अब हाईटेक होगी कड़ा धाम की सुरक्षा, 86 लाख से बनेगा मॉडर्न कंट्रोल रूम; 24 घंटे होगी मंदिर परिसर की निगरानी
कौशांबी के शक्तिपीठ कड़ाधाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 86 लाख रुपये की लागत से एक आधुनिक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। यह कंट्रोल रूम मंदिर परिसर, क ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कौशांबी। शक्तिपीठ कड़ाधाम की सुरक्षा अब हाईटेक होगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए एक आधुनिक कंट्रोल रूम का निर्माण कराया जाएगा। इस हाईटेक कंट्रोल रूम के जरिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की 24 घंटे निगरानी की जाएगी, जिससे भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा। इसके अलावा कुबरी गंगा घाट पर भी तीसरी आंख की कड़ी पहरेदारी रहेगी।
देश की 51 वीं शक्तिपीठ में शामिल कड़ाधाम में मां शीतला के दर्शन के लिए प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु व पर्यटक आते हैं। कड़ाधाम की सुरक्षा व्यवस्था को अब हाईटेक बनाया जाएगा। प्रशासन ने तीर्थ क्षेत्र में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और सुरक्षा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए करीब 86 लाख रुपये की लागत से एक आधुनिक कंट्रोल रूम बनाने की योजना तैयार की है।
क्या है उद्देश्य?
इस पहल का उद्देश्य पूरे परिसर की निगरानी को अधिक प्रभावी और तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है। नए कंट्रोल रूम में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे, डिजिटल मानीटरिंग सिस्टम और रियल-टाइम अलर्ट सुविधा उपलब्ध होगी। इसके जरिए मंदिर परिसर, प्रवेश द्वार, पार्किंग स्थल, कुबरी गंगा घाट के साथ आसपास के प्रमुख स्थानों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा सकेगी।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव होगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत हो जाएगी। इनकी सुविधा के लिए कड़ाधाम में पर्यटन विभाग की ओर से आधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित करने की कवायद शुरू करते हुए डीपीआर शासन को भेज दिया है। शासन से मंजूरी मिलते ही कुबरी घाट के समीप आधुनिक कंट्रोल रूप की स्थापना की जाएगी।
खबरें और भी
एक ही जगह से होगी सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ की मानीटरिंग
हाईटेक कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं की मानीटरिंग की जा सकेगी। इससे शीतला शाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों की हर गतिविधि पर पुलिस की सीधी और सटीक नजर बनी रहेगी।
कंट्रोल रूम में मिलेंगी यह अत्याधुनिक सुविधाएं
कड़ाधाम में बनाए जाने वाले इस कंट्रोल रूम भवन में सीसी रोड, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, बाह्य जलमल निकासी व्यवस्था, पूरी तरह वातानुकूलित तंत्र के साथ हाई-स्पीड इंटरनेट जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल की गई हैं।
रात में भी तीसरी आंख करेगी पहरेदारी
इस परियोजना के तहत हाई-रेजोल्यूशन कैमरे लगाए जाएंगे, जो रात के समय भी स्पष्ट दृश्य प्रदान करेंगे। साथ ही, कंट्रोल रूम को पुलिस और स्थानीय प्रशासन से सीधे जोड़ा जाएगा, ताकि किसी भी घटना की सूचना तुरंत संबंधित विभाग तक पहुंचे।
भीड़ नियंत्रण में अहम भूमिका निभाएगा कंट्रोल रूम
त्योहारों और विशेष अवसरों पर कड़ाधाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, जिससे भीड़ प्रबंधन एक बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे में यह हाईटेक कंट्रोल रूम न केवल सुरक्षा बल्कि भीड़ नियंत्रण में भी अहम भूमिका निभाएगा। डिजिटल निगरानी से भीड़ के प्रवाह को नियंत्रित करने और संभावित अव्यवस्थाओं को रोकने में मदद मिलेगी।
श्रद्धालुओं को मिलेगा सुरक्षित वातावरण
इस पहल से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिलेगा, वहीं प्रशासन को भी बेहतर निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया की सुविधा प्राप्त होगी। कुल मिलाकर, यह परियोजना कड़ाधाम को एक आधुनिक और सुरक्षित धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कुबरी गंगा घाट के समीप कंट्रोल रूम स्थापित कराए जाने का प्रस्ताव है। जिसका डीपीआर भी तैयार कराकर शासन को भेजा जा चुका है। इस कंट्रोल रूम पर करीब 86 लाख रुपये खर्च होंगे। कंट्रोल रूम बनने के बाद धाम की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित हो जाएगी। - कीर्तिमान श्रीवास्तव, जिला पर्यटन अधिकारी