबमर्सिबिल के कमरे की छत पर चिड़ियों को दाना डालने के लिए पहुंचे तब युवती का शव देखा। युवती का गला रेता हुआ था और शरीर पर कपड़े नहीं थे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम से जांच कराई। डॉग स्क्वॉयड ने भी आसपास के क्षेत्र में सुराग तलाशे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी युवती
मां ने बताया कि युवती छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी बडी बहन की शादी अक्टूबर में प्रस्तावित थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें- UP Weather: आज से बारिश का नया दौर शुरू, लखनऊ समेत 40 जिलों में होगी अच्छी बरसात
एसपी बोले-सीसीटीवी खंगाले जा रहे
एसपी ओपी सिंह ने बताया पुलिस ने युवती के मोबाइल फोन, घर से निकलने के समय, रुपये और जेवर तथा उसके संपर्क में रहे लोगों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले जा रहे है।
